Monday, March 9, 2026
Home lifestyle अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : महिला समूहों ने लोकगीतों पर जमकर किया नृत्य।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : महिला समूहों ने लोकगीतों पर जमकर किया नृत्य।

तिलवाड़ी सहसपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन, महिला समूहों ने लोकगीतों पर जमकर किया नृत्य।

By – Prem Pancholi

देहरादून जनपद के सहसपुर ब्लॉक अंतर्गत तिलवाड़ी स्थित काया लर्निंग सेंटर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नारी शक्ति समूह से जुड़ी विभिन्न गांवों की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में महिलाओं की भागीदारी, लोक संस्कृति की झलक और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का आयोजन नारी शक्ति समूह और काया लर्निंग सेंटर तिलवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें भाववाला, भगवानपुर, नौगांव सहित आसपास के कई गांवों से महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं पहुंचीं। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत देहरादून की अध्यक्ष उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के संघर्ष, अधिकार और उनकी उपलब्धियों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शिक्षा, राजनीति, समाज सेवा और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने महिला समूहों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सहसपुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि महिलाएं सशक्त होंगी तो परिवार, गांव और पूरा समाज मजबूत होगा। उन्होंने महिला समूहों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर संस्कृति विभाग उत्तराखंड के कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। लोक गायिका दुर्गा सागर के नेतृत्व में कलाकारों ने पहाड़ी लोकगीतों की ऐसी प्रस्तुति दी कि कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं खुद को थिरकने से रोक नहीं सकीं। जबकि अंकित सेमवाल के नेतृत्व में राग पहाड़ समिति लखवाड़ और मुकेश घलवान के नेतृत्व में गढ़ संस्कृति संरक्षण संस्था उत्तरकाशी तथा लोक गायक राम कौशल जैसे मंझे हुए लोक कलाकारों ने भी अपनी लोक प्रस्तुतियों से भरे पंडाल में समां बांध दिया। विकास बड़ेडी के संगीत संयोजन में गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकधुनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बन गया।

कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों के बच्चों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, लोकनृत्य और महिला सशक्तिकरण से जुड़े नाटकों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेशी पंवार ने किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाते हुए मंच संचालन की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और क्षमताओं को पहचानने की जरूरत है। जब महिलाएं संगठित होकर आगे बढ़ती हैं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से आता है।

काया लर्निंग सेंटर के संतोष पासी ने हमे बताया कि केंद्र का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने बताया कि काया लर्निंग सेंटर लगातार महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। महिला दिवस का यह कार्यक्रम भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति समूह और काया लर्निंग सेंटर की ओर से विभिन्न गांवों से आए उत्कृष्ट महिला स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया गया। इन समूहों को उनके सामाजिक कार्यों, आर्थिक गतिविधियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे भविष्य में भी समाज के लिए बेहतर कार्य करने का प्रयास करती रहेंगी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है, लेकिन अभी भी कई सामाजिक चुनौतियां मौजूद हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए महिलाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और संगठन की शक्ति को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं का ही नहीं बल्कि पूरे समाज का मुद्दा है। जब महिलाएं मजबूत होंगी तभी समाज और राष्ट्र भी मजबूत होगा।

इस मौके पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पलता रावत, चंद्रकांता, मंजु कुमाई, आशिता डोभाल, तथा क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर महिला दिवस को उत्सव के रूप में मनाया और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं एकजुट होकर अपनी शक्ति को पहचानती हैं, तो वे समाज में बड़े बदलाव की आधारशिला रख सकती हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का यह आयोजन महिलाओं के उत्साह, उनकी प्रतिभा और उनके सामूहिक संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।

RELATED ARTICLES

संपूर्ण संस्कृत वाङ्मय लोक जीवन से जुड़ा है – लीलाधर जगूड़ी।

- संपूर्ण संस्कृत वाङ्मय लोक जीवन से जुड़ा है - लीलाधर जगूड़ी। - दून पुस्तकालय में नवोदित प्रवाह लोक संस्कृति विशेषांक का लोकार्पण।   By - Chandrashekhar...

