Thursday, November 12, 2026
Home lifestyle सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर को उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य पर रील बनानी चाहिए...

सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर को उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य पर रील बनानी चाहिए – मुख्यमंत्री श्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, विशिष्ट खानपान, प्राकृतिक सौंदर्य, अनछुए पर्यटन स्थलों और स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म की व्यापक पहुंच और युवाओं की रचनात्मक क्षमता के माध्यम से उत्तराखण्ड की पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री श्री धामी आज मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘शाइनिंग स्टार्स ऑफ उत्तराखण्ड-2026’ कार्यक्रम में राज्य के प्रमुख सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से संवाद कर रहे थे ।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड से जुड़े देश-विदेश में लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, अभिनेता, गायक तथा फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कलाकारों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं और कलाकारों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनके अनुभव सुने, विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों के सहजता और विस्तार से जवाब दिए तथा उनकी रचनात्मकता, उपलब्धियों और प्रदेश के प्रति जुड़ाव की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने केवल सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी ही नहीं दी, बल्कि अपने व्यक्तिगत अनुभवों, राजनीतिक निर्णयों के पीछे की सोच, उत्तराखण्ड के विकास की संभावनाओं और भविष्य के विजन को भी साझा किया। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स को प्रदेश की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया और कहा कि उनकी पहुंच, रचनात्मकता तथा डिजिटल माध्यमों पर लोगों के विश्वास का उपयोग उत्तराखण्ड की सकारात्मक पहचान को मजबूत करने में किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन की संभावनाएं केवल मसूरी, नैनीताल, ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे प्रसिद्ध स्थलों तक सीमित नहीं हैं। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक ऐसे प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन स्थल हैं, जिनके बारे में देश-दुनिया के बहुत से लोग अभी पर्याप्त जानकारी नहीं रखते। मिलम और पिंडारी ग्लेशियर, चकराता, माणा, मलारी तथा अनेक दूसरे स्थलों को डिजिटल माध्यमों से पहचान दिलाकर पर्यटन के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कंटेंट क्रिएटर्स की एक प्रभावशाली वीडियो, रील या यात्रा-कथा किसी ऐसे गांव अथवा पर्यटन स्थल को नई पहचान दे सकती है, जिसकी संभावनाओं से अभी बहुत कम लोग परिचित हैं। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने क्रिएटर्स से आग्रह किया कि वे उत्तराखण्ड की वास्तविक सुंदरता, स्थानीय लोगों की जीवनशैली, सांस्कृतिक विविधता और प्रदेश की सकारात्मक उपलब्धियों को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत करें। कंटेंट बनाते समय तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें। केवल कुछ समय के लिए अधिक व्यूज प्राप्त करने के उद्देश्य से भ्रामक अथवा विवादित जानकारी प्रसारित करने से बचना चाहिए। दीर्घकालीन सफलता का आधार विश्वसनीयता, तथ्यपरकता और दर्शकों का विश्वास है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उत्तराखण्ड की महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय शिल्पकारों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों का उल्लेख करते हुए कहा कि सोशल मीडिया इनके लिए बाजार तक पहुंचने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, उनकी गुणवत्ता और पैकेजिंग को बेहतर बनाने तथा उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट्स’ जैसी पहल भी स्थानीय विशिष्टताओं को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय कुम्हारों, शिल्पकारों, पारंपरिक धातु के बर्तन बनाने वाले कारीगरों और ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सकती है। इससे उनकी आय बढ़ाने, पारंपरिक हुनर को संरक्षित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

कंटेंट क्रिएटर्स ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, कानून व्यवस्था, रिवर्स माइग्रेशन, पहाड़ में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को लेकर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने सभी सवालों के विस्तार से जवाब दिए। उत्तराखण्ड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने संबंधी सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में विवाह पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं और राज्य सरकार इस दिशा में पहले से काम कर रही है। त्रियुगीनारायण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशिष्ट महत्व रखता है। इसके अतिरिक्त मसूरी, देहरादून, ऋषिकेश, रामनगर, मुक्तेश्वर और अन्य क्षेत्रों में भी विवाह समारोहों के लिए अच्छी संभावनाएं हैं। राज्य में नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने और संबंधित सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से आग्रह किया कि वे उत्तराखण्ड के प्राकृतिक और सांस्कृतिक परिवेश को विवाह पर्यटन के लिए उपयुक्त गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करें।

