शोध – Research Diary https://researchdiary.in Research Diary Wed, 29 Jul 2026 03:39:47 +0000 en-US hourly 1 https://wordpress.org/?v=7.1.4 https://researchdiary.in/wp-content/uploads/2023/07/cropped-Research-Diary-Logo-32x32.jpeg शोध – Research Diary https://researchdiary.in 32 32 पुण्य तिथि, 30 जुलाई, 1942 की याद – अन्वेषक अमर सिंह रावत के अमर उद्यमीय प्रयास https://researchdiary.in/amar-singh-rawat/ https://researchdiary.in/amar-singh-rawat/#respond Wed, 29 Jul 2026 03:39:47 +0000 https://researchdiary.in/?p=21738

पुण्य तिथि, 30 जुलाई, 1942 की याद – अन्वेषक अमर सिंह रावत के अमर उद्यमीय प्रयास

By – Arun kuksal

सीरौं गांव (पौड़ी गढ़वाल) के महान अन्वेषक और उद्यमी अमर सिंह रावत सन् 1927 से 1942 तक कंडाली, पिरूल और रामबांस के कच्चेमाल से व्यावसायिक स्तर पर सूती और ऊनी कपड़ा बनाया करते थे। उन्होने सन् 1940 में मुम्बई (तब का बम्बई) में प्राकृतिक रेशों से कपड़ा बनाने के कारोबार में काम करने का 1 लाख रुपये का ऑफर ठुकरा कर अपने गढ़वाल में ही स्वःरोजगार की अलख जगाना बेहतर समझा। परन्तु हमारे गढ़वाली समाज ने उनकी कदर न जानी। आखिर में उनके सपने और आविष्कार उनके साथ ही विदा हो गये।

पौड़ी (गढ़वाल) के असवालस्यूं पट्टी का सिरमौर गांव है ‘सीरौं’। आबादी, खेती, पशुधन और जीवटता में जीवंत। राजनेता तीरथ सिंह रावत इसी गांव के हैं। बात अतीत की करें तो उत्तराखंड में सामाजिक चेतना की अलख़ जगाने वालों में 3 अग्रणी व्यक्तित्व इसी गांव से ताल्लुक रखते थे। अन्वेषक एवं उद्यमी अमर सिंह रावत, आर्य समाज आंदोलन के प्रचारक जोध सिंह रावत और शिक्षाविद् डाॅ. सौभागयवती। यह भी महत्वपूर्ण है कि गढ़वाल राइफल के संस्थापक लाट सुबेदार बलभद्र सिंह नेगी के पूर्वज भी इसी गांव से थे।

अमर सिंह रावत का जन्म 13 जनवरी, 1892 को सीरौं गांव में हुआ था। उन्होने कंडारपाणी, नैथाना एवं कांसखेत से प्रारम्भिक पढ़ाई की। मिडिल (कक्षा-7) के बाद स्कूली शिक्षा से उनका नाता टूट गया। परन्तु जीवन की व्यवहारिकता से जो सीखने-सिखाने का सिलसिला शुरू हुआ वह जीवन पर्यन्त चलता रहा। उनका पूरा जीवन यायावरी में रहा। उन्होने जीवकोपार्जन के लिए सर्वप्रथम सर्वे ऑफ इंडिया, देहरादून में नौकरी की थी। नौकरी रास नहीं आयी तो रुड़की में टेलरिंग का काम सीखा और दर्जी की दुकान चलाने लगे। विचार बदला तो नाहन (हिमांचल प्रदेश) में अध्यापक हो गए। वहां मन नहीं लगा तो दुगड्डा (कोटद्वार) में अध्यापकी करने लग गए। वहां से लम्बी छलांग लगा कर लाहौर पहुंचकर आर्य समाज के प्रचारक हो गए। फिर कुछ महीनों बाद गढ़वाल आ गए और आर्य समाज के प्रचारक बन गांव-गांव घूमने लगे। इस बीच डीएवी स्कूल, दुगड्डा में उन्होने प्रबंधकी भी की।

संयोग से जोध सिंह नेगी (सूला गांव) जो कि उस समय टिहरी रियासत में भू बंदोबस्त अधिकारी के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत थे से उनका परिचय हुआ। जोध सिंह नेगी उनको अपने साथ टिहरी ले गये। अब अमर सिंह टिहरी रियासत के बंदोबस्त विभाग में काम करने लगे। जोध सिंह नेगी ने भू बंदोबस्त अधिकारी का पद छोड़ा तो उन्हीं के साथ वापस पौड़ी आ गए। जोध सिंह नेगी ने ‘गढ़वाल क्षत्रीय समिति’ के तहत 15 जनवरी, 1922 से ‘क्षत्रीय वीर’ समाचार पत्र का पौड़ी से प्रकाशन आरम्भ किया। अमर सिंह उसमें मुख्य सहायक के रूप में कार्य करने लगे।

मन-मयूर फिर नाचा और अमर सिंह करांची चल दिए और आर्य समाज के प्रचारक बन वहीं घूमने लगे। इस दौरान कोइटा (बलूचिस्तान) में भी प्रचारिकी की। लगभग 20 साल की घुम्मकड़ी के बाद ‘जैसे उड़ि जहाज को पंछी, फिर जहाज पर आयो’ कहावत को चरितार्थ करते हुए सन् 1927 में अपने गांव सीरौं वापस आ गए।

अब शुरू होता है उनका असली काम। सीरौं आकर अमर सिंह रावत ग्रामीण जनजीवन की दिनचर्या को आसान बनाने और उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए नवीन प्रयोगों में जुट गए। विशेषकर स्वःरोजगार के लिए उनके अभिनव प्रयोग ग्रामीण समाज में लोकप्रिय होने लगे। उन्होने अपने घर का नाम ‘स्वावलम्बी शिक्षा सदन’ रखा और घर के मुख्य द्वार पर ‘स्वदेशी में ही स्वराज्य है’ आदर्श वाक्य अंकित किया था। यह प्रेरणादाई वाक्य आज भी उनके भवन में अपनी गौरवमयी मौजूदी के साथ दिखाई देता है।

उन्होने सीरौं के नजदीकी गांवों यथा- नाव, चामी, ऊंणियूं, देदार, कंडार, रुउली, खुगशा, किनगोड़ी, सुरालगांव, जैथोलगांव, पीपला, सरासू, डुंक आदि के युवाओं के साथ मिलकर स्थानीय खेती, वन, खनिज एवं जल सम्पदा के बारे में लोकज्ञान, तकनीकी और उपलब्ध साहित्य का अध्ययन किया। साथ ही ग्रामीणों के साथ मिल कर इन संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए नवीन एवं सरल तकनीकी को ईजाद किया।

अमर सिंह रावत ने नवीन खोज, प्रयोग एवं तकनीकी से सुविधायुक्त और अधिक मात्रा में सूत कातने का चरखा, अनाज पीसने एवं कूटने की चक्की, पवन चक्की, साबुन, वार्निश, इत्र, सूती एवं ऊनी कपड़े, रंग, कागज, ब्लौटिंग पेपर, सीमेंट आदि उत्पादों का निर्माण किया और लोगों को इन उत्पादों को बनाना और इस्तेमाल करना सिखाया।

उल्लेखनीय है कि अमर सिंह रावत उस काल में अपने गांव सीरौं में रहते हुए व्यावसायिक तौर पर 42 प्रकार के उत्पादों का निर्माण, उत्पादन और विक्रय किया करते थे।

अमर सिंह रावत ने अपने आविष्कारों में इस विचार को प्रमुखता दी कि ग्रामीण जनजीवन के कार्य करने के तौर-तरीकों में सुधार लाया जाय तो इससे आम आदमी के समय, मेहनत और धन को बचाया जा सकता है। महिलाओं के कार्य कष्टों को कम करने के दृष्टिगत उन्होने दो तरफ अनाज कूटने की गंजेली बनाई। यह गंजेली एक पांव से दबाने पर बारी-बारी दोनों ओर से ओखली में भरे अनाज को आसानी से कूटती थी। सन् 1930 में अनाज पीसने के लिए सीरौं गांव की धार में ‘पवन चक्की’ को स्थापित किया था। इस पवन चक्की को उन्होने पहले ‘अमर चक्की’ फिर बाद में उसमें आवश्यक सुधार करके सन् 1934 में तत्कालीन गढ़वाल जिला बोर्ड की शिक्षा समिति के अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी से प्रभावित होकर ‘जगमोहन चक्की’ नाम दिया। अनाज पीसने के लिए उनकी बनाई इस ‘पवन चक्की’ का उपयोग असवालस्यूं इलाके के कई गांवों के ग्रामीणों ने वर्षों तक किया था।

उन्होने सुरई के पौधे से वार्निश, विभिन्न झाड़ियों से प्राकृतिक रंग, खुशबूदार पौंधों से इत्र एवं साबुन, मंडुवा, धान, मक्का, झंगौरा के डंठलों और घासों के पल्प और प्राकृतिक रेशों की कताई-बुनाई के बाद उसके अवशेषों से कागज एवं ब्लोटिंग पेपर बनाया। उन्होने मुलायम पत्थरों से सीमेंट बना कर कई घरों का निर्माण किया जिनकी मजबूती बरकरार है। आज भी सीरौं गांव में उनके पैतृक भवन पर स्थानीय पत्थरों से तैयार सीमेंट उनके अदभुत प्रयासों की याद दिलाता है।

अमर सिंह ने भीमल, भांग, कंडाली, सेमल, खगशा, मालू तथा चीड़ आदि की पत्तियों से ऊनी कपड़े तैयार किये। चीड़ के पिरूल से ऊनी और सूती बास्कट (जैकेट) बनायी जिसे वे और उनके साथी पहनते थे। पिरूल से बनी जैकेट को उन्होने जवाहर लाल नेहरू को भेंट की थी। इस जैकेट को उन्होने ‘जवाहर बास्कट’ नाम दिया था। नेहरू ने उनके काम को सराहा और इस काम को आगे बढ़ाने के लिए मदद का आश्वासन दिया था। परन्तु नेहरू की बातें कोरी ही सिद्ध हुईं, उनकी तरफ से पत्राचार के अलावा कुछ नहीं हुआ।

सन् 1940 में नैनीताल में आयोजित ‘कुमाऊं कला कौशल प्रर्दशनी’ में अमर सिंह रावत ने अपनी टीम एवं उत्पादों के साथ भाग लिया। इस प्रर्दशनी में मुम्बई से प्रसिद्ध उद्योगपति सर चीनू भाई माधोलाल बैरोनेट भी आये थे। अमर सिंह रावत के स्थानीय वनस्पतियों यथा- कंडाली, पिरूल, रामबांस से ऊनी और सूती कपड़ों के उत्पाद जैसे बास्कट, कमीज, टोपी, मफलर, कुर्ता, दस्ताने, मोजे, जूते आदि बनाने के फार्मूले और कार्ययोजना को उद्योगपति सर चीनू भाई ने 1 लाख रुपये में खरीदना चाहा और अमर सिंह रावत को मुम्बई आकर उनके साथ साझेदारी में उद्यम लगाने की पेशकश की थी।

अमर सिंह ने उद्यमी चीनू भाई को दो टूक जबाब दिया कि ‘‘यदि यह उद्योग वो गढ़वाल में लगायें तो वे उनके साथ काम करने को तैयार हैं।’’ अमर सिंह रावत की मंशा यह थी कि इससे गढ़वाल के लोगों को रोजगार मिलेगा। उद्योगपति चीनू भाई मुम्बई में ही उद्यम लगाना चाहते थे। अतः बात नहीं बन पाई। उसके बाद अमर सिंह रावत ने स्वयं ही अपने गांव के आस-पास उद्यम लगाने के प्रयासों में लग गए।

‘मेरे बड़े भाई जी’ लेख में जोध सिंह रावत ने इस प्रसंग को इस प्रकार लिखा है कि ‘‘चीड़ ऊन की चीजों को देखकर नैनीताल की कुमांऊ प्रदर्शनी के अवसर पर बम्बई के प्रसिद्ध उद्योगपति सर चीनू भाई माधोलाल बैरोनेट उन पर मोहित हो गये थे और उस सारी योजना और फारमूला को खरीदने के लिए तैयार हो गए थे, लेकिन उन्हीं दिनों बड़ी लड़ाई छिड़ गई। फिर भी वे एक लाख रुपये देने को तैयार हो गये थे। पर एक जटिल सवाल पर वह बात अटक गई। जब भाईजी ने पूछा कि- ‘यह स्कीम कहां चलाई जायेगी?’ तब चीनू भाई ने उत्तर दिया कि ‘बम्बई में चलेगी और मेरे नाम से चलेगी।’ भाईजी ने कहा कि ‘इस स्कीम में मेरा और गढ़वाल का नाम भी होना चाहिए, मैं रुपयों के लालच में गढ़वाल का नाम नहीं बेच सकता हूं, रुपये तो अधिक समय तक मेरे पास रहेंगे नहीं, और यह बात हमेषा मेरे दिल में चुभती रहेगी।’…इस प्रकार से वह बना-बनाया काम बिगड़ गया था।’’

उल्लेखनीय है कि अप्रैल, 1942 में तत्कालीन जिला पंचायत, पौड़ी ने उनके कंडाली, रामबांस, पिरूल, भांग, भीमल आदि से कपड़ा बनाने की कार्ययोजना के लिए 8 हजार रुपये का अनुदान मंजूर किया था। यह तय हुआ कि पौड़ी (गढ़वाल) की बाली-कंडारस्यूं पट्टी के चैलूसैंण/चिपलघाट में अमर सिंह रावत के सभी प्रयोगों को व्यावसायिक रूप देने के लिए यह उद्यम लगाया जायेगा। पर वाह! रे हम गढ़वालियों की बदकिस्मती। दिन-रात की भागदौड़ की वज़ह से अमर सिंह रावत की तबियत बिगड़ गई। कई दिनों तक बीमार रहने पर सतपुली के निकट बांघाट अस्पताल में 30 जुलाई, 1942 को अमर सिंह रावत का निधन हो गया। सारी योजनायें धरी की धरी रह गयी। उनके सपने उन्हीं के साथ सदा के लिए चुप हो गये।

अमर सिंह रावत की मृत्यु के बाद उनके परम मित्र और गढ़वाल के प्रथम लोकसभा सदस्य भक्त्तदर्शन ने सन् 1952 में अमर सिंह रावत के आविष्कारों की कार्ययोजना बनाकर प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के सामने प्रस्तुत की थी। नेहरू ने सकारात्मक टिप्पणी के साथ संबधित अधिकारियों को फाइल भेजी। इस पर सरकार की ओर से कुछ सकारात्मक प्रयास भी हुये। पर बात आगे नहीं बढ़ पायी।

अमर सिंह रावत के छोटे भाई जोध सिंह रावत ने उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। ‘मेरे बड़े भाई जी’ लेख में जोध सिंह रावत ने अमर सिंह रावत की स्मृति में कण्वाश्रम (कोटद्वार) के गुरुकुल महाविद्यालय और अपने पैतृक गांव सीरौं के निकट रमाड़डांग कालेज में भवन निर्माण में आर्थिक सहयोग का उल्लेख किया है।

अमर सिंह रावत ने सन् 1927 से 1942 तक लगातार स्थानीय संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के लिए नवीन तकनीकी एवं उत्पादों का विकास किया। उनका घर नवाचारों की प्रयोगशाला थी। अपने आविष्कारों की व्यवहारिक सफलता के लिए उन्होने धर की जमा पूंजी तक खर्च कर दी थी। वे उस समय के लोकप्रिय साप्ताहिक समाचार पत्र ‘कर्मभूमि’ में अपने शोधपूर्ण प्रयासों के बारे में नियमित आलेख लिखा करते थे। उन्होने अपने आविष्कारों को व्यवाहारिक रूप देने के साथ उन्हें लिपिबद्व भी किया था। विभिन्न उत्पादों की निर्माण तकनीकी एवं फार्मूलों को उल्लेखित करते हुए सन् 1940 में ‘पर्वतीय प्रदेशों में औद्योगिक क्रांति’ पुस्तक को तैयार किया। परन्तु आर्थिक अभावों के कारण वे इस पुस्तक को प्रकाशित नहीं करा पाये थे। बाद में भक्त्तदर्शन ने इस किताब को सन् 1983 में प्रकाशित किया था।

इस पुस्तक में अमर सिंह रावत की खोजों को व्यवाहारिक रूप देने के लिए भक्त दर्शन द्वारा किये गये प्रयासों के तहत तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और अन्य अधिकारियों से हुए पत्राचारों को भी हूबहू शामिल किया गया है। ‘मेरे बड़े भाई जी’ लेख में जोध सिंह रावत ने अमर सिंह रावत के व्यक्तित्व और कृतित्व के साथ तत्कालीन हालातों का जिक्र किया है। इसी किताब में अमर सिंह रावत के साप्ताहिक ‘कर्मभूमि’ (लैंसडौन) के 1 अप्रैल, 1940 के ‘नव-वर्षांक’ में प्रकाशित लेख ‘मेरी खोज और अनुभव’ का भी उल्लेख है। इस लेख में अमर सिंह रावत ने अपनी मार्मिक व्यथा को व्यक्त करते हुए लिखा है कि ‘‘मैं जिन अवसरों को ढूंढ़ रहा था, वे भगवान ने मुझे प्रदान किये। परन्तु मैं उनका कैसे उपयोग करूं यह समस्या मेरे सामने है। मेरी खोंजों का व्यवहारिक रूप देने के लिए यथोचित संसाधन नहीं हैं। अब तक इस पागलपन में मैं अपनी संपूर्ण आर्थिक शक्त्ति को खत्म कर चुका हूं। यहां तक कि स्त्री-बच्चों के लिए भी कुछ नहीं रखा है। अब केवल मेरा अपना शरीर बाकी है। यदि गढ़वाल के लोग मुझसे कुछ सेवा चाहते हैं, मेरे जीवन से लाभ उठाना चाहते हैं, तो आगे आवें,…चीड़-ऊन तथा अन्य वस्तुओं के लिये मेरी योजनायें तैयार हैं, पर आवश्यकता है साहस के साथ आगे बढ़ने वालों की !!!’’

