देहरादून लच्छीवाला टोलप्लाजा : दुर्घटना के फोटो देखकर ही रूह कांपने लग जाती है।

देहरादून के लच्छीवाला टोलप्लाजा पर आज सुबह करीब 8 बजे को ऐसा एक्सीडेंट हुआ जिसे देखकर सभी की रूह कांपने लगी। लच्छीवाला टोल टैक्स के पास हुए सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि हादसे से पहले रोज की तरह सब कुछ सामान्य चल रहा था। तभी एक तेज रफ्तार डंपर टोल टैक्स के पास एक लाल कार को टक्कर मारकर घसीटते हुए काफी आगे ले जाता है। इस हादसे की चपेट में दो अन्य वाहन भी आ जाते हैं। जिसमें दो लोगों की मौत हो जाती है। यह शुक्र कहें कि यदि आगे एक लोहे का मजबूत पोल नहीं आता तो यहां कईयों की जाने जा सकती थी। हादसा इतना खतरनाक था कि कार इस पोल पर अटक गई। इसके बाद ट्रक की टक्कर से वो कार पोल और ट्रक के बीच पिचक गई। कार की हालत इतनी खराब हो गई थी कि मृतको को गाड़ी काट करके बाहर निकाला गया।
ज्ञात हो कि देहरादून के लच्छीवाला स्थित इस टोल पर पहले भी कई हादसे हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि ज्यादातर हादसे देहरादून से आने वाली गाड़ियों के साथ ही हुए हैं। सीसीटीवी तस्वीरों में देखा गया कि कैसे ट्रक अपनी गति पर नियंत्रण खो बैठा और खतरनाक हादसा हो गया। ट्रक देहरादून की तरफ से आ रहा था. इस हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया है।









