Friday, November 13, 2026
Home अल्मोड़ा अतीत से जुड़ी स्मृतियों का अद्भुत कोलाज है ’सीमांत लोक की कहानियाँ’

अतीत से जुड़ी स्मृतियों का अद्भुत कोलाज है ’सीमांत लोक की कहानियाँ’

अतीत से जुड़ी स्मृतियों का अद्भुत कोलाज है ’सीमांत लोक की कहानियाँ’

By – Chandra shekhar tewari

।। कथाकार मुकेश नौटियाल पहाड़ के युवा पीढ़ी के अग्रज कथाकार हैं। ‘सीमांत लोक की कहानियाँ’ नाम से उनका एक सद्य प्रकाशित कथा संग्रह हाल ही में आया है। पहाड़ के लोक में रची-बसी 24 छोटी-छोटी कहानियों की श्रंखला हमें इस संकलन में मिलती है. मुकेश नौटियाल जी ने अपने बालपन में दादी और माँ से सुने किस