‘पर्वतीय प्रदेशों में औद्योगिक क्रांति’ के संपादकीय वक्तव्य में भक्त दर्शन ने लिखा है कि ‘‘इस पुस्तक को पढ़ने से पाठकों को ज्ञात हो जायेगा कि स्वर्गीय रावत जी कितने विलक्षण एवं मेघावी अन्वेषक थे। अपने दीर्घकालीन प्रयत्नों में उन्होने अपना सब कुछ निछावर कर दिया था। पिता की सम्पत्ति, अपनी कमाई और सहयोगियों की सहायता।….सीरौं गांव में उनका मकान वर्कशाप, स्टूडियो और लेबोरेटरी का एक अद्भुत सम्मिश्रण बन गया था। अपने उस मकान पर उन्होने ‘स्वावलम्बी शिक्षा सदन’ और ‘स्वदेशी में ही स्वराज्य है’ सरीखे आदर्श वाक्य अंकित किये हुए थे। पर उन आविष्कारों की धुन में उनकी आर्थिक स्थिति चिन्तापूर्ण हो गई थी और उन्हें यह चिन्ता सताती रहती थी कि वे सम्भवतया अपनी पुस्तक को भी छपा नहीं सकेंगे।’’

‘पर्वतीय प्रदेशों औद्योगिक क्रांति’ पुस्तक को भक्त्त दर्शन ने अपने प्रयासों से गढ़वाल-कुमाऊं के सभी 95 विकासखंडों, जनपदीय उद्योग कार्यालयों और राजकीय पुस्तकालयों में भिजवाया था। उनका विचार था कि यह पुस्तक स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों से नवीन स्वःरोजगार के अवसर विकसित करने में विकासकर्मियों के मार्गदर्शन के काम आयेगी। पर ‘देवो! क्य ब्यन तब’। शायद ही किसी सरकारी एवं गैर सरकारी नुमाइंदे ने इस पुस्तक को गम्भीरता से कभी लिया भी हो।

उद्यमी अमर सिंह रावत उन महानुभावों में हैं जिनको जमाना उस समय से लेकर आज तक नहीं पहचान पाया। यदि उनकी खोजी योग्यता को समय पर यथोचित मदद मिल जाती तो उत्तराखंड के औद्योगिक विकास की आज विकसित तस्वीर होती।

मूल बात यह है कि हमारा पहाड़ी समाज कब अपनों की कद्र करना सीखेगा?

………………………………

अरुण कुकसाल
ग्राम-चामी, पोस्ट- सीरौं-246163
पट्टी- असवालस्यूॅं, ब्लाक- कल्जीखाल
जनपद- पौड़ी (गढ़वाल), उत्तराखंड

]]>
https://researchdiary.in/amar-singh-rawat/feed/ 0
वृक्षारोपण को सांस्कृतिक अभियान बनाया – कल्याण सिंह रावत “मैती” https://researchdiary.in/kalyan-singh-rawat-maiti/ https://researchdiary.in/kalyan-singh-rawat-maiti/#respond Fri, 24 Jul 2026 03:33:31 +0000 https://researchdiary.in/?p=21728

वृक्षारोपण को सांस्कृतिक अभियान बनाया – कल्याण सिंह रावत “मैती”

By – Prem Pancholi


दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के तत्वाधान में आयोजित “मैती” व्याख्यान पर पद्मश्री पर्यावरणविद कल्याण सिंह रावत “मैती” ने अपने 35 साल के अनुभव साझा किए है। उन्होंने मैती आंदोलन और अन्य पर्यावरण संरक्षण अभियान के खट्टे मीठे अनुभव साझा किए।

बता दें कि 1995 से आरम्भ हुआ मैती आंदोलन ने अब तक पांच लाख पौधे लगाए है जो आज विभिन्न स्थानों पर जिंदा है, कोई फल दे रहा है तो कोई छाँव दे रहा है अर्थात वन संरक्षण की मिसाल स्पष्ट दिखाई दे रही है। इन रोपित पौधों की खासियत यह है कि यह पौधे क्रमशः लोगों ने बेटा और बेटी की शादी के दौरान लगाए है, इसलिए उन पौधों की सुरक्षा भी भावनात्मक रूप से हो रही है।

श्री रावत ने अपने अनुभव को सुनाने से पूर्व यह भी कहा कि मैती आंदोलन के मार्फत जो पौधे रोप गए हैं उनकी वे स्वयं हर माह खबर भी लेते है। हालांकि जिस दुल्हन ने अपनी शादी के दिन अपने मायके (मैत) से विदा होने से पहले जो पौधा रोपा होगा उससे उस युवती की ताउम्र भावनाएं, यादें जुड़ी रहती है। इसलिए इस तरह के पौधा रोपण कार्य “मैती आंदोलन” के सफल हुए है।

पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने शिक्षण कार्य किया है। उत्तरकाशी, चमोली और देहरादून में उन्होंने अलग अलग इंटर कॉलेज में सेवाएं दी है। इस अंतराल में उन्होंने पर्यावरण को लेकर बच्चों के साथ किस तरह का कार्य किया वह अनुभव भी उन्होंने साझा किए है।

उन्होंने अपनी बात आरम्भ करते हुए बताया कि उनका जन्म चमोली के बैनोली गांव में हुआ है। उन्होंने यह भी याद किया कि उनके गांव बैनोली के मिस्त्रियों ने चांदपुर गढ़ी, बद्रीनाथ मंदिर जैसे राष्ट्रीय स्तर के स्मारक बनाए है। उन्हें इस बात का मलाल है कि अब वे मिस्त्री नहीं है।

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि उनके पिताजी वन विभाग में सेवारत रहे है। वहीं से उन्हें वन संरक्षण के संस्कार मिले हैं। कहा कि उनके पिताजी सरकारी सेवा से लेकर ब्लॉक प्रमुख तक रहे, मगर वे जैसे थे वैसे ही थे। जबकि उनकी माताजी सांस्कृतिक पक्ष से थी। मांगल गीत की उनकी गांव में अलग ही पहचान थी, गांव में किसी भी कार्यक्रम में माता जी की उपस्थिति होती ही थी।

श्री रावत ने बताया कि जब वे आगे की पढ़ाई के लिए गोपेश्वर गए तो उनका परिचय विश्वविख्यात पर्यावरणविद चंडीप्रसाद भट्ट से हुआ। उन दिनों चिपको आंदोलन का दौर था। बस यहीं से उनका जुड़ाव सर्वोदय मंडल गोपेश्वर से हो गया। कारण इसके उन्हें चिपको नेत्री गौरा देवी को कई बार सामने से देखने का मौका मिला। कई बार वे भट्ट जी के साथ रेणी गांव जाते थे जहां गौरादेवी महिलाओं का नेतृत्व कर रही होती थी। अर्थात चिपको आंदोलन से भी उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। यानि यहीं से पर्यावरण की चेतना मन में जाग उठी। कहने का तात्पर्य यही है कि उस समय से ही उन सभी युवाओं में रचनात्मक कार्य करने की जिज्ञासा बढ़ती गई।

इस तरह अपने अनुभव की लंबी श्रृंखला बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने वन और वन्य जीव सरंक्षण के लिए 56 प्रयोग किए है। जिनमें से वे यहां चुनिंदा प्रयोगों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।

जब गोपेश्वर से आगे मंडल में कस्तूरी प्रजनन केंद्र बन रहा था तो वहां दुनियाभर के वैज्ञानिक आते थे। उन्हें लगता था कि वे तो पहाड़ी है, वन्य सरंक्षण का प्रयोग वे बिना विज्ञान भी कर सकते है। इसलिए कल्याण सिंह रावत ने 1976 में “हिमालय वन्य जीव संस्थान” का गठन कर दिया। इसके लिए उन्होंने समय समय पर वन विभाग और चंडीप्रसाद जी का मार्गदर्शन लिया। वे आगे बताते हैं कि उन दिनों रुद्रनाथ में जड़ी बूटियों का पालतू जानवर भारी नुकसान पहुंचा रहे थे। संस्थान के बैनर पर वहां जाकर उन्होंने अनशन आरम्भ कर दिया। इस पर तत्कालीन सरकार ने निर्णय दिया कि बाहर के लोग यहां जानवर न लाये। तब से लेकर रुद्रनाथ वाले क्षेत्र में पालतू पशुओं के लिए प्रतिबंध है। इसी तरह के अन्य कार्य भी करते गए।

अब उनका स्थानांतरण उत्तरकाशी के राजगढ़ी में हो गया।राजगढ़ी में उन्होंने देखा कि सर्दियों में सुबह सुबह जंगली जानवरों का मांस बिक रहा है। यह दृश्य उनके लिए चौंकाने वाला था। मालूम हुआ कि ऊपरी वाले क्षेत्र व्यांली आदि के जंगल में बहुत अधिक बर्फ गिर गई है। सो जंगली जानवरो का शिकार भारी मात्रा में हो रहा है। यहां भी कल्याण सिंह रावत ने स्कूली बच्चों और उनके माता पिता के साथ मिलकर वन्य जीव बचाने का अभियान चलाया और व्यांली के जंगल में जंगली जानवरों की तस्करी को रोका गया। इसके अलावा उन्होंने वहां के ग्रामीणों को मांसाहारी शाकाहारी जानवरों की जानकारी दी, की पर्यावरण संरक्षण हेतु ऐसे जानवरों की नितांत आवश्यकता होती है।

यह अभियान सफल हुआ तो राजगढ़ी में तहसील का कार्यालय बड़कोट आ गया, पर तहसील की जमीन राजगढ़ी इंटर कॉलेज के नाम हो गई। मगर स्थानीय लोगों ने मौके का फायदा उठाना चाहा और राजगढ़ी की स्कूली जमीन पर कब्जा होने लगा। बहरहाल कॉलेज के प्रधानाचार्य से बातचीत करके और कुछ स्थानीय लोगों से सलाह मशविरा करके इस जमींन पर एक नर्सरी बनवानी आरम्भ कर दी। जहां तत्काल 40 हजार पौध तैयार की गई। इसका फायदा यह हुआ कि एक तरफ स्कूल की जमीन कब्जे से बच गई और दूसरी तरफ वृक्षारोपण के लिए पौध भी तैयार हो गई। अब यह पौधे सभी बच्चों को बांट दिए गए। बच्चों ने अपने अपने गांव में पौधे लगाए जो आज भी दिखाई देते है।

उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण रवांई घाटी में 30 मई को तिलाड़ी शहीद दिवस मनाया जाता है। उस दिन टिहरी और उत्तरकाशी में अवकाश रहता है। उन्होंने सोचा कि तिलाड़ी दिवस राजगढ़ी में भी मनाया जा सकता है। क्योंकि तिलाड़ी से जुड़ी यादें राजगढ़ी की भी है। श्री रावत ने डख्याट गांव के बचन सिंह जयाड़, जयबीर सिंह जयाड़ सहित दराली गांव और आस पास के संभ्रांत ग्रामीणों से बातचीत की, कि 30 मई को शहीदों के नाम पर राजगढ़ी में वे वृक्षारोपण करना चाहते है। इस बात पर ग्रामीण तैयार हो गए। तब जाकर साल 1987 में राजगढ़ी में तिलाड़ी के शहीदों के नाम पर “वृक्षारोपण अभिषेक कार्यक्रम” आरंभ हुआ। किंतु उन दिनों क्षेत्र में हालात इतनी खराब थी कि उस वक्त क्षेत्र में सूखा पड़ा हुआ था। फिर भी यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम कैसे संपन्न हुआ उसकी एक बानगीभर है।

वे आगे बताते हैं कि सोचा गया कि प्रत्येक गांव से सात सात लड़कियां एक जल कलश लेकर आए और गांव के लोग पेड़ लेकर आए। ग्रामीणों के लिए पौध की पूर्ति तत्काल वन प्रभाग अधिकारी बड़कोट द्वारा की गई, ऐसा ही हुआ। इस कार्यक्रम के लिए चार हजार से भी अधिक लोग राजगढ़ी में एकत्र हुए। पौधे की पूजा हुई, गांव गांवों से आई सात सात लड़कियों ने जल कलश लाए हुए थे, पौधे रोप गए, पौधों की पूजा हुई जल कलश का पानी पौधों पर डाला गया और इस तरह वृक्ष अभिषेक कार्यक्रम संपन्न हुआ। जबकि रात्रि में सरनौल गांव के लोग वापस नहीं जा पाए। तो उसी रात को राजगढ़ी कोठी में ग्रामीणों को सिनेमा दिखाया गया। ताज्जुब हो कि जिस क्षेत्र में बरसात नहीं हो रही थी सूखा पड़ा हुआ था, ग्रामीण परेशान थे वहां उसी दिन से लगातार सात दिन तक बारिश होती गई। लोगो ने कहा कि गुरु जी आपने जो सात लड़कियों से सात सात जल कलश मंगवाये और जिस प्रकार से पौधा रोपण हुआ उसके हिसाब से ही यहां बारिश हो गई, ऐसा लोगों का विश्वास जग गया। आस पास के लोग कुछ दिन बाद फिर आए कि पेड़ दे दो। इसलिए कि इस कार्यक्रम से क्षेत्र में पेड़ लगाने की लालसा बढ़ी। मैने भी इसी कार्यक्रम से समझा की प्रकृति ही देवी देवता होते है।

इसके बाद डख्याट गांव के जंगल को बचाने का प्रयास किया गया। आज भी इस गांव का जंगल देखने लायक है।

उन्होंने अपने संस्मरण को सुनाते हुए कहा कि मोरी में स्थित एशिया का सबसे ऊंचा पेड़ इसलिए जल्दी टूट गया कि लोग उस पेड़ को देखने जाते थे और पेड़ को खुरच कर अपना नाम लिख देते थे। पेड़ पर घाव हो गया और पेड़ का तना कमजोर होता गया, एक दिन पेड़ गिर गया। यानि मानवीय हस्तक्षेप के कारण।

इसी तरह के अनुभव को श्री रावत साझा करते हुए बताते हैं कि FRI का जब शताब्दी वर्ष था, उन्होंने तत्काल FRI के निदेशक नेगी जी से कहा कि वे भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेना चाहते है। श्री रावत ने शिक्षा निदेशक से निवेदन किया कि प्रत्येक स्कूल से एक कपड़ा यहां भेजे, जिस पर पेड़ बचाने का स्लोगन लिखा हो। इस तरह राज्य के प्रत्येक स्कूल से हरा रंग का कपड़ा पेड़ बचाने के स्लोगन के साथ बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड में एकत्र हुआ। उस कपड़े पर 12 लाख बच्चों के हस्ताक्षर थे। सभी कपड़ों के टुकड़ों को सिला गया। यह हरा रंग का कपड़ा इतना बड़ा हो गया था कि FRI पहुंचाने के लिए ट्रक बुक करना पड़ा। वे बताते हैं कि शताब्दी वर्ष में बनाए गए हरे रंग के कपडे से FRI की बिल्डिंग को गिफ्ट पैक के रूप में ढका गया। आज भी वह कपड़ा FRI के म्यूजियम में सुरक्षित है।

टिहरी बांध से जुड़े अनुभव भी उन्होंने साझा किए। जब टिहरी शहर डूब रहा था, अलग अलग तरह से लोग सोच रहे थे कि टिहरी तो पानी में समा जाएगी, पर टिहरी की यादें कैसे सुरक्षित रहेगी। उन्होंने टिहरी शहर के ऐतिहासिक जगहों को ढूंढा। इस तरह उन्होंने टिहरी के 35 स्थानों की जगह जगह की मिट्टी थैलों में भरी। यह मिट्टी 35 थैलों में भरकर जहां की मिट्टी वहीं का नाम थैले पर चस्पा किया और बादशाही थौल पहुंचा दी। “लोक माटी वृक्ष अभिषेक समारोह” का आयोजन बादशाहीथौल में किया गया। 35 थैलों की मिट्टी 35 जगह गड्ढे करवा कर रखी गई। इसी मिट्टी में 35 पेड़ लगाए गए। जिस जगह की मिट्टी थी उसी जगह के नाम की पट्टी बनाकर रोपे गए पौधे पर चस्पा की गई। ऐसे में टिहरी की यादें संजोई गई है। आज भी बादशाहीथौल में ये पेड़ अपना आकर लिए हैं और पानी में समा गई टिहरी की यादें ताजा करते है।

पद्मश्री कल्याण सिंह रावत अपने अनुभव को साझा करते हुए “मैती आंदोलन” की भावनात्मक स्थिति बताते है। उन्होंने कहा कि मैती आंदोलन 1995 में ग्वालदम से शुरू हुआ है। सबसे पहले उन्होंने वहां 2000 पौधों की नर्सरी तैयार की है। यहां “शौर्य वन” बनाया गया।

इन दिनों नंदा देवी राजजात जा रही थी। महिलाएं नन्दा की डोली पर लिपटी थी विदाई जैसे गमगीन माहौल था। महिलाओं का यह भावनात्मक रूप उनको कुछ करने के लिए प्रेरित कर रहा था। अतः सोचा गया कि शादी के दिन माइक में दुल्हन और दूल्हा एक पेड़ लगाकर विदा हों तो यह बड़ा यादगार और पेड़ बचाने का कारगर तरीका हो सकता है। इस तरह यह अभियान जीवंत अभियान बन सकता है। यानि पेड़ की सुरक्षा उसी भाव से होती है। जब ब्याही गई लड़की ससुराल में होती है तो वह अपनी माता से अवश्य पूछती है कि शादी के दिन रोपा गया पेड़ कैसे है। माता भी जबाव देती है कि बेटी यह तेरी निशानी है इसे मुझे सुरक्षित रखना है।

इस तरह मैती आंदोलन इंडोनेशिया सहित आदि कई देशों तक पहुंच गया। अपने देश के लगभग 17 राज्यों में मैती आंदोलन हर शादी में स्वस्फूर्त होता है, वहां के लोगों ने यह परंपरा अनिवार्य कर रखी है। उन्होंने कहा कि देशभर के महत्वपूर्ण लोगों ने भी इस अभियान को हाथों हाथ लिया है। ये महत्वपूर्ण नामचीन लोग मानते हैं कि शहर में यदि जगह नहीं भी होगी तो वे अपने गमले में बेटी की शादी के दिन पेड़ अवश्य लगा लेंगे।

कल्याण सिंह रावत से सेलाकुई के एक शिक्षक मित्र ने कहा कि वे अपनी बेटी की शादी में पेड़ लगाएंगे। वह शिक्षक मूल रूप से  मृगपुर गांव (सहारनपुर) का है। जबकि उस गांव में रह रहे एक बाबा ने गांव में धूम्र पान प्रतिबंध कर रखा है। उन्हें भी इस शादी में जाना जरूरी था। क्योंकि शिक्षक मित्र का बुलावा जो था। मैती आंदोलन की परंपरा अनुसार पेड़ लगाया गया। अगले दिन अखबारों ने इस अभियान को बड़ी हेडिंग के साथ प्रकाशित किया। गांव में इस तरह से भी लोगों में मैती आंदोलन के प्रति भाव जाग उठे।

वे आगे बताते हैं कि दो साल बाद वही शिक्षक मित्र उनसे एक किस्सा सुनाते है। कि उनकी बेटी जब अपने बच्चे को लेकर मायके आई तो तब तक उसका रोपा हुआ पौधा बड़ा हो गया था। वे दोनों उस पेड़ की अच्छी निगरानी करते भी है। एक दिन उनकी बेटी का बच्चा बहुत रोने लगा और चुप रहने का नाम नहीं ले रहा था। वे अपनी बेटी को कह रहे थे कि दूध पिलाओ ताकि बच्चा चुप हो जाए, पर ऐसा करने से भी बच्चा चुप नहीं हुआ। उन्होंने बाहर देखा तो जिस कपड़े से वे पेड़ को ढक देते थे वह कपड़ा पेड़ से गिर चुका था। उनकी पत्नी गई, कपड़ा उठाया और पूर्व की भांति पेड़ ढक दिया। बस उनकी बेटी का बच्चा चुप हो गया। दुबारा भी ऐसा ही हुआ।

अब जाकर उनकी समझ में आया कि उस बच्चे की सम्पूर्ण भावना उस पेड़ से जुड़ी हुई थी। कई बार उनकी बेटी ससुराल में कुछ दिक्कत में होती थी तो वे उस पेड़ के नीचे दीपक जला देते थे और उनकी बेटी की दिक्कत समाप्त हो जाती थी। कहा कि यह मैती आंदोलन की अलग अलग कहानियां है जो सफलताएं बताती है।

एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि देहरादून में जो बचे खुचे जंगल हैं उन पर होफले लगे है। पेड़ तेजी से सूख रहे है। पूरे पहाड़ में चौड़ी पति के जंगल बहुत कम हो गए है। यह स्थिति भविष्य में बड़ा संकट पैदा करने वाली है।

राज्य में 28 प्रतिशत चीड़ का जंगल हो गया। बरसाती नदियां उत्तराखंड की रीढ़ है। यह नदियां भी धीरे धीरे सूखने लग गई है। बर्फानी नदियाँ उतनी जरूरी नहीं है।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ० योगेश धस्माना ने किया और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के रिसर्च एसोसिएट चंद्रशेखर तिवारी ने किया है।

]]>
https://researchdiary.in/kalyan-singh-rawat-maiti/feed/ 0
उद्यमीय विरासत को आगे बढ़ाते : मनीष-हेमा https://researchdiary.in/manish-sundriyal-hema-sundriyal/ https://researchdiary.in/manish-sundriyal-hema-sundriyal/#respond Wed, 01 Jul 2026 04:31:47 +0000 https://researchdiary.in/?p=21680

उद्यमीय विरासत को आगे बढ़ाते : मनीष-हेमा

By – Arun kuksal

‘मेरे पिता कहा करते थे कि ‘जब मेरा पुत्र मेरे साथ है तो मुझे कोई नहीं हरा सकता और मैं सोचता था कि जब मेरे साथ मेरे पिता हैं तो फिर जीवनीय भविष्य के बारे में क्यों चिन्ता करनी है?’
मेरा मानना है कि, अपने गाॅंव-इलाके से पलायन पेट के लिए नहीं अपनी प्रतिभा को परिष्कृत करने और उसके सर्वोत्तम उपयोग के लिए होना चाहिए। गाॅंव-इलाके में जीवकोपार्जन की समस्यायें हैं तो समाधान भी वहीं होंगे। जाहिर है कि, हमें भी वहीं रहकर समाधानों तक पहुंचना होगा।

इसी विचार के तहत समस्याओं से जूझते हुये समाधानों की ओर मेरी यह उद्यमीय जीवन-यात्रा ज़ारी है। मेरे माता-पिता ने यह प्रेरणा दी, अब हम पति-पत्नी का मक़सद है कि हमारे बच्चे हमसे प्रेरित होकर इस उद्यमीय विचार और कार्य को आगे बढ़ायें’।

मनीष सुन्दरियाल जब ये कह रहे हैं, तो मेरी नज़र उनके दोनों सुपुत्रों विजय आर्दश (8 वर्ष) और विजय कीर्ति (7 वर्ष) पर गई है। हमारे आस-पास तमाम तरह का सामान जिनका कोई क्रम नहीं पर अपनी निश्चित उपयोगिता है, के बीच संकरी सी जगह बनाते हुए ये दोनों बच्चे अभ्यस्त हाथों से अचार के पैकिटों को करीने से एक पेटी में रख रहे हैं। उनका ध्यान हमारी बातचीत की ओर भी है। पिता की उक्त बात सुनकर हल्की सी मुस्कराहट उनके चेहरों आई।

और, अब वे दोनों भाई कनखियों से एक-दूसरे को देखकर शर्माते हुए हंस रहे हैं।

डुंगरी गांव की सड़क के ऊपरी छोर का यह पुश्तैनी भवन है। खेतों और पेडों से आई उपजों, बड़े-बड़े ड्रमों में प्रोसेस हो रहे कच्चेमाल और शीशियों एवं पैकिटों में तैयार विविध उत्पादों से यह हाल भरा हुआ है। सुबह का यह समय आज के काम की शुरूआत का है। धीरे-धीरे हाल में आते ही बिखरे सामानों के आस-पास महिलायें और पुरुष अपने नियमित कामों को करने में लग गये हैं।

डुंगरी गांव, पट्टी-गुजडू, विकासखण्ड-नैनीडांडा, तहसील-धूमाकोट, जनपद- पौड़ी (गढ़वाल) में स्थित है। नैनीडांडा और धूमाकोट दोसान्त क्षेत्र है (गढ़वाल-कुमाऊं का सीमावर्ती इलाका)। मेरी जानकारी में इस क्षेत्र के प्रमुख व्यक्तित्वों में स्वतत्रंता संग्राम सेनानी थानसिंह रावत और शीशराम पोखरियाल, राजनीतिज्ञ आनन्दप्रकाश जुयाल, टीपीएस रावत और धीरेन्द्र प्रताप, वरिष्ठ पत्रकार दिनेश जुयाल, उद्यमी विजय सुन्दरियाल, लेखक विष्णुदत्त जुयाल ‘मनुज’ और डा. नरेन्द्र गोनियाल तथा चर्चित प्रशासनिक अधिकारी मंगेश घिल्डियाल इसी इलाके से आते हैं।

यह दोसान्त इलाका (बीरोंखाल, नैनीडाॅंडा, सल्ट, रिखणीखाल, दुगड्डा, जहरीखाल और द्वारीखाल) कृषि उपजों यथा- अनाजों के साथ मिर्च, अदरक, हल्दी, लहसुन, इलाइची, धनिया, तिल, सरसों और फलों के भरपूर उत्पादन तथा सृमद्ध पशुपालन व्यवसाय के लिए जाना जाता है।

यहां ‘तिख़्खी मिर्च अर तगड़ बल्द’ की कहावत मशहूर है।

पशुपालन यहां प्रमुख व्यवसाय रहा है। उत्तराखण्ड राज्य बनने से पहले यहां बैलों का व्यापार खूब होता था। रामनगर का पशु मेला उत्तर-भारत का प्रमुख मेला माना जाता था। चिन्ताजनक यह है कि, राज्य बनने के बाद इस क्षेत्र में खेती बंजर और पशुपालन वीरान होने लगा है।

रामनगर-बीरोंखाल सड़क मार्ग पर स्थित डुंगरी गांव से युवा उद्यमी मनीष सुन्दरियाल और उनकी धर्मपत्नी हेमा सुन्दरियाल द्वारा ‘सुन्दरियाल प्रोड्क्शन’ का संचालन होता है। उल्लेखनीय है कि, ‘सुन्दरियाल प्रोड्क्शन’ ने पहाड़ के स्थानीय उपजों का प्रसंस्करण और परिष्करण करके विविध उत्पादों के एक व्यापक बाजार को स्थापित करने में सफलता हासिल की है।

पिता-विजय सुन्दरियाल और मां-सरोजनी सुन्दरियाल के सुपुत्र मनीष सुन्दरियाल उत्तराखण्ड के अग्रणी सामाजिक-राजनैतिक कार्यकर्ता और उद्यमी के रूप में जाने जाते हैं। उनके दादाजी स्वः रुद्रीदत्त सुन्दरियाल इसी डुंगरी गांव में शिक्षक और पोस्टमास्टर थे।

मनीष सुन्दरियाल के पिता स्वः विजय सुन्दरियाल की पहचान उत्तराखण्ड हिमालय में एक उद्यमीय अन्वेषक की रही है। वे एक जनूनी व्यक्ति थे। उनका जीवन उद्यमिता की ओर अभिनव प्रयोगों में बीता। उन्होने अपनी जीवन की शुुरुआत बीएचएएल, हरिद्वार में नौकरी से की थी। परन्तु, जीवन में उद्यमीय कार्य करने की चाह में नौकरी को तिलांजलि दे दी थी।

नौकरी छोड़कर उन्होने सन् 1987 में मुनिकीरेती में ग्लास उद्यम की स्थापना की थी। लेकिन, अनुभव और तकनीकी ज्ञान के अभाव में यह उद्यम चल नहीं पाया। और वे, सन् 1990 में अपने गांव डुंगरी आकर ठेकेदारी करने लगे।

ठेकेदारी में मन नहीं लगा तो सन् 1998 में स्यूंसी-बैजरों में फल प्रसंस्करण का काम शुरू कर दिया। कठिन प्रयासों के बाद सन् 2000 में फल प्रसंस्करण कार्य का उन्हें एफपीओ लाइसेंस मिला। यह उद्यम चल निकला और उनके उत्पादों की लोकप्रियता को एक मजबूत बाजार मिलने लगा। बाद में, सन् 2005 से अपने गांव डुंगरी से ‘सुन्दरियाल प्रोड्क्शन’ का उद्यम उन्होने संचालित करना शुरू किया।

मनीष सुन्दरियाल ने अपने विद्यार्थी जीवन से ही सामाजिक कार्यों और गतिविधियों में भाग लेना प्रारम्भ कर दिया था। इसी विचार के तहत सन् 2003 में क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा। वर्ष-2003 में गुजडू गढ़ी में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 16 दिन का उनका आमरण अनशन रहा। उन्होने युवा बेरोजगार संगठन के केन्द्रीय संयोजक के बतौर ‘धूमाकोट से रामपुर तिराहा’ तक की अपने साथियों के साथ पैदल यात्रा पूरी की थी।

सन् 2006 में राजनीति विज्ञान से एम. ए. की उपाधि प्राप्त करने के बाद मनीष ने अपने को सामाजिक सेवा की ओर पूर्णतया समर्पित कर दिया। विभिन्न आन्दोलनों में भागेदारी करते हुए सन् 2007 में पहले आम-चुनाव पुनः उप-चुनाव में धूमाकोट विधानसभा तथा वर्ष- 2012 एवं 2017 में लैंसडोन विधानसभा से विधायक का चुनाव लड़ा।

सामाजिक और राजनैतिक कार्यकर्ता के साथ जीवकोपार्जन के लिए उन्होने अपने पिता स्वः विजय सुन्दरियाल की उद्यमीय विरासत को आगे बढ़ाने की राह का चयन किया। आज ‘सुन्दरियाल प्रोडक्शन’ का यह उद्यम सरकारी योजनाओं के बल पर नहीं उनकी पूरी टीम के मजबूत हौंसले के साथ उद्यमीय परचम लहरा रहा है। बावजूद इसके कि, सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करने बाद भी सरकारी योजनाओं का उन्हें कोई फायदा नहीं मिल पाया है।

वर्तमान में, ‘सुन्दरियाल प्रोड्क्शन’, डुंगरी गांव में पहाड़ी उपजों से खाद्य और फल संस्करण पर आधारित 60 से अधिक उत्पाद बनते हैं। जिसमें विविध पकवानों के साथ जूस, अचार, नमक, मसाला, बेकरी आदि शामिल हैं। इस उद्यम में 20 महिलायें और 5 पुरुष विगत कई वर्षों से नियमित काम कर रहे हैं। साथ ही, स्थानीय 500 परिवार ‘सुन्दरियाल प्रोडक्शन’ से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से व्यापारिक लेन-देन के रूप में जुडे़ हैं। प्रमुखतया, स्थानीय पहाड़ी गांवों के खेतों और पेड़ों से मिलने वाले कच्चामाल और उपज की आपूर्ति इन्हीं परिवारों के माध्यम से होती है।

अपने वाहनों के द्वारा उत्तराखण्ड, उत्तर-प्रदेश और दिल्ली राज्य के विभिन्न नगरों/महानगरों में प्रर्दशनी, सचल वाहन और विक्रेताओं तक ‘सुन्दरियाल प्रोड्क्शन’ के उत्पादों को विपणन के लिए पहुॅंचाया जाता है। यह सिलसिला देश-दुनिया में बड़ी-बड़ी कम्पनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा लेते हुए ‘सुन्दरियाल प्रोड्क्शन ’ के उत्पादों की बड़ती मांग के कारण निरंतर लोकप्रियता की ओर है। वर्तमान में ‘सुन्दरियाल प्रोड्क्शन’ का औसतन, वार्षिक टर्न-ओवर 50 लाख के आस-पास है।