अंतराष्ट्रीय महिला दिवस : गोकुल संस्था द्वारा दिया गया “नारी गौरव सम्मान”

दिव्यांगजन हेतु समर्पित गोकुल संस्था द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर "नारी गौरव सम्मान" समारोह का सफल आयोजन किया गया है। बता दें कि...

आंदोलन का हथियार गीत रहा लस्का कमर बांदा।

इस वक्त की जरूरत-'लस्का कमर बांदा, हिम्मत क साथा' ‘बताऔ गीद कस ल्येखूं? यस ल्येखूं कि यस ल्येखूं? यौं गीद ग्वाव गानी डान्यूम/यौं गीद चुलि-चूल्यौंक...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Latest Post

संपूर्ण संस्कृत वाङ्मय लोक जीवन से जुड़ा है – लीलाधर जगूड़ी।

- संपूर्ण संस्कृत वाङ्मय लोक जीवन से जुड़ा है - लीलाधर जगूड़ी। - दून पुस्तकालय में नवोदित प्रवाह लोक संस्कृति विशेषांक का लोकार्पण।   By - Chandrashekhar...

अंतराष्ट्रीय महिला दिवस : गोकुल संस्था द्वारा दिया गया “नारी गौरव सम्मान”

दिव्यांगजन हेतु समर्पित गोकुल संस्था द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर "नारी गौरव सम्मान" समारोह का सफल आयोजन किया गया है। बता दें कि...

आंदोलन का हथियार गीत रहा लस्का कमर बांदा।

इस वक्त की जरूरत-'लस्का कमर बांदा, हिम्मत क साथा' ‘बताऔ गीद कस ल्येखूं? यस ल्येखूं कि यस ल्येखूं? यौं गीद ग्वाव गानी डान्यूम/यौं गीद चुलि-चूल्यौंक...

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : महिला समूहों ने लोकगीतों पर जमकर किया नृत्य।

तिलवाड़ी सहसपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन, महिला समूहों ने लोकगीतों पर जमकर किया नृत्य। By - Prem Pancholi देहरादून जनपद के सहसपुर ब्लॉक...

धराली आपदा : वैज्ञानिकों ने किया खुलासा, एक बड़े ग्लेशियर के टुकड़े के टूटने से हुई तबाही।

न बादल फटा, न ग्लेशियल झील… वैज्ञानिक अध्ययन में खुलासा: श्रीकांता ग्लेशियर से बर्फ का बड़ा हिस्सा गिरने से हुआ था धराली हादसा। ....................... 5 अगस्त...

2017 तक स्टार्टअप की संख्या थी शून्य। वर्ष 2025 में बढ़कर हुई 1750

- 2024-25 में राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) ₹ 3,81,889 करोड़ का रहा - 2021-22 के मुकाबले जीएसडीपी में आया डेढ़ गुना से ज्यादा...

एक साधारण व्यक्ति में असाधारण व्यक्तित्व की जीवन्त जीवन जीने की शब्द-यात्रा है – BARLOWGANJ AND BEYOND

- साधारण व्यक्ति का असाधारण व्यक्तित्व : प्रो. बी. के. जोशी। - प्रो. बी. के. जोशी जी के जीवनीय आत्म-संस्मरणों पर केन्द्रित पुस्तक 'BARLOWGANJ...

विकास के नए आयाम स्थापित करती ग्राम पंचायत भगवन्तपुर की ग्राम प्रधान

विकास के नए आयाम स्थापित करती ग्राम पंचायत भगवन्तपुर की ग्राम प्रधान   By - Harishankar saini   कभी गड्ढों, कीचड़ और टूटे किनारों से जूझती सलान गाँव...

होली विशेषांक : खोलो किवाड़ चलो मठ भीतर।

- खोलो किवाड़ चलो मठ भीतर। - दून पुस्तकालय में संगीताजंलि की शानदार होली प्रस्तुति दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के एम्फीथियेटर में आज संगीतांजली शास्त्रीय...

बर्लोगंज एंड बियोंड पुस्तक का लोकार्पण

पुस्तक : बर्लोगंज एंड बियोंड   By - Dr. Yogesh dhasmana   देश के प्रसिद्ध शिक्षाविद प्रो बी के जोशी के संस्मरणों पर आधारित पुस्तक बर्लोगंज एंड बियोंड...