मुंबई सहित फिल्म जगत से जुड़े उत्तराखण्ड के कलाकारों ने प्रदेश में फिल्म सिटी स्थापित करने और स्थानीय स्तर पर फिल्म निर्माण की सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए इस दिशा में संभावनाओं पर काम करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माणा जैसे सीमावर्ती गांवों को नई पहचान देने, चकराता और हनोल जैसे क्षेत्रों की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने तथा नए गंतव्यों को सामने लाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास आवश्यक हैं। सरकार बुनियादी सुविधाओं, संपर्क मार्गों और पर्यटन संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कंटेंट क्रिएटर्स के सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने सहजता से अपनी जीवन यात्रा के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों से सीखने की क्षमता जरूरी है। युवाओं को अपनी पृष्ठभूमि या संसाधनों की सीमाओं को बाधा मानने के बजाय उन्हें अपनी ताकत बनाना चाहिए।

हरिद्वार में मां गंगा के तट पर आयोजित होने वाले कुंभ को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को कुंभ की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को सकारात्मक ढंग से प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन, यूट्यूबर सौरव जोशी, अवंतिका भट्ट, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर तनु रावत, आरजे काव्या, प्रियंका कंडवाल और आशा नेगी सहित उत्तराखण्ड के विभिन्न प्रमुख कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स, गायक, अभिनेता तथा फिल्म जगत से जुड़ी अन्य प्रतिभाएं उपस्थित रहीं।

RELATED ARTICLES

गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र हुआ लॉन्च

दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत गढ़वाली भाषा की फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र लॉन्च किया गया। कार्यक्रम के...

चुनौती : COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य

जलवायु संकट और भविष्य की चुनौती। COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य By - Ramesh Prasad इक्कीसवीं सदी में मानव सभ्यता जिस...

विज्ञान को आम पहुंच में लाने के सफल प्रयास कर रहे है प्रो० पंत

उत्तराखंड में R&D इकोसिस्टम के आर्किटेक्ट - प्रोफेसर दुर्गेश पंत। By - Prem Pancholi आज तक विज्ञान बड़ी बड़ी लैब का हिस्सा होता था। मगर प्रो०...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Latest Post

गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र हुआ लॉन्च

दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत गढ़वाली भाषा की फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र लॉन्च किया गया। कार्यक्रम के...

चुनौती : COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य

जलवायु संकट और भविष्य की चुनौती। COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य By - Ramesh Prasad इक्कीसवीं सदी में मानव सभ्यता जिस...

विज्ञान को आम पहुंच में लाने के सफल प्रयास कर रहे है प्रो० पंत

उत्तराखंड में R&D इकोसिस्टम के आर्किटेक्ट - प्रोफेसर दुर्गेश पंत। By - Prem Pancholi आज तक विज्ञान बड़ी बड़ी लैब का हिस्सा होता था। मगर प्रो०...

प्रवासी सम्मेलन की तैयारी जोरो पर, होंगे अलग अलग सत्र – मुख्यमंत्री श्री धामी

13 नवम्बर को दून विश्वविद्यालय, देहरादून में आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्वयं की...

राज्योत्सव 27 : नरेन्द्र सिंह नेगी और हेमंत पाण्डेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार, पर्यावरणविद सुरेश भाई को उत्तराखंड गौरव सम्मान

- वर्ष 2024 एवं 2025 के लिए चयनित फिल्मों एवं कलाकारों को मिलेगा उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कार। - नरेन्द्र सिंह नेगी और हेमंत पाण्डेय को लाइफ...

पत्रकारों को धामी सरकार का दीपावली गिफ्ट, बढ़ेगी मान्यता और पेंशन

पत्रकारों को धामी सरकार का दीपावली गिफ्ट, बढ़ेगी मान्यता और पेंशन।। By - Santosh Bhatt मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण...

उत्तराखंड में लोकनीति, सुशासन, विधायी व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के भविष्य पर हुआ विमर्श।

By - Prem Pancholi भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए), उत्तराखंड चैप्टर की ओर से दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सहयोग से आज दून पुस्तकालय...

रमन रावत पोली को “उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान”

शिक्षिका और प्रसिद्ध उद्घोषक रमन रावत पोली को मिला उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान" डिस्कवर उत्तराखंड 24 न्यूज़ द्वारा कोटद्वार के टी सी जी पब्लिक स्कूल...

आपदा पर समीक्षा : त्वरित संपन्न हो आपदा के शेष कार्य

By - Prem Pancholi आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र जनजीवन सामान्य बनाने के निर्देश राज्य आपदा...

सुशील बौंठियाल : ‘दुनिया की ठांए-ठांए’ में निभाया संघर्षशील पिता का किरदार

उत्तराखंड के सुशील बौंठियाल की नई पारी, ‘दुनिया की ठांए-ठांए’ में निभाया संघर्षशील पिता का किरदार   उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के एक छोटे से...