मनीष सुन्दरियाल अपने उद्यम के वार्षिक लाभ का 5 प्रतिशत सामाजिक कार्यों में व्यय करते हैं। क्योंकि, वे विचार, चिन्तन और स्वभाव से सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनके लिए उद्यम तो अपने पारिवारिक जीवकोपार्जन और अन्य युवाओं को स्वः उद्यम की ओर प्रेरित करने के लिए है। वे ‘सुन्दरियाल प्रोड्क्शन’ को इस इलाके की जीवन-शैली में घर कर चुके नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलने के परामर्श केन्द्र के रूप में विकसित कर रहे हैं।

मनीष कहते हैं कि मैंने बचपन से ही अपने पिता को नित्य-प्रतिदिन संघर्ष करते हुए देखा। पिताजी को पारिवारिक, सामाजिक और सरकारी स्तर पर समुचित प्रोत्साहन नहीं मिल पाया। परिवार और स्थानीय लोगों की यही सोच रहती कि कारोबार तो दिल्ली, कानपुर, गाजियाबाद और फरीदाबाद में ही किया जा सकता है (कमोवेश आज भी यही नकारात्मक सोच हमारे पर्वतीय अंचलों में व्याप्त है।)। अर्थात, उद्यम शुरू करने के लिए विपरीत परिस्थितियां घर में ही मौजूद थी।

इस सबके बावजूद वे अपनी असफलताओं से कुछ समय के लिए उदास जरूर होते पर निराशा कभी उनके मन-मस्तिष्क में आई ही नहीं। तभी तो, वे एक प्रयोग के बाद दूसरे प्रयोग को हकीक़त में लाने के लिए जी-जान से जुट जाते थे।

मनीष बताते हैं कि किशोरावस्था में वे पिता के साथ विविध पहाड़ी उत्पादों को बेचने दिल्ली जाया करते थे। दिल्ली में गढ़वाल भवन में रहने का ठिकाना मिला तो यह कार्य फैलने लगा। लेकिन, अभी भी ज्यादातर जान-पहचान के लोग इस कार्य को युक्ति-संगत नहीं समझते थे। तब मेरे पिता कहा करते थे कि ‘जब मेरा पुत्र मेरे साथ है तो मुझे कोई नहीं हरा सकता और मैं सोचता था कि जब मेरे साथ मेरे पिता हैं तो फिर जीवनीय भविष्य के बारे में क्यों चिन्ता करनी है? उनके पिताजी ने 1 जुलाई, 2021 को अपनी मृत्यु तक यह साथ निभाया। नतीजन, पिता के साथ-साथ पुत्र को भी पारिवारिक, सामाजिक और सरकारी स्तर पर मिले कड़वे अनुभवों ने कमजोर नहीं और मज़बूत बनाया।

मनीष सुन्दरियाल विगत 5 वर्षों से अपने पिता की पुण्य-स्मृति में 1 जुलाई को ‘स्वरोजगार दिवस’ के रूप में गोष्ठी का आयोजन करते हैं। इसमें स्वः रोजगार में प्रशंसनीय कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित भी किया जाता है।

मनीष का उद्धेश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। इसमें वे सबसे बड़ी बाधक सरकारी नीतियों और कार्य पद्धतियों को मानते हैं। वे कहते हैं कि, ‘सरकार के कार्य और उपलब्धियां बस प्रचार और विज्ञापनों में ही दिखाई देते हैं। वास्तविक धरातल पर सरकारी योजनाओं का अस्तित्व नगण्य होता है। सरकार दावे बड़े-बड़े करती है और स्थानीय किसानों को उनके उपज का समुचित दाम भी नहीं दिला पाती है। पहाड़ के परम्परागत बीज, अनाज, फल और सब्जी खत्म होने के कगार पर हैं। इनको बढ़ावा देने के बजाय सरकार हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्बू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों से बीज और पौधे लाने में अपनी होशियारी समझ रही है। कृषि, उद्यान और उद्योग विभाग के कुल बजट का अधिकांश भाग इसी प्रकार के अनावश्यक कार्यों में व्यय हो रहा है। रामनगर से आये बिचौलिये किसानों को भरमा कर उनका शोषण कर रहे हैं। सरकार इन पर नियंत्रण न करके उन्हीं को पनाह देती नज़र आती है’।

मनीष कहते हैं कि, आन्दोलनकारियों और जनकवि गिरीश तिवाड़ी ‘गिर्दा’, हीरासिंह राणा तथा नरेन्द्र सिंह नेगी के गीतों में जिस उत्तराखण्ड राज्य का सपना सुना-देखा था, वो ये तो नहीं है।

हमारा तो मानना था कि, हमारा राज्य होगा तो विकास सरल और सहज होगा। पर आज हमारे ही लोग इस राज्य के लिए बोझ बन गए हैं। उनकी न केवल सही सोच है वरन सामाजिक व्यवहार भी ठीक नहीं है। हमने राज्य बनने के बाद आपसी सामाजिक सौहार्द भी खोया। वे मानते हैं कि हम राज्य के सर्वागींण विकास की बेहतर परिस्थितियों का लाभ नहीं ले पाये हैं।

मनीष चिन्तित हैं कि तेजी से पहाड़ों से हो रहे पलायन के कारण वर्ष-2027 के परिसीमन के बाद मैदानी भागों की विधानसभा सीटें तो बड़ेगी जबकि पहाड़ों में विधानसभा सीटें कम होंगी। मनीष रोष व्यक्त करते हैं कि, ‘आज नीति-नियताओं ने हम पर्वतीय लोगों को घाट का मुर्दा जैसा बना दिया है, जिसे फूंकना ही है। उसे वापस घर तो ला नहीं सकते हैं’।

मनीष सुन्दरियाल जो सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक क्षेत्र में पूरी सजगता के साथ सक्रीय हैं की बातों में अवश्य भरपूर उदासी हैं, परन्तु मन-मस्तिष्क से वो अपने उद्यमी पिता की तरह भविष्य के प्रति निराश नहीं हैं।

मेरा दृड मत है कि मनीष की तरह उत्तराखण्ड के युवाओं में व्याप्त ये बैचैनी ही इस दौर के कुहासे को हटाने में मददगार होगी।

……………………….

अरुण कुकसाल
ग्राम-चामी, पोस्ट- सीरौं-246163
पट्टी- असवालस्यूॅं, विकासखण्ड- कल्जीखाल
जनपद- पौड़ी (गढ़वाल), उत्तराखण्ड

]]>
https://researchdiary.in/manish-sundriyal-hema-sundriyal/feed/ 0
इतिहास के पन्नो से : अपना दायां अंगूठा दिखाना चाहिए और हम दिखायेंगे भी – दादा दौलतराम खुगशाल https://researchdiary.in/daulatram-khugshal/ https://researchdiary.in/daulatram-khugshal/#respond Thu, 18 Jun 2026 08:59:28 +0000 https://researchdiary.in/?p=21661

By – dr. Arun Kuksal

 

दादा दौलतराम खुगशाल (मार्च, 1891- 3 फरवरी, 1960)
टिहरी रियासत के विरुद्ध जन-संघर्षों का अग्रणी व्यक्तित्व-
‘‘आज तक राजा ने हमको पढ़ने-लिखने का अवसर नहीं दिया जिससे हम बायां अंगूठा लगाने को मजबूऱ हैं, लेकिन अब अगर राजा के कर्मचारी ‘कर’ आदि वसूलने आयें तो हमें उन्हें अपना दायां अंगूठा दिखाना चाहिए और हम दिखायेंगे भी।’’
दादा दौलतराम खुगशाल

प्रजामंडल के टिहरी सम्मेलन (25-27 मई, 1947) में दादा दौलतराम ने अपने भाषण में उक्त वक्तव्य देकर राजशाही को खुली चुनौती दी थी।

टिहरी रियासत के विरुद्ध हुये निर्णायक आंदोलनों में 3 नाम प्रमुख रूप में सामने आते हैं। अमर शहीद श्रीदेव सुमन, दादा दौलतराम खुगशाल और नागेन्द्र सकलानी। श्रीदेव सुमन टिहरी रियासत के आत्याचारों के खिलाफ स्थानीय जनता की आवाज को देश के राष्ट्रीय फलक पर ले गए। उनकी शहादत ने टिहरी राजशाही के क्रूर चेहरे को देश-दुनिया में बे-नकाब किया। दादा दौलतराम ने रियासती किसानों में अपने मौलिक हक-हकूकों की रक्षा हेतु जन-जागृति लाकर उन्हें जन-संघर्षों की ओर प्रेरित किया तथा नागेन्द्र सकलानी ने टिहरी रियासत के खिलाफ जन-आक्रोश को जन-आन्दोलन का रूप देकर उसे एक परिपक्व राजनैतिक दिशा देने का काम किया।

दादा दौलतराम का जन्म मार्च, 1891 में टिहरी रियासत की अकरी पट्टी के पैन्यूला (दुगड्डा के निकट) गांव में हुआ था। इनके पिता माधवानंद खेती-किसानी के साथ ज्योतिष और पंडिताई का कार्य करते थे। माधवानंद खुगशाल पौड़ी गढ़वाल के चामी गांव के रुउली क्षेत्र से तकरीबन सन् 1880 के आस-पास कुटम्ब सहित पैन्यूला गांव में आकर बसे थे। दौलतराम अपने चाचा रतिराम से ज्योतिष, संस्कृत, हिंदी और गणित की प्रारम्भिक शिक्षा प्राप्त करके सन् 1910 में डाकतार विभाग, बरेली में लाइनमैन के पद पर भर्ती हो गए। सन् 1914 में प्रथम विश्व युद्ध शुरू होने पर बिट्रिश सरकार के आदेश के तहत अन्य कर्मचारियों की तरह दौलतराम को भी सेना में शामिल होना पड़ा था। बसरा-बगदाद क्षेत्र (अफगानिस्तान) में 5 साल सैनिक सेवायें देने के बाद पुनः पूर्ववत लाइनमेन की नौकरी में दौलतराम वापस आ गए। ज्यादातर गढ़वाल-कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में 36 साल नौकरी करने के बाद मार्च, 1946 में वे सेवा निवृत्त होकर अपने गांव पैन्यूला में आकर रहने लगे। 3 फरवरी, 1960 को अपने गांव पैन्यूला में 69 वर्ष की आयु में दादा दौलतराम खुगशाल का देहान्त हुआ।

सरकारी सेवा निवृत्ति के तुरंत बाद दौलतराम जन सेवा में सक्रिय हो गए। मार्च, 1946 में गांव आते ही अप्रैल माह से राजशाही द्वारा किसानों पर थोपे गए नवीन भूबंदोबस्त के खिलाफ उन्होने डांगचौरा से खुले आन्दोलन का बिगुल बजा दिया। इस आन्दोलन के बाद एक जुझारू किसान नेता के रूप में वे आम लोगों में लोकप्रिय हुए। अब दादा दौलतराम किसानों के दिन-प्रति दिन के बड़ते कष्टों के निवारण के लिए टिहरी रियासत के विरुद्ध प्रजामंडल द्वारा संचालित आन्दोलनों में अग्रणी भूमिका में रहने लगे। वे टिहरी राज्य प्रजामंडल के उप प्रधान पद पर भी रहे। आन्दोलनों में वे कई बार जेल गए और कठोर यातनाएं झेली।

दादा दौलतराम शरीर से हष्ट-पुष्ट, धैर्यवान और निडर व्यक्ति थे। उनमें लोगों की बात सुनने, उनको समझाने और संगठित करने की अदभुत प्रतिभा थी। कुशल नेतृत्व के प्रभावी गुणों के कारण वे जन-सामान्य में दादा (बड़ा भाई) के सम्मानित संबोधन से लोकप्रिय थे। यह उनके बहुआयामी व्यक्तित्व का ही परिणाम था कि टिहरी रियासत के विरोध में आन्दोलनकारियों की ओर से सरकारी प्रतिनिधियों से वार्ता करने हेतु अक्सर दादा दौलतराम को मनोनीत किया जाता था। वर्तमान में डांगचौरा इन्टर कालेज और कीर्तिनगर-टिहरी मोटर मार्ग दादा दौलतराम के ही प्रयासों का परिणाम है।

टिहरी रियासत के विरुद्ध हुए स्वतः स्फूर्त आन्दोलनों की तह में ग्रामीणों की परम्परागत भूमि और वन व्यवस्था में राजशाही द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप प्रमुख कारक रहे थे। रवांई का तिलाड़ी विद्रोह (30 मई, 1930) जहां लोगों के तीव्र गुस्से का द्योतक था, वहीं राजशाही के खौफनाक चेहरे का भी सबूत था। तिलाड़ी का तिलिस्म कई वर्षों तक रियासते जनता को भयभीत करता रहा। परन्तु जनता में सत्ता के भय की भ्रांति समय आने पर टूटती जरूर है। फिर चाहे प्रारम्भ में सत्ता के पोषण में ही वह फलीभूत होने की कोशिश करता रहा हो। इसी ऐतिहासिक सत्य को साकार करने हेतु 23 जनवरी, 1939 को देहरादून में ‘टिहरी राज्य प्रजामण्डल’ की स्थापना हुई थी। जिसका उद्वेश्य महाराजा की छत्रछाया में लोक कल्याणकारी और उत्तरदाई शासन को स्थापित करवाना था। परन्तु राज सत्ता ने प्रजामंडल को वर्षों तक मान्यता नहीं दी। फलतः रियासत में प्रजामंडल के कार्यो को गैरकानूनी माना जाता रहा। श्रीदेव सुमन ने टिहरी राजशाही के इस अन्याय के विरुद्ध लम्बी लड़ाई लड़ी। 25 जुलाई, 1944 को टिहरी कारागार में 84 दिन की भूख हड़ताल के बाद श्रीदेव सुमन ने अपनी शहादत दे दी थी। सुमन की शहादत के पश्चात जनता में राजा का खौफ और उसके प्रति आक्रोश दोनों बढ़ने लगा।

टिहरी रियासत देश की अन्य रियासतों की तरह जनता की कीमत पर अंग्रेज सरकार के प्रति वफादारी दिखाने का कोई अवसर नहीं गवांती थी। टिहरी रियासत के प्रथम राजा सुदर्शन शाह से लेकर आखिरी राजा मानवेन्द्र शाह तक इस परम्परा को बखूबी निभाया गया। इसी के तहत द्वितीय विश्व युद्व में बिट्रिश सरकार को बढ़-चढ़ कर मदद करने की मंशा से राजशाही ने अपनी आय बढ़ाने के लिए भूमि बंदोबस्त कानून को संशोधित कर दिया था।

मुकाबला (नई कृषि भूमि को अपने नाम कराने में किसानों द्वारा राजस्व अधिकारियों को दिया गया नजराना), बरा (राजकर्मचारियों के लिए मुफ्त राशन), बेगार (अनिवार्य श्रम) भू लगान आदि में बेतहाशा बृद्धि कर दी गई थी। रियासत के किसान इस अमानवीय व्यवस्था से गुस्से में थे, परन्तु खुले आम इसका इज़हार नहीं कर पा रहे थे। आखिर इस आक्रोश की बुलंद आवाज के सूत्रधार बने डांगचौरा-कडाकोट क्षेत्र के किसान।

दादा दौलतराम के सभापतित्व में 21 अप्रैल, 1946 को डांगचौरा में आयोजित किसानों की सभा में यह ऐलान किया गया कि वे ‘मुकाबले’ में उपस्थित नहीं होंगे। कड़ाकोट, डागर, अकरी, बारजूला, डांगचौरा की जनता ने संगठित होकर राजकर्मचारियों को भूमि बंदोबस्त करने से रोक दिया था। पुलिस ने दादा दौलतराम को डराया-धमकाया और एक रात जेल में बंद भी किया। परन्तु इससे किसानों का आन्दोलन और भी उग्र होने लगा। विवश होकर राजा को किसानों के प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए नरेन्द्रनगर बुलाना पड़ा।

दादा दौलतराम के नेतृत्व में डांगचौरा से 21 जून, 1946 को तिरंगे झंडे को हाथों में लहराते हुए ‘श्रीदेव सुमन अमर रहे’ नारों के साथ किसानों का प्रतिनिधि मंडल नरेन्द्रनगर रवाना हुआ। जिन भी गांवों से डांगचौरा के किसानों का यह प्रतिनिधि मंडल गुजरता लोग उनकी आव-भगत करते। टिहरी होते हुए 24 जून, 1946 को नरेन्द्रनगर में पहुंचते ही जनता के बीच दादा दौलतराम ने कहा कि ‘’हम किसानों के हितों के लिए लड़ रहे हैं यदि आप भी किसान के बेटे हैं तो हमारा साथ दीजिए। राजशाही को चेतावनी देते हुए उन्होने ऐलान किया कि आप गोली चलाने के लिए स्वतंत्र हैं और हम गोली खाने को तैयार हैं।”
(जनयुग, 27 जून, 1946)

डांगचौरा-कड़ाकोट के किसानों की राजा और उसके प्रतिनिधियों से वार्ता असफल साबित हुई। अतः अपने गांव-इलाके में जाकर पुनः इस आंदोलन को व्यापक स्तर पर चलाने का किसानों ने निर्णय लिया। वापस आते हुए 26 जून, 1946 को देवप्रयाग में हुई सभा में दादा दौलतराम ने कहा कि ‘‘मैं स्वयं को उस दिन सफल समझूगां जिस दिन टिहरी की गरीब व मूक जनता के दुःख-दर्द मिटा सकूंगा या टिहरी के जेल में शहीद श्रीदेव सुमन की तरह प्राणों की आहूति दे दूंगा।’’
(मुरलीधर शास्त्रीः टिहरी की अहिंसक जनक्रांति)

अब राजशाही को डर लगने लगा कि यदि दादा दौलतराम और उनके साथियों को जनता के बीच स्वतंत्र रहने दिया जायेगा तो संपूर्ण राज्य में किसान आंदोलन और भी तीव्र गति से भड़क सकता है। अतः बहुत चालाकी से राज्य पुलिस ने 21 जुलाई, 1946 को प्रमुख किसान नेताओं यथा- दादा दौलतराम, भूदेव लखेड़ा, नागेन्द्र उनियाल, इन्द्रसिंह और टीकाराम को गिरफ्तार कर लिया।

आम जनता में राजशाही का खौफ बना रहे इसके लिए दादा दौलतराम को टिहरी नगर में हथकड़ी पहनाकर कई बार घुमाया गया। जेल में इन नेताओं को अमानवीय यातनायें दी गई। अपनी आवाज को राजसत्ता तक पहुंचाने के लिए दादा दौलतराम और उनके साथी जेल में 13-22 सितम्बर, 1946 तक भूख हड़ताल पर भी रहे। परन्तु स्थितियों में कोई परिवर्तन नहीं आया। तंग आकर 18 फरवरी, 1947 को दादा दौलतराम और उनके साथियों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। यह खबर व्यापक स्तर पर प्रसारित और प्रकाशित हुई। मजबूरन, जन-दबाव में राजशाही को 21 फरवरी, 1947 को सभी किसान नेताओं को बिना शर्त रिहा करना पड़ा।

डांगचौरा का किसान आन्दोलन राजशाही से अपनी मांगों को तो नहीं मनवा सका। परन्तु आम-जन को यह सबक अवश्य दे गया कि जन-संघर्ष की राह ही क्रूर राजसत्ता से मुक्ति दिला सकता है। दादा दौलतराम और नागेन्द्र सकलानी साम्यवादी विचारधारा के ज्यादा नजदीक थे जबकि प्रजामंडल के ज्यादातर सदस्य कांग्रेस के अनुयायी थे। इस कारण प्रजामंडल का सक्रिय समर्थन डांगचौरा के किसान आन्दोलन को नहीं मिल पाया। प्रजामंडल ने अपने को इस आंदोलन से दूरी ही बनाई रखी। परन्तु इस आन्दोलन के दबाव में राजा ने जनता के रोष को रोकने के लिए दिखावे में ही सही उत्तरदाई शासन नीति अपनाने का प्रचार किया। ‘टिहरी राज्य प्रजामंडल’ को 21 अगस्त, 1946 को मान्यता देना इस तथ्य की पुष्टि करता है।

डांगचौरा आन्दोलन ने दादा दौलतराम को टिहरी रियासत में एक प्रमुख किसान नेता की पहचान दिलाई। इसी का प्रभाव था कि प्रजामंडल के टिहरी सम्मेलन (25-27 मई, 1947) में दादा दौलतराम सर्वसम्मत्ति से उप प्रधान मनोनीत हुए। उनकी सक्रियता नागेन्द्र सकलानी के साथ सन् 1947-48 के सकलाना आन्दोलन में भी रही। इसी दौरान 23 अगस्त, 1947 को एक पर्चे में दादा दौलतराम ने मांग कि ‘‘पूरा हिन्दुस्तान आजाद होना चाहिए…देश की जनता को चाहिए कि वह गुलाम हिस्सों की आजादी के लिए अपनी पूर्ण शक्तियां लगा दें।’’
(कर्मभूमि, 1 अक्टूबर, 1947)

टिहरी राजशाही ने सकलाना आन्दोलन में दादा दौलतराम के भागेदार होने कारण उन पर 3200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस धनराशि को वसूल करने के लिए उनके घर से जेवरात और कीमती सामान जबरन राज कर्मचारी ले गये थे।

टिहरी रियासत के विरुद्ध कीर्तिनगर में हुए निर्णायक आन्दोलन में दादा दौलतराम खुगशाल अहम और अग्रणी भूमिका में थे। अपनी उग्रता के चरम पर पहुंचे आन्दोलनकारियों ने 31 दिसंबर, 1947 को कीर्तिनगर थाने और अदालत पर कब्जा कर दिया था और जनता द्वारा संचालित ‘आजाद पंचायत’ का शासन घोषित कर दिया। लेकिन राज्य के अन्य क्षेत्रों से आई पुलिस ने भारी सुरक्षा बल का सहारा लेकर 2 जनवरी, 1948 को पहले की स्थिति बहाल करते हुए दादा दौलतराम और उनके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाकोट, डांगचौरा, खास पट्टी, बमुण्ड, बडियारगढ़, भरदार, सकलाना की जनता ने संगठित उग्र रोष के बलबूते पर 10 जनवरी को कीर्तिनगर थाना और अदालत पर पुनः कब्जा कर लिया। दादा दौलतराम ने राज्य कर्मचारियों को समझाया कि वे आत्मसमर्पण कर दें परन्तु स्थिति अंत में बहुत संघर्षपूर्ण हो गई। इसका दुखःदाई पक्ष यह रहा कि 11 जनवरी, 1948 को नागेन्द्र सकलानी और भोलू भरदारी पुलिस की गोली से शहीद हो गए। दादा दौलतराम, त्रेपनसिंह नेगी और वीर चन्द्रसिंह गढ़वाली ने आगे की स्थिति को अराजक होने से बचाया।

यह महत्वपूर्ण है कि 15 जनवरी, 1948 को जब टिहरी रियासत में राजा का राज्य खत्म हुआ तो टिहरी कोषागार की सुरक्षा की प्रमुख जिम्मेदारी दादा दौलतराम को दी गई थी। साथ ही 16 जनवरी से 15 फरवरी, 1948 तक टिहरी रियासत में भारत सरकार के प्रतिनिधि (एसडीओ) ने दादा दौलतराम खुगशाल के प्रधानमंत्रित्व में गठित परामर्श मंडल के मार्गदर्शन में ही कार्य किया था। तत्पश्चात 15 फरवरी, 1948 से 31 जुलाई, 1949 तक प्रजामण्डल सरकार ने कार्य किया‌ 1 अगस्त, 1949 को टिहरी रियासत का उत्तरप्रदेश राज्य में विलीनीकरण कर उसे टिहरी गढ़वाल जनपद बनाया गया।

श्रीदेव सुमन, दादा दौलतराम खुगशाल, नागेन्द्र सकलानी जैसे अनेकों प्रराक्रमी और सूझबूझ के धनी व्यक्तित्वों की बदौलत टिहरी राजशाही की इतिश्री हुई। परन्तु नवीन आवरण में आज भी राजशाही हमारा राजनैतिक प्रतिनिधित्व कर रही है। राजनैतिक दल कोई भी हो उसकी उपस्थिति हर जगह बरकरार है। देश के अन्य हिस्सों में भी यही स्थिति है। आज भी जनता के प्रति राजशाही का ‘मानस’ नहीं बदला है और हमारा उनके प्रति ‘आचरण’।

संदर्भ साहित्य-
1. मध्य हिमालय की रियासत में ग्रामीण जनसंघर्षों का इतिहास- डाॅ. राधेश्याम बिजल्वाण ‘रवाॅल्टा’ बिजल्वाण प्रकाशन, पुरोला, उत्तरकाशी, वर्ष-2003
2. रियासती षडयन्त्रों का इतिहास- बृज भूषण गैरोला, युगवाणी प्रकाशन, देहरादून, वर्ष-1999
3. स्वतः स्फूर्त ढंढकों से प्रजामंडल तक- गिरिधर पंडित, पहाड़ 3-4, पहाड़ प्रकाशन, नैनीताल, वर्ष-1989

………………………………………………

अरुण कुकसाल
ग्राम- चामी, पोस्ट- सीरौं- 246163
पट्टी- असवालस्यूॅं, विकासखण्ड- कल्जीखाल
जनपद- पौड़ी (गढ़वाल), उत्तराखण्ड

]]>
https://researchdiary.in/daulatram-khugshal/feed/ 0
स्मृति शेष : बलदेव सिंह आर्य -उत्तराखंड में शिल्पकार पहचान https://researchdiary.in/ex-mla-baldev-singh-arya/ https://researchdiary.in/ex-mla-baldev-singh-arya/#respond Tue, 12 May 2026 14:23:32 +0000 https://researchdiary.in/?p=21557

बलदेव सिंह आर्य -उत्तराखंड में शिल्पकार पहचान

 

By – Vinod Arya

 

सामाजिक न्याय, शिल्पकार चेतना और समानता के महान अग्रदूत बलदेव सिंह आर्य जी (12 मई ) की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।

बलदेव सिंह आर्य ने अपना संपूर्ण जीवन हिमालयी समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के सम्मान, अधिकार और आत्मगौरव के लिए समर्पित किया। उस दौर में जब शिल्पकार समुदाय सामाजिक भेदभाव, अस्पृश्यता और अपमानजनक परंपराओं से जूझ रहा था, तब बलदेव सिंह आर्य जी ने साहसपूर्वक परिवर्तन की मशाल उठाई। आपकी नजर में हर वो व्यक्ति शोषित, दलित तथा कमजोर था जिसके अधिकारों पर एक खास वर्ग कब्जा करके बैठा था ।

“डोम” जैसी अपमानजनक पहचान के स्थान पर “शिल्पकार” जैसी सम्मानजनक सामाजिक पहचान स्थापित कराने में उनका योगदान ऐतिहासिक है।

‘डोला पालकी आंदोलन’ के माध्यम से उन्होंने सामाजिक भेदभाव को खुली चुनौती दी और समान नागरिक अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वे केवल समाज सुधारक ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी जननेता भी थे। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने शिक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास और अनुसूचित जातियों के सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।

बलदेव सिंह आर्य का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरक गाथा है। उत्तराखंड का अनुसूचित जाति समाज और पूरा प्रदेश उनके योगदान को सदैव कृतज्ञता और सम्मान के साथ याद करेगा।

लेखक : शहरी विकास विभाग उत्तराखंड में सहायक निदेशक है।

]]>
https://researchdiary.in/ex-mla-baldev-singh-arya/feed/ 0
12 मई विशेषांक : शिल्पकारों के उत्थान के लिए लड़ते रहे बलदेव सिंह आर्य। https://researchdiary.in/baldev-singh-arya/ https://researchdiary.in/baldev-singh-arya/#respond Tue, 12 May 2026 04:43:12 +0000 https://researchdiary.in/?p=21546

‘जातीय जड़ता जाने का जश्न मनायें’।

उत्तराखण्ड के शिल्पकार वर्ग में सामाजिक-शैक्षिक चेतना के अग्रदूत बलदेव सिंह आर्य (12 मई, 1912 से 22 दिसम्बर, 1992) का आज जन्मदिन है। 

 

By – Arun kuksal

 

सन् 1930 में 18 वर्ष की किशोरावस्था में निरंकुश बिट्रिश सत्ता का सार्वजनिक विरोध करके 18 महीने की जेल को सर्हष स्वीकार करना उनके अदम्य साहस और दीर्घगामी सोच का ही परिणाम था।

 

देश के स्वाधीन होने के बाद एक कुशल राजनीतिज्ञ के रूप में बलदेव सिंह आर्य की ख्याति रही है। उत्तराखण्ड में वन और वनवासियों की स्थिति तथा सुधार के दृष्टिगत वन मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार रहते हुए बलदेव सिंह आर्य की अध्यक्षता में ‘कुमाऊँ जंगलात जाँच समिति-1959 (कुजजास)’ का गठन किया गया था। समिति ने जंगलों पर स्थानीय निवासियों के परम्परागत हक-हकूकों को स्वीकारते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे।

 

यह गौरतलब है कि यदि ‘कुमाऊँ जंगलात जाँच समिति-1959’ के सुझावों को तत्कालीन सरकार गम्भीरता से लागू कर देती तो संभव था कि हम ‘वन संरक्षण अधिनियम -1980’ के दुष्परिणामों की जकड़ में नहीं जकड़े होते। और, आज उत्तराखण्ड की वन्यता की बेहतर स्थिति और देखभाल होती।

 

बलदेव सिंह आर्य ने विगत शताब्दी के चर्चित ‘डोला पालकी आन्दोलन’ में भाग लेकर भेदभावपूर्ण तत्कालीन सामाजिक विभेद को खुली चुनौती दी थी। उनके संपादन में 1942 में तैयार ‘सवाल डोला पालकी’ रिपोर्ट देश भर में चर्चित हुई थी। इस रिर्पोट से प्रेरणा लेकर उस दौर में देष के अन्य क्षेत्रों और समुदायों के आम लोगों ने सामाजिक पक्षपात के विरुद्ध आवाज उठाई थी।

 

‘सवाल डोला पालकी’ रिर्पोट-1942 में उल्लेखित है कि ‘डोला-पालकी समस्या को सुलझाने में हमें देश के बडे़-बड़े नेताओं का नैतिक और क्रियात्मक सहयोग बराबर मिल रहा है और उस समय तक मिलता रहेगा जब तक शिल्पकारों के इस नागरिक अधिकार को समस्त बिठ (सर्वण) जनता स्वेच्छा से स्वीकार न कर लें। वे जब तक इस बात को अनुभव न कर लें कि शिल्पकार भी अपने ही भाई हैं और उनकी उन्नति करना भी हमारा फर्ज है।… बिठ जनता को तो यह स्वयं अनुभव कर लेना चाहिए कि यदि हमारा एक अंग अधिकार से वंचित रहता है तो यह हमारी राष्ट्रीय अयोग्यता है और जब तक यह दूर न होगी तब तक हमारा कल्याण नहीं हो सकता है।’ (उत्तराखंड में दलित चेतना, पृष्ठ-14, उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट, वर्ष-2006)

 

उक्त वक्तव्य यह स्पष्ट करता है कि देश के स्वाधीनता आन्दोलन में जहाँ सवर्ण राजनैतिक आजादी के सवाल पर मुखर था, वहीं उस समय का दलित वर्ग देश की आजादी के साथ स्थानीय समाज द्वारा उन पर हो रहे परम्परागत सामाजिक उत्पीड़न और नागरिक अधिकारों को हासिल करने के लिए भी संघर्षरत था। डाॅ. अम्बेडकर के संपूर्ण जीवनीय संघर्ष को देश में शिल्पकारों के इस दोहरे संघर्ष के प्रतिनिधि विचार के रूप में बेहतर और आसानी से समझा जा सकता है।

 

बात 20वी शताब्दी के उत्तराखण्ड पर केन्द्रित करते हैं। देश के स्वाधीनता से पूर्व के कालखण्ड में हरिप्रसाद टम्टा, खुशीराम आर्य, लक्ष्मी देवी टम्टा, जयानंद भारती से लेकर बलदेव सिंह आर्य आदि कई अन्य व्यक्तित्वों ने षिल्पकार वर्ग में सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनैतिक, शैक्षिक और आर्थिक चेतना को उभारा। विडम्बना ये है कि शिल्पकारों के प्रति सामुदायिक भेदभाव का यह अंतहीन सिलसिला आज शताब्दी बाद भी बदस्तूर जारी है।

 

तब की स्थिति पर समाज-सुधारक हरिप्रसाद टम्टा ने लिखा कि ‘जार्ज पंचम के 1911 में अल्मोड़ा आगमन पर आयोजित समारोह में उन्हें और उनके साथ अन्य शिल्पकारों को शामिल नहीं होने दिया गया था। लोगों ने यहाँ तक कह दिया था कि अगर मुझ जैसे दरबार में शामिल होंगे तो बलवा हो जायेगा।…..इन्हीं बातों के बदौलत मेरे दिल में इस बात की लौ लगी थी कि मैं अपने भाईयों को दुनिया की नजरों में इतना ऊँचा उठा दूंगा कि लोग उन्हें हिकारत की निगाहों से नहीं बल्कि मुहब्बत और बराबरी की नजरों से देखेंगे…’ (डाॅ. मुहम्मद अनवर अन्सारी, पहाड़-4, सन् 1989)

 

साहित्यकार चमनलाल प्रद्योत अपने बचपन को याद करते लिखते हैं कि ‘मेरा मन करता कि मैं भी स्कूल में होता तो कितना अच्छा होता। मैं ललचाता। …मैं दिवास्वप्न देखता और अपने को स्कूल में बच्चों के बीच पाता। …तभी जानवरों का ख्याल आता और हड़बड़ाहट में मेरी तंद्रा टूट जाती और मैं फिर चरवाहा बन जाता। मेरी स्कूल जाने की तीव्र इच्छा, वर्षों इसी तरह ललकती रही, परन्तु सामाजिक भेदभाव और परिवार के आर्थिक अभावों के रहते हुए उसे आकाश से तारे तोड़ने के समान समझता रहा।’(‘मेरा जीवन प्रवाह‘ आत्मकथा, पृष्ठ-35)

 

देश के स्वाधीनता के बाद उत्तराखण्ड में हुए आन्दोलनों यथा- सर्वोदय, वन (चिपको), नशा नहीं रोजगार दो, बाँध विरोधी और राज्य निर्माण आन्दोलनों में शिल्पकार वर्ग की भागेदारी और योगदान को समय के अंतराल ने नेपथ्य डाल दिया। इन आन्दोलनों की पड़ताल पर लिखे गए अथाह लेखों और शोध-पत्रों में दलित योगदान का जिक्र चलते-चलते ही हुआ है। आन्दोलनों में महत्वपूर्ण भूमिकायें निभाने वाले कई अनाम नायक हैं, जिन्हें भुला गया। यही इन आन्दोलनों की असफलता और अधूरेपन का प्रतीक और प्रमाण भी है।

 

साहित्यकार बचन सिंह नेगी की ‘डूबता शहर’ किताब में शिल्पकार वर्ग की यह व्यथा जबरदस्त रूप में जगजाहिर हुई है। ‘…वह मन की टीस को दबाये चैतू को समझाता है-चैतू बाँध विरोधी और सर्मथक नेताओं की बात पर यकीन मत कर। ये लोग अपनी नेतागिरी चमकाने की बात करते हैं। तुम्हें बहका रहे हैं कि ‘कोई नहीं हटेगा, कोई नहीं उठेगा।’ और अपना परिवार उन्होने दो साल पहिले ही देहरादून में जमा लिया है। कोठी बना ली है।… और उसके जाति-बिरादरों के पास न जमीन है न मकान। शिल्पकारी का पैतृक हुनर विरासत में जो मिला था, वो भी बाॅंध की बलि चढ़ गया। शिल्पकार से मजदूर बने, वो भी विस्थापित। उनका जीवनीय दर्द उनके पास ही छटपटाता है। वे बाँध सर्मथक और बाँध विरोधी आन्दोलनों के चिन्तन और चिन्ता का कभी हिस्सा नहीं बन पाये। बनते कैसे? वे जिस सामाजिक पृष्ठभूमि से हैं उनके हितों की रक्षा करने की विकास अथवा विनाश का शोर मचाने वालों के लिए कोई अहमियत नहीं है।’’(डूबता शहर, पृष्ठ-85)

 

इंजीनियर और साहित्यकार बिहारी लाल दनोसी की जीवनीय सफलता के पीछे का यह दर्द वो ही समझ सकते हैं, जो इससे गुजरे हैं। ‘आज विश्वास नहीं होता कि उन विकट सामाजिक प्रताड़नाओं को सहकर मैंने कैसे उनसे पार पाया होगा? परन्तु उस काल में मेरे भोगे गये कटु सामाजिक यथार्थ और उस पर हिम्मत एवं सयंम से पायी गयी विजय दोनों ही सच है।’ (युगवाणी-जून, 2019, पृष्ठ-36)

 

शिक्षक और साहित्यकार मित्र महेशानन्द अपने बचपन को याद करते हुए लिखते हैं कि ‘गाँव में डड्वार मांगने गई मेरी माँ जब घर वापस आई तो उसकी आखें आसूओं से ड़बडबाई हुई और हाथ खाली थे। मैं समझ गया कि आज भी निपट ‘मरसा का झोल’ ही सपोड़ना पड़ेगा।…गाँव में शिल्पकार-सर्वण सभी गरीब थे इसलिए गरीबी नहीं सामाजिक भेदभाव मेरे मन-मस्तिष्क को परेशान करते थे।….मैं समझ चुका था कि अच्छी पढ़ाई हासिल करके ही इस सामाजिक अपमान को सम्मान में बदला जा सकता है। पर उस काल में भरपेट भोजन नसीब नहीं था तब अच्छी पढ़ाई की मैं कल्पना ही कर सकता था।…..जीवन में भोगा गया सच कहाँ पीछा छोड़ता है। अतीत में मिली सामाजिक ठ्साक वर्तमान में भी उतनी ही चुभती है। तब मेरा लेखन उसमें मरहम लगाता है। पाठक के लिए वे कहानियाँ हैं परन्तु मेरे लिए अतीत के छाया चित्र हैं।’

 

यह भी स्वीकार किया जाना चाहिए कि जातीय सद्भाव के लिए हमारे समाज में समय-समय पर बहुत से सार्थक और निरंतर प्रयास हुए हैं। इस संदर्भ में मैं बात कर रहा हूँ, पिछली शताब्दी के पचास के दशक में टिहरी (गढ़वाल) के बूढ़ाकेदार क्षेत्र के थाती और रक्षिया गाँव के उन तीन युवाओं की जिन्होने 12 वर्ष तक संयुक्त परिवार में रहकर सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण पेश किया था। समाज में जातीय भेदभाव को मिटाने का ऐसा प्रयास देश-दुनिया में शायद ही कहीं हुआ हो। हुआ यह कि इस दिन जातीय बंधनों को तिलांजलि देते हुए एक पंडित, एक क्षत्रिय और एक शिल्पकार परिवार ने एक साथ रहने का फैसला लिया था। धर्मानंद नौटियाल (सरौला ब्राह्मण, थाती गाँव), बहादुर सिंह राणा (थोकदार क्षत्रिय, थाती गाँव) और भरपुरू नगवान (शिल्पकार, रक्षिया गाँव) ने मय बाल-बच्चों सहित एक साझे घर में नई तरह से जीवन-निर्वाह की शुरुआत की थी। परन्तु, यह अभिनव पहल आगे सामाजिक परम्परा नहीं बन सकी। जातीय जड़ता ने उसे आगे की ओर गतिमान होने से रोक जो दिया था। जबकि, ऐसे प्रयास आगे भी होने चाहिए थे।

 

इस सबंध में लेखक मित्र जबर सिंह वर्मा के विचार महत्वपूर्ण हैं कि ‘आखिर पढ़े-लिखे होने के बावजूद भी हम सच को स्वीकार करने और उसका सामना करने को तैयार क्यों नहीं हो पा रहे हैं? यह मनुवादी जाति व्यवस्था न तो आज के किसी सवर्ण ने बनाई, न ही आज के किसी दलित ने अपने सिर पर रखकर उसे स्वीकारी है। जब हम इस व्यवस्था को पैदा करने के लिए ही जिम्मेदार नहीं हैं तो इसे बनाए रखने को क्यों जिम्मेदार बने? वो भी तब, जबकि इससे देश और समाज का बुरा हो रहा है। इसलिए इसे पुरखों से विरासत में मिली बुरी परंपरा के तौर पर स्वीकार कर इसके खात्मे के लिए आज के पढ़े-लिखे समाज को आगे आना चाहिए। ठीक उसी तरह जैसे सती प्रथा, विधवा विवाह, बलि प्रथा, पर्दा प्रथा जैसी पुरानी बहुत सी परंपराएं थी। समय के साथ उनके दुष्परिणामों को आमजन ने स्वीकारते हुए उन्हें खत्म कर दिया था।’ (जबर सिंह वर्मा, फेसबुक पोस्ट, 8 मई, 2019)

 

वास्तविकता यह है कि आज भी सवर्ण और शिल्पकार ऊपरी सतह में एक दिखने के बावजूद भी भीतरी तौर पर परत दर परत अलग-अलग घटकों में बंटे हुए हैं। विशेषकर, उत्तराखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों में सवर्ण अपने जातीय अहंकार से अभी भी लबालब हैं। आज के दौर में सवर्णों में घटते रोजगार का कारण वे सीधे तौर पर शिल्पकार वर्ग को दिए जाने वाले आरक्षण को मान रहे हैं। कुटिल राजनैतिक व्यवस्था उनके इस भ्रम को बनाये और जागृत रखना चाहती है। ताकि, उसकी नालायकी ढ़की रहे।

 

निःसंदेह, शिल्पकार वर्ग की ग्रामीण युवा पीढ़ी सवर्णों के बच्चों की तुलना में शिक्षा प्राप्त करने में पठन-पाठन में अच्छा प्रर्दशन कर रही है। नतीजन, रोजगार प्राप्त करने में भी वे आगे ही हैं। परन्तु समाज में उनके प्रति जातीय मानसिकता के चलते वे चाह कर भी वापस गाँवों में नहीं जाना और बसना चाहते हैं। सवर्णों के मुकाबले शिल्पकारों के गांवों में तेजी से खाली और वीरान होते घरों को देखकर इस तथ्य को भली-भांति समझा जा सकता है।

 

प्रेम पंचोली मानते हैं कि ‘’राजनैतिक और सामाजिक संगठनों में अभी तक दलित नेतृत्व मात्र शो पीस के स्तर तक ही पहुँचा है। नतीजन, राजनैतिक पार्टियों में दलित प्रतिनिधि अपने नेताओं की पिछलग्गू छवि से आगे नहीं बढ़ पाये हैं। यही कारण है कि, वे अपने राजनैतिक नेतृत्व के सम्मुख दलित हितों की बातों को तर्कशील और पुरजोर तरीके से नहीं रख पाते हैं।’’

 

उत्तराखण्डी समाज के दलित मुद्दों और चेतना पर गम्भीरता से लिखने वाले मित्र यथा- मोहन मुक्त, आर.पी. विशाल, प्रदीप टम्टा, सुरेश भाई, पवन कुदवान, सरस्वती कोहली, विकास आर्य, पी.सी. तिवारी, उषा टम्टा, अनिल स्वामी, किशोर मुक्त, विनय शाह आदि की यह बात को अच्छी तरह समझा जाना चाहिए कि उत्तराखण्ड के ग्रामीण समाज की सामाजिकता और आर्थिकी को जीवंत करने में शिल्पकार बन्धुओं की प्रमुख भूमिका रही है। आज भी जो कुछ लोक का तत्व हमारे समाज में जीवंत दिखाई और सुनाई दे रहा है, उसका संवाहक शिल्पकार वर्ग ही है।

 

अभी भी वक्त है, पहाड़ी जन-जीवन की सामाजिक समरसता और सादगी के प्रवाह को हम नई पीढ़ी की ओर निरंतर और निर्बाध रूप में बहने दें। इसके लिए जाति की जड़ता जाये तो उसके जाने का जश्न मनायें। ताकि हमारी नई पीढ़ी जाति के दायरे से बाहर निकल सके। और, ऐसे उत्तराखण्डी समाज को विकसित करें जिसमें जाति से बजाय अपने जम़ीर से लोग अनुशासित और आनंदित हों। बलदेव सिंह आर्य जैसे मार्गदर्शी व्यक्तित्वों ने शताब्दी पहले जीने की यही राह हमें दिखाई थी।

………………………………

लेखक संपर्क – अरुण कुकसाल, ग्राम- चामी, पोस्ट- सीरौं- 246163, पट्टी- असवालस्यूॅं, विकासखण्ड- कल्जीखाल, जनपद- पौड़ी (गढ़वाल), उत्तराखण्ड

]]>
https://researchdiary.in/baldev-singh-arya/feed/ 0
विल्सन के अनुसार, जाति व्यवस्था एक कृत्रिम संरचना है। पढ़े पूरी रिपोर्ट https://researchdiary.in/caste-the-origins-of-our-discontents/ https://researchdiary.in/caste-the-origins-of-our-discontents/#respond Mon, 11 May 2026 08:13:21 +0000 https://researchdiary.in/?p=21531

By – Vinod Arya ।।

जाति व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य शक्ति और संसाधनों का असमान वितरण है। यह एक ऐसा “ब्लूप्रिंट” है जो समाज को यह बताता है कि किसे सम्मान मिलेगा, किसे अवसर मिलेंगे और किसे हाशिए पर रखा जाएगा। इस पुस्तक में विभिन्न शोध के माध्यम से लेखक विल्सन का तर्क है कि जब तक हम इस अदृश्य ढांचे (Caste) को नहीं समझेंगे, सामाजिक भेदभाव को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाएंगे।

“Caste: The Origins of Our Discontents” विल्सन के अनुसार, जाति एक ऐसी कृत्रिम संरचना है जो मानवीय मूल्यों को एक पदानुक्रम (hierarchy) में विभाजित कर देती है। जाति व्यवस्था के आठ स्तंभों को से ज्ञात होता है कि जाति व्यवस्था का उद्देश्य ही शोषण एवं संसाधनों पर वर्ग विशेष का अधिकार सुनिश्चित करना है।

1. ईश्वरीय इच्छा और प्रकृति का नियम।
यह विश्वास दिलाना कि सामाजिक विभाजन ईश्वर द्वारा बनाया गया है या यह प्राकृतिक है। इससे ऊंच-नीच के ढांचे को पवित्रता और वैधता मिलती है, जिससे लोग इसे चुनौती देने से डरते हैं।

2. वंशानुक्रम
जाति जन्म से निर्धारित होती है। आप जिस परिवार में पैदा हुए हैं, आपकी सामाजिक स्थिति वही रहेगी। इसे बदला नहीं जा सकता, चाहे आपकी योग्यता कुछ भी हो।

3.अंतर्विवाह और विवाह पर नियंत्रण
अपनी ही जाति या समूह में विवाह करने का नियम। यह विभिन्न समूहों के बीच रक्त के मिलन को रोकता है ताकि “शुद्धता” बनी रहे और ऊंच-नीच की दीवारें कायम रहें।

4.पवित्रता और प्रदूषण
यह धारणा कि उच्च जाति “शुद्ध” है और निम्न जाति “अशुद्ध” या प्रदूषित करने वाली है। इसके आधार पर ही अछूत प्रथा और अलग रहने के नियम बनाए जाते हैं।

5. व्यावसायिक सोपान
जाति के आधार पर काम का बंटवारा। समाज के सबसे कठिन, गंदे और कम वेतन वाले काम निचली जातियों के लिए सुरक्षित कर दिए जाते हैं, जबकि सम्मानजनक पद उच्च जातियों के पास रहते हैं।

6.अमानवीयकरण और कलंक
निचली जाति के लोगों को इंसान से कम समझना। उनकी व्यक्तिगत पहचान छीनकर उन्हें केवल एक समूह के रूप में देखना, ताकि उनके खिलाफ होने वाली हिंसा या अन्याय को जायज ठहराया जा सके।

7. क्रूरता और नियंत्रण
जाति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हिंसा और डर का उपयोग करना। यदि कोई अपनी जाति की सीमाओं को लांघने की कोशिश करता है, तो उसे सजा देकर पूरे समूह को चेतावनी दी जाती है।

8. अंतर्निहित श्रेष्ठता बनाम अंतर्निहित हीनता
यह मानना कि एक समूह जन्मजात रूप से बुद्धिमान और बेहतर है, जबकि दूसरा समूह जन्मजात रूप से अक्षम है। यह समाज में सूक्ष्म व्यवहारों और दृष्टिकोणों के माध्यम से झलकता है।

………………………………..

लेखक – उत्तराखंड शहरी विकास विभाग में सहायक निदेशक है

]]>
https://researchdiary.in/caste-the-origins-of-our-discontents/feed/ 0
पौने दो सौ साल पुरानी फोटो जीवंत और आज का हिमालय संकट में। पढ़े पूरी रिपोर्ट https://researchdiary.in/photo-170-years-old/ https://researchdiary.in/photo-170-years-old/#respond Wed, 06 May 2026 03:12:13 +0000 https://researchdiary.in/?p=21496

By – Prem Pancholi

यह देहरादून का दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र है। यहां पर आजकल पौने दो सौ साल पहले के इतिहास औऱ भूगोल से संबंधित चित्रों की प्रदर्शनी लगी है।
जी हां! सन 1854-55 के दौरान बवेरिया यानी अब जर्मनी का भाग के तीन साहसिक अंवेषक भारत आये औऱ ईस्ट इंडिया कम्पनी की इज़ाज़त लेकर हिमालयी क्षेत्र में वैज्ञानिक शोध करने गए। जिनमें रोबर्ट शलाहगिंटावाईट, हरमन शलाहगिंटावाईट औऱ अडोल्फ शलाहगिंटावाईट प्रमुख थे।

इन्होंने कश्मीर, हिमाचल, गढ़वाल – कुमाऊं हिमालय से लेकर तिब्बत नेपाल के हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को दर्ज किया औऱ कई तस्वीरें खींची। यह भी कह सकते हैं कि हिमालयी क्षेत्र में कैमरे का प्रयोग करने वाले शायद यह पहले लोग थे। चूंकि तस्वीरें ब्लैक एंड व्हाइट थी औऱ आज के मुकाबले में रिजोल्यूशन बहुत बढ़िया नहीं था। अतः तस्वीरों के आधार पर पेंटिंग्स भी बनायी गयी l जिसकी यह प्रदर्शनी है।

इतिहास के जानकार और हिमालयी सहयात्री प्रो० शेखर पाठक बताते हैं कि ईस्ट इंडिया कम्पनी औऱ शलाहगिंटावाईट बन्धुओं के बीच हुए समझौते के तहत ईस्ट इंडिया कम्पनी द्वारा शोध के नतीजों औऱ तस्वीरों को प्रकाशित किया जाना था l किन्तु सन 1857 की असफल क्रांति के इस्ट इंडिया कम्पनी का राज ही खत्म हो गया। भारत का राज सीधे ब्रिटिश राज्य के अधीन हो गया। तब ये तस्वीरें लॉकर्स में ही रखी रह गयी l

जब कुछ वर्ष पूर्व इतिहासकार, घुमक्कड़ प्रोफेसर शेखर पाठक म्युनिख स्थित अल्पाईन म्यूजियम में हिमालय अभियानों के सन्दर्भ में पंडित नैन सिंह रावत पर व्याख्यान देने गए, तो उन्हें इन तस्वीरों के बारे में जानकारी मिली।

प्रोफेसर पाठक के प्रयासों से ये तस्वीरें पहली बार भारत लायी गयी। ताकि आज के विद्यार्थी भी इन्हें सुन सकें और देख सके। इन्हीं तस्वीरों की प्रदर्शनी “दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र” में चल रही है जो आठ मई तक सार्वजनिक रूप से लोगो के लिए खुली रखी गई है। बिल्कुल इन पेंटिंग्स के ज़रिए हिमालय के एक ऐतिहासिक कालखंड से बातें की जा सकती है।

पहाड़ के संस्थापक पद्मश्री प्रो० शेखर पाठक ने बातचीत में बताया कि एक दशक पहले, उन्हें बर्लिन की फ्री यूनिवर्सिटी के प्रो. हरमन क्रेट्ज़मैन ने हिमालयन एक्सप्लोरेशन पर बोलने के लिए बुलाया और वे पंडित नैन सिंह रावत पर बोलने के लिए म्यूनिख के एल्पाइन्स म्यूज़ियम ले गए। तब अलेक्जेंडर वॉन हम्बोल्ट और कार्ल रिटर के बारे में और जानने और सुनने के बारे में सोच रहा था और भारतीय भूगोल, टोपोग्राफिक सर्वे और हिमालयन स्टडीज़ में श्लागिन्ट्वाइट भाइयों के योगदान के बारे में भी जानना चाहता था। लेकिन यह उससे कहीं ज़्यादा था। कहा कि यह सच में उनके और पहाड़ के लिए एक नई शुरुआत थी।

मैडम स्टेफ़नी क्लेड्ट, जिन्होंने इस एग्ज़िबिशन को क्यूरेट, डिज़ाइन और लागू किया, ने बहुत प्यार से म्यूनिख में ‘स्टैट्लिश ग्राफ़िशे सैम्लंग’ में एक मीटिंग अरेंज की, जहाँ कई ड्रॉइंग्स को बहुत ध्यान से रखा गया था। कहा कि वह खुशकिस्मत भारतीयों में से एक हैं जिन्होंने नैनीताल और कुमाऊँ के आस-पास के इलाकों, ऊँचे हिमालय के नज़ारों और उन्नीसवीं सदी के बीच की पवित्र जगहों की ड्रॉइंग्स, स्केच और पेंटिंग्स को हाई क्वालिटी और ओरिजिनल डिटेल में देखा। हालांकि देहरादून में सर्वे ऑफ़ इंडिया और स्टॉकहोम में स्वेन हेडिन फ़ाउंडेशन में श्लागिन्ट्वाइट वॉल्यूम देखे हैं और उनके बड़े हिमालयन डॉक्यूमेंटेशन का अंदाज़ा लगाया है।

प्रो० पाठक ने बताया कि हरमन और स्टेफ़नी के लगातार शामिल होने और पहल करने से यह मुमकिन हुआ और वे पहले फ़ेज़ में तीन जगहों पर ओपनिंग लेक्चर के साथ एक्ज़िबिशन ऑर्गनाइज़ कर रहे हैं – इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, दिल्ली; दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर, देहरादून और CRST कॉलेज/RST उत्तराखंड एकेडमी ऑफ़ एडमिनिस्ट्रेशन, नैनीताल।

पौने दो सौ साल पुरानी फोटो जीवंत और आज का हिमालय संकट में। पढ़े पूरी रिपोर्ट

पहाड़ की तरफ़ से ‘एल्पाइन्स म्यूज़ियम’, ‘स्टैट्लिश ग्राफ़िशे सैम्लुंग म्यूनचेन’, बवेरियन स्टेट लाइब्रेरी, श्लागिन्ट्वाइट फ़ैमिली के सदस्यों और उन इंस्टीट्यूशन-ऑर्गेनाइज़ेशन-स्पॉन्सर-लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं, जिन्होंने इंडिया में एक्ज़िबिशन होस्ट करने में मदद की। वे प्रोफ़ेसर हरमन क्रेट्ज़मैन, मैडम स्टेफ़नी क्लेड्ट, डॉ. जोहानिस एरिक्सन, स्टीफ़न रिटर और इन संस्थानों के अन्य लोगों को भारत में इस प्रदर्शनी के लिए इतनी गहरी दिलचस्पी और नियमित समर्थन के लिए धन्यवाद देते हैं। आईआईसी और इसके अध्यक्ष श्याम शरण (और आईआईसी के अन्य लोगों) के भी आभारी हैं; जर्मन दूतावास, दिल्ली के राजदूत फिलिप एकरमैन, डीएलआरसी के अध्यक्ष प्रोफ़ेसर बी.के. जोशी, निदेशक एन. रविशंकर, एन.एस. नपलच्याल, सी.एस. तिवारी और निकोलस हॉफलैंड, लोकेश ओहरी (आईएनटीएसीएच), संजीव चोपड़ा (वीओडब्ल्यू), देहरादून, श्री बी.पी. पांडे, डी.जी, आरएसटीयूएए, अनूप साह, प्रबंधक मनोज पांडे, प्राचार्य, सीआरएसटी कॉलेज, नैनीताल एग्ज़िबिशन और उससे जुड़े पब्लिकेशन को सपोर्ट करने के लिए टूरिज़्म डिपार्टमेंट, उत्तराखंड सरकार के मिस्टर डी. गर्ब्याल का शुक्रिया करते है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ टीम चंदन डांगी दिल्ली, जी. पांडे, ए. उपाध्याय, पी. बिष्ट एच. पाठक इसके पीछे काम कर रही है। उनका और एस. जोशी, श्रीमती उषा कश्यप का भी शुक्रिया, जिन्होंने कैटलॉग और कैलेंडर को प्रिंट करने में कम समय में बहुत कुछ किया।


……………………………………
साभार: आलेख के तकनीकी पक्ष मुकेश प्रसाद बहुगुणा की वाल से लिये गए है।
फोटो साभार : आशी डोभाल

]]>
https://researchdiary.in/photo-170-years-old/feed/ 0
ऐतिहासिक चेतना का पड़ाव ‘पेशावर विद्रोह’ (23 अप्रैल, 1930 ) पर विशेष https://researchdiary.in/peshawar-kand/ https://researchdiary.in/peshawar-kand/#respond Thu, 23 Apr 2026 03:20:54 +0000 https://researchdiary.in/?p=21430

ऐतिहासिक चेतना का पड़ाव ‘पेशावर विद्रोह’ (23 अप्रैल, 1930 ) पर विशेष।

 

By – Charu Tiwari

 

सीमांत गांधी अब्दुल गफ्फार खां भारत विभाजन के बाद पेशावर में ही रहे। वे जब भारत आये तो प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने खुशी जाहिर करते हुये कहा- ‘आपने बहुत अच्छा किया, आप हम सबसे मिलने आये।’ गफ्फार खां ने उत्तर दिया- ‘मैं आपसे नहीं, चन्द्रसिंह गढवाली से मिलने आया हूं।’ सीमांत गांधी के इस वक्तव्य से चन्द्र सिंह गढवाली के महत्व को समझा जा सकता है।

 

उत्तराखंड की राजनीतिक-सामाजिक चेतना के दो महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पड़ाव हैं। एक 23 अप्रैल, 1930 जब गढ़वाली सैनिकों ने पेशावर में निहत्थे पठानों पर गोली चलाने से इंकार कर राष्ट्रीय आंदोलन को न केवल ताकत दी, बल्कि ज़ुल्म के खिलाफ खड़े होने का साहस भी दिया। क़ौमी एकता की जो मिसाल गढवाली सैनिकों ने दी उसे नजीर माना जाता है। दूसरी ओर 30 मई, 1930 को तिलाडी में टिहरी राजसत्ता ने अपने हकों के लिये इकट्ठी अपनी ही निहत्थी जनता पर गोलियां बरसाई। इन दोनों घटनाओं का जिक्र एक साथ इसलिए करना जरूरी है क्योंकि जहां एक ओर चन्द्र सिंह गढवाली के नेतृत्व में गढवाली सैनिक दुनिया में सौहार्द और भाईचारे का संदेश दे रहे थे, वहीं उन्हीं गढ़वाली सैनिकों के राज्य में राजा उन्हें गोली से भून रहा था।

 

इन घटनाओं ने हमारे लिये संघर्ष का एक नया रास्ता तैयार किया। आजादी के आंदोलन में भी और बाद में भी। यह अलग बात है कि हम सब लोगों का उस सच से भी साक्षात्कार हुआ कि जिन लोगों ने अपनी निहत्थी जनता पर गोलियां चलाई वे लगातार आजाद भारत में हमारे प्रतिनिधि रहे। आज भी उन सत्ताओं के साथ खड़े हैं जो जल, जंगल और जमीन से लोगों को अलग करने की नीतियां बना रहे है दूसरी तरफ वीर चन्द्रसिंह गढवाली की वह धारा जो लगातार यहां के संसाधनों को बचाने की लड़ाई लड़ रहे थे वे कहीं नहीं हैं। खुद चन्द्र सिंह गढवाली का आजाद भारत और अपनों के बीच में क्या मूल्यांकन हुआ यह समझने के लिए उनकी यह चिट्ठी काफी है-

 

सेवा में,

माननीय मुख्यमंत्री महोदय

उत्तर प्रदेश सरकार , लखनऊ

 

पूज्य महोदय,

1- मेरी आर्थिक हालत बहुत खराब हो गई है। मेरे पास कोटद्वार भाबर के मल्ला सुकरौड में 30 बीघा जमीन बिना सिंचाई की है, जो बिल्कुल आमदनी रहित व कम है। अगर इसमें भी किसी साझीदार (दिहाडी) को बैठाना चाहूं तो कोई राजी नहीं होता, क्योंकि न तो सिंचाई का प्रबंध है और न उस पर अब तक धनाभाव के कारण खोद-खाड कर पाया हूं। इसके अलावा इस जमीन पर दो कुटुंबों का पालन-पोषण भी नहीं कर सकता। अगर मैं खुद खेती करना चाहूं तो मैं और मेरी स्त्री की उम्र, स्वास्थ्य अब श्रम करने के लिये जवाब दे चुके हैं। मेरे चार बच्चे 12, 8 और दो वर्ष के हैं। बड़ी लड़की कक्षा 8 में पढ़ती है और छोटे प्राइमरी में हैं।

2- आमदनी के नाम पर मुझे 16 रुपये पेंशन मिलती है, जो जमीन की लगान के, डंगरों की चराई वगैरह ऊपरी खर्च में व्यय हो जाया करती है।

3- मलेरिया बुखार से मेरा कुटुंब बिल्कुल पीड़ित है, उनके लिये दवाई व खुराक की कमी है। दून व फल तो क्या नमक-मिर्च भी नसीब नहीं है।

4- मेरे ऊपर 1400 रुपये का कर्ज हो चुका है। साहूकार तकाजा लगाये बैठे हैं। इसको मैंने उपरोक्त नई तोड़ जमीन को आबाद करने व झोपड़ी आदि बनाने, बैल-खेती के औजार वगैरह खरीदने में खर्च किया।

अब मेरी दशा निम्नलिखित है-

1- झोपड़ी वर्षा से टूट चुकी है, जो बाहर पड़ता वही भीतर आ रहा है।

2- कपड़ा, बर्तन जर्जर हो चुके हैं। खाना पकाने के बर्तनों में कई छेद हो चुके हैं। एक बैल मर गया था, उसके स्थान पर दूसरा खरीदा, वह भी जवाब देने वाला है। गढ़वाल में अन्न का अकाल है। मैं भी उसका शिकार हूं। इसलिए मैं आपकी शरण में आया हूं। आप मेरी यथोचित सहायता करें, तो मेरा आखिरी जीवन सुख से व्यतीत हो सकेगा। आप जो भी उचित हो, सहायता दें।

 

भवदीय

चन्द्र सिंह गढवाली

ग्राम- धुर्वपुर, खास भाबर, कोटद्वार, गढ़वाल

 

पेशावर विद्रोह के नायक चन्द्र सिंह गढवाली का 20 सितंबर, 1954 को लिखा पत्र यह समझने के लिये काफी है कि इतिहास की एक इबारत लिखने वाले इस मनीषी ने किस तरह जनता के बेहतर भविष्य के लिये अपना सबकुछ न्यौछावर किया। आज उनकी जयंती है। ऐसे युग पुरुष को कृतज्ञ श्रद्धांजलि।

 

पेशावर विद्रोह के नाम से हम जिस ऐतिहासिक घटना को जानते हैं उसके पीछे आजादी की उत्कंठा थी। गढवाली सैनिकों को 1930 में इनकी बटालियन को पेशावर जाने का हुक्म हुआ, 23 अप्रैल, 1930 को पेशावर में किस्साखानी बाजार में खान अब्दुल गफ्फार खान के लालकुर्ती खुदाई खिदमतगारों की एक आम सभा हो रही थी। अंग्रेज आजादी के इन दीवानों को तितर-बितर करना चाहते थे, जो बल प्रयोग से ही संभव था। कैप्टेन रैकेट 72 गढ़वाली सिपाहियों को लेकर जलसे वाली जगह पहुंचे और निहत्थे पठानों पर गोली चलाने का हुक्म दिया। चन्द्र सिंह भण्डारी कैप्टेन रिकेट के बगल में खड़े थे, उन्होंने तुरन्त सीज फायर का आदेश दिया और सैनिकों ने अपनी बन्दूकें नीचीं कर ली।

 

चन्द्र सिंह ने कैप्टेन रिकेट से कहा कि ‘हम निहत्थों पर गोली नहीं चलाते’ इसके बाद गोरे सिपाहियों से गोली चलवाई गई। चन्द्र सिंह और गढ़वाली सिपाहियों का यह मानवतावादी साहस अंग्रेजी हुकूमत की खुली अवहेलना और राजद्रोह था। उनकी पूरी पल्टन एबटाबाद(पेशावर) में नजरबंद कर दी गई, उनपर राजद्रोह का अभियोग चलाया गया। हवलदार 243 चन्द्र सिंह भण्डारी को मृत्यु दण्ड की जगह आजीवन कारावास की सजा दी गई, 16 लोगों को लम्बी सजायें हुई, 39 लोगों को कोर्ट मार्शल के द्वारा नौकरी से निकाल दिया गया। सात लोगों को बर्खास्त कर दिया गया, इन सभी का संचित वेतन जब्त कर दिया गया। यह फैसला मिलिट्री कोर्ट द्वारा 13 जून, 1930 को ऎबटाबाद छावनी में हुआ। बैरिस्टर मुकुन्दीलाल ने गढ़वालियों की ओर से मुकदमे की पैरवी की थी। चन्द्र सिंह गढ़्वाली तत्काल ऎबटाबाद जेल भेज दिये गये, 26 सितम्बर, 1941 को 11 साल, 3 महीन और 18 दिन जेल में बिताने के बाद वे रिहा हुये। ऎबटाबाद, डेरा इस्माइल खान, बरेली, नैनीताल, लखनऊ, अल्मोड़ा और देहरादून की जेलों में वे बंद रहे और अनेक यातनायें झेली। नैनी सेन्ट्रल जेल में उनकी भेंट क्रान्तिकरी राजबंदियों से हुई। लखनऊ जेल में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस से भेंट हुई।

 

जेल से रिहा होने के बाद कुछ समय तक वे आनन्द भवन, इलाहाबाद रहने के बाद 1942 में अपने बच्चों के साथ वर्धा आश्रम में रहे। भारत छोड़ो आन्दोलन में उत्साही नवयुवकों ने इलाहाबाद में उन्हें अपना कमाण्डर इन चीफ नियुक्त किया। डाॅ कुशलानन्द गैरोला को डिक्टेटर बनाया गया, इसी दौरान उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया, नाना जेलों में कठोर यातनायें दी गई, 6 अक्टूबर, 1942 को उन्हें सात साल की सजा हुई। 1945 में ही उन्हें जेल से छोड़ दिया गया, लेकिन गढ़वाल प्रवेश पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया। जेल प्रवास के दौरान उनका परिचय यशपाल से परिचय हुआ और कुछ दिन उनके साथ वे लखनऊ में रहे। फिर अपने बच्चों के साथ हल्द्वानी आ गये। जेल प्रवास के दौरान वे आर्य समाजी हो गये, इस बीच उन्होंने क्रान्तिकारी कम्युनिस्ट विचारों को अपनाया और 1944 में कम्युनिस्ट कार्यकर्ता के रुप में सामने आये, 1946 में चन्द्र सिंह ने गढ़वाल में प्रवेश किया, जहां जगह-जगह पर जनसमूह ने उनका भव्य स्वागत किया।

 

कुछ दिन गढ़वाल में रहने के पश्चात वे किसान कांग्रेस में भाग लेने लुधियाना चले गये और वहां से लाहौर पहुंचे, दोनों जगह उनका भारी स्वागत हुआ। टिहरी रियासत् की जनक्रान्ति में भी इनकी सक्रिय भूमिका रही है। नागेन्द्र सकलानी के शहीद हो जाने के बाद गढ़वाली ने आन्दोलन का नेतृत्व किया। कम्युनिस्ट विचारधारा का व्यक्ति होने के कारण स्वाधीनता के बाद भी भारत सरकार उनसे शंकित रहती थी। वे जिला बोर्ड के अध्यक्ष का चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन सरकार ने उनपर पेशावर विद्रोह का सजायाफ्ता होने के आरोप लगाकर गिरफ्तार कर लिया। सामाजिक बुराईयों के उन्मूलन के लिये वे सदैव संघर्षरत रहे, 1952 में उन्होंने पौड़ी विधान सभा सीट से कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से चुनाव लडा, लेकिन कांग्रेस की लहर के आगे वे हार गये।उत्तराखण्ड के विकास की योजनाओं के लिये उन्होंने अपनी आवाज उठाई और बाद के वर्षों में पृथक उत्तराखण्ड राज्य के समर्थन से लेकर विभिन्न सामाजिक और राजनैतिक गतिविधियों में उन्होंने हिस्सेदारी की।

 

पेशावर विद्रोह में हवलदार चन्द्र सिंह भण्डारी के अलावा निम्न सिपाहियों को लम्बी सजायें हुई-

 

1- हवलदार 250 नारायण सिंह गुसांई

2- नायक 224 जीत सिं रावत

3- नायक 387 भोला सिंह बुटोला

4- नायक 906 केशर सिंह रावत

5- नायक 1176 हरक सिंह धपोला

6- लांस नायक 1623 महेन्द्र सिंह नेगी

7- लांस नायक 1804 भीम सिंह बिष्ट

8- लांस नायक 2017 रतन सिंह नेगी

9- लांस नायक 2088 आनन्द सिंह रावत

10- लांस नायक 2238 आलम सिंह फरस्वाण

11- लांस नायक 2299 भवान सिंह रावत

12- लांस नायक 2698 उमराव सिंह रावत

13- लांस नायक 3164 हुकुम सिंह कठैत

14- लांस नायक 4204 जीत सिंह बिष्ट

15- लांस नायक 1069 सुन्दर सिंह बुटोला

16- लांस नायक 2472 खुशहाल सिंह गुसाई

17- लांस नायक 2436 ग्यान सिंह भण्डारी

18- लांस नायक रुपचन्द्र सिंह रावत

19- लांस नायक 3215 श्रीचन्द सिंह सुनार

20- लांस नायक 3326 गुमान सिंह नेगी

21- लांस नायक 3564 माधो सिंह नेगी

22- लांस नायक 3607 शेर सिंह असवाल

23- लांस नायक 3637 बुद्धि सिंह असवाल

24- लांस नायक 3791 जूरासंध सिंह असवाल

25- लांस नायक 3818 राय सिंह नेगी

26- लांस नायक दौलत सिंह रावत

27- लांस नायक 4267 डब्बल सिंह रावत

28- लांस नायक 4323 रतन सिंह नेगी

29- लांस नायक 4383 श्याम सिंह सुनार

30- लांस नायक 4603 मदन सिंह नेगी

31- लांस नायक 4619 खेम सिंह गुंसाई

 

निम्न लिखित को मिलेट्री कोर्ट मार्शल द्वारा नौकरी से निकाल दिया गया-

 

1- लांस नायक 551 पाती राम भण्डारी

2- लांस नायक 709 पान सिंह दानू

3- लांस नायक 779 राम सिंह दानू

4- लांस नायक 1071 हरक सिंह रावत

5- लांस नायक 1300 लक्ष्मण सिंह रावत

6- लांस नायक 1246 माधो सिंह गुसांई

7- 1477 चन्द्र सिंह रावत

8- 1478 जगत सिंह नेगी

9- 1673 शेर सिंह भण्डारी

10- 2196 मान सिंह कुंवर

11- 2281बचन सिह नेगी

 

निम्नलिखित को नौकरी से डिस्चार्ज किया गया-

 

1- सूबेदार त्रिलोक सिंह रावत

2- जय सिंह बिष्ट

3- हवलदार 105 गोरिया सिंह रावत

4- हवलदार गोविन्द सिंह बिष्ट

5- हवलदार प्रताप सिंह नेगी

6- नायक 234 राम शरण बडोला

7- हवलदार प्रताप सिंह नेगी

 

हमने ‘क्रियेटिव उत्तराखंड-म्यर पहाड़’ को ओर से वीर चन्द्रसिंह गढवाली पर पोस्टर प्रकाशित किया था।

 

संदर्भ: वीर चन्द्र सिंह गढवाली, लेखक- राहुल सांकृत्यायन, मेरा पहाड़।

फोटो साभार: सरफरोशी की तमन्ना

]]>
https://researchdiary.in/peshawar-kand/feed/ 0
128 साल पुरानी है ठाणा डांडा बिस्सू गनियात की कहानी https://researchdiary.in/bissu-mahotsaw-jaunsar/ https://researchdiary.in/bissu-mahotsaw-jaunsar/#respond Mon, 20 Apr 2026 01:57:09 +0000 https://researchdiary.in/?p=21425

Dr. Pawan Kudwan

1967 ई. में संवैधानिक जनजातीय पहचान जौनसार-बावर को प्राप्त हुई, किंतु जनजातीय मूल स्वरूप भौगोलिक एवं सामाजिक आधार अतीत से रहा. रीति-रिवाज एवं मेले पर्वों में यहां के लोक की लोक आत्मा बसती है. बिस्सू पर्व की धार्मिक एवं सामाजिक समरसता की नींव की अपनी यहां गहराई है. दुनिया के पर्यटनीय ऩक्शे पर आज इस स्थान की पहचान ‘चिरमिरी टॉप’ की है. किंतु अतीत की सांस्कृतिक इतिहास में ठाणा डांडा की जीवंतता है.निकटवर्ती ठाणा गाँव की छानियां यहां कभी हुआ करती थी. ठाणा डांडा बिस्सू गनियात जो बिल्कुल हमारे डिग्री कॉलेज चकराता के निकट है. मुझे 17 अप्रैल, 2026 को इसमें शामिल होने का अवसर मिला, फलतः जैसा मैंने देखा एवं समझा उसे प्राथमिक स्रोतों के माध्यम से अभिव्यक्त कर रहा हूँ.

ब्रिटिश राज में अंग्रेजों ने चकराता को ‘पहाड़ों का राजा’ कहा, कारण यहाँ की प्राकृतिक सौंदर्यता एवं अनुकूलित जलवायु. ठाणा डांडा से भी औपनिवेशिक इतिहास के किस्से जुड़ें है. लोक में मौखिक रूप में सुना जाता है कि अंग्रेज यहाँ हेलीपैड बनाना चाहते थे, किंतु स्थानीयता ने तब प्रतिरोध किया. यह भी लोक मान्यता हेै कि इस शानदार सपाट थात में वे निर्माण कार्य करना चाहते थे तब उन्होंने यहां तक घोड़ा मार्ग भी बना दिया था, जो आज भी मौजूद है. किंतु इसके नीचे झील अथवा पानी की संभावना होने के कारण उन्होंने अपने प्रोजेक्ट में बदलाव किया. यद्यपि लिखित संदर्भ स्रोत प्राप्त नहीं है. किंतु प्राथमिक स्रोतों से संदर्भित यह आधार है.
आइए अब बिस्सू पर्व की जनजातीय समाज में क्यों इतनी ऐतिहासिकता आधुनिक परिदृश्य में भी है. मूलतः यह पर्व कृषि की आर्थिक खुशहाली से जुड़ा है. पशुपालन एवं कृषि न केवल यहां बल्कि दुनिया की सभी आदिवासी क्षेत्रों की रीड़ रही है, जिस कारण जनजातीय लोक मानस के तीज़-त्यौहार भी प्रकृति के निकटता में हैं. सक्रांति से जौनसार-बावर की 39 खतों के गाँवों में गाँव-गाँवों में घर की लिपाई-पुताई यहाँ तक ऋतुओं के अनुरूप प्रवासी छानियों की भी, साथ ही यहां के आँगन चौरी के मंदिर में कुल देव महासू की पूजा अर्चना बुरांस के फूल एवं पारम्परिक व्यजंनों से की जाती है.

बिस्सू पर्व जौनसार बावर में बैसाखी के दिन अर्थात 13 अप्रैल 17 अप्रैल, चार -पाँच दिनों तक अलग-अलग खतों में अपनी सुविधानुसार लगता है. गांवों की भौगोलिक सपाट थात पर बिस्सू गनियात (मेला) लगता है. गनियात शब्द की प्राकृतिक ऐतिहासिकता का संदर्भ लोक में इस रूप में मिलता है. गानी का फूल एवं कोंपलें बीनने पूर्व समय में गाँव की बालिकाएं/युवतिया ऊँचे स्थानों पर जाया करती थी. यह औषधीय पौधा भी है. इन्हें बीनते-बीनते वे ऊँचें थातों (चोंटियों में) अलग-अलग गाँवों की बालिकाओं का आत्मीय भावनाओं के मेल मिलाप में एक मेला जैसा जमवाड़ा लग जाता था. इसी संकल्पना से फिर गनियात लोक में प्रचलित हुआ. स्थानीयता में इन स्थानों पर गनियात (मेले) लगते हैं, चौली थात, (अब रामताल गार्डन), चुरानी का बिस्सू, लुहन डांडा, जाखणी का बिस्सू, नगाय, चौलिक, खुरूड़ी, मागटी का डांडा, मकाबागी, लाखामण्डल मड़े के थौड़ें और ठाणे डांडे की गनियात जिसका ऐतिहासिक संदर्भ ठाणा गाँव के बीरेन्द्र जोशी जी एवं मेला समिति के उपाध्यक्ष सलिकराम जोशी जी ने सहिया में लगने वाले मौण मेले से बताया है.
इस गनियात में उपलगाँव खत एवं वनगाँव खत के गाँवों के सामूहिकवाद की एकता के अतीत के जश्न को मनाने का केन्द्र बिंदु रहा है, जो अब जौनसार-बावर की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में ख्याति प्राप्त स्थल हो गया है.
वनगाँव खत (खत से अभिप्राय अन्यत्र क्षेत्रों में इन्हें पट्टियां कहा जाता है) में रावना, पाटी, बुरांस्वा, मयरावना, शिर्बा, मैपाऊटा, टुंगरौली, घणता, कोटुवा, कोल्हा, बिसाऊ आदि गाँवों की मोईल्ला (समूह) अपने पारम्परिक गाजे-बाजे, ढोल-दमाऊं, रणसिंगें आदि वाद्य यंत्रों के साथ ठाणा डांडा गनियात में पहुंचते हैं तो उपलगाँव खत के ठाणा, टुंगरा, रिखाड़, बिरमों, कोरबा आदि गाँवों के लोग भव्यता से उनका आत्मीय स्वागत सत्कार करते हैं. अपनी पारम्परिक परिधानों में पुरुष एवं महिलाओं की टोलियों का सौन्दर्य एवं मर्यादित शालीनता में जौनसार-बावर की सांस्कृतिक पहचान अति मनभावन लगती है. इसके बाद बिस्सू गनियात में पारम्परिक गीत तांदी, रांसू, झैंता एवं जंगू गीतों से जो आकर्षण बनता है, वह मौलिक संस्कृति की मूल आत्मा की साझी धरोहरीय विरासत लगती है. लोगों के हाथों में तलवार, डांगरी घेसड़ी (विशेष प्रकार का लकड़ी का डंडा,) से लोकनृत्य किया जाता है.
बिस्सू गनियातों में जितनी तांदी, हारूलें, राँसू, जंगा बाजी (युद्ध/शौर्य गीत) लगते हैं, वे सब जनजातीय जीवनशैली से जुड़ें मौखिक परम्परा की लोक आत्मा आधारित होते हैं, जिनमें हर्ष, उल्लास, श्रृंगार के साथ भौगोलिक एवं सामाजिक जटिलताओं के साथ दुःख, वेदना की भी पुकार होती. इन गीतों में प्रकृति संरक्षण एवं कृषि प्रधानता की भावना लोक कलाकारों की सृजनता मन से उकेरी रहती है.

ठोड़ें नृत्य (तीरंदाजी/धनुष बाण युद्ध) जो गनियात का एक प्रमुख केंद्र बिंदु है. यह पराक्रम एवं कौशल साहस का प्रतीक है. विभिन्न खतों से युवा एवं वृद्धजन पूरे उत्साह के साथ पैरों में मोटा ऊनी पाइजामा पहनकर आते हैं. ठोड़ा गीत एवं वाद्य यंत्रों पर ठोड़ा गीत के ताल ढोली बजाते हैँ, रणसिंगा जो शौर्य एवं युद्ध की गूंज का प्रतीक है, गूंजता है और युवा ठोड़ा नृत्य करते हुए धनुष पर बाण चढ़ाते और गौरव के साथ अपने खानदान का परिचय देते हैं. फिर जोर से धनुष पर बाण खींचतें और दूसरे साथी जो पास में अपने दोनों पैरों को हिलाते रहते हैं पर जोर से तीर मारते हैं. निशाना पैरों पर ही लगाना होता है. ठीक फिर दूसरा साथी अपने धनुष बाण लेता और निशाना उसके पैरों पर लगाता है. इस बीच ठोऊड़ा गीत एवं ढोल की थाप के साथ वह साठी (कौरव पक्ष) या पासी (पांडव पक्ष) का यह कहता रहता है. कभी-कभी जोरदार तीर पैरों पर लगता है तो लोक में हंसी मजाक के रूप में कहा जाता है कि सावन के महिने रोपाई करते समय यदि पैरों में दर्द होता है तो अपनी जौनसारी बोली में कहते हैँ -ये लगा भौ ठोऊड़ा सुला विस्वा सुला विस्वा. मूलतः इस युद्ध कौशल एवं पराक्रम के भाव भले आज मनोरंजन के हो किंतु मुझे ऐसा लगता है कि यह क्षेत्र बाहरी आक्रांताओं की निकटता में रहा है फलतः जनजातीय समाज अपनी सुरक्षा आदि के अनुरूप अपनी पारम्परिक नींव तैयार करता था.

निष्कर्षत: ऐतिहासिक संदर्भ तब की जटिलताओं एवं भौगोलिक विषमताओं का जो भी रहा हो किंतु जौनसारी समाज ने तीज़ त्योहार एवं पर्वों के माध्यम से अपनी जीवंतता भौतिकवादी परिवर्तन के दौर में रखी हुई है. ठाणा डांडें की लगभग डेड़ किमी मीटर लम्बी चौड़ी थात में बाँझ- बुरांस एवं देवदार के बीच में सपाट थात में कई सौ गाड़ियां एवं हजारों लोगों की भीड़ जो हिमाचल, बावर, रवांईं, जौनसार जौनपुर एवं गढ़वाल आदि क्षेत्रों की उमंगता उत्साह आज के पलायनवादी स्वरूप में एक बड़ी आश एवं उम्मीद जगाती है.

जौनसारी संस्कृति में सांस्कृतिक जीवंतता वाद्य यंत्रों की विरासत से है. गनियात समाप्ति पर वनगाँव के ढोलियों/बाजगियों को बड़ें मान सम्मान से विदाई दी जा रही थी. इस भावनात्मक दृश्य में मुझे आकर्षित किया. बिना इनके यहां का सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन की जीवंतता सम्भव नहीं है. यमुना घाटी की जौनसारी लोक संस्कृति में लोक नृत्यों में सामूहिकवाद एवं शानदार सांस्कृतिक अनुशासन दिखता है, यही इस मौलिक संस्कृति की मूल विशेषता है. जो अन्य संस्कृतियों हेतु प्रेरणादायी भी है.

]]>
https://researchdiary.in/bissu-mahotsaw-jaunsar/feed/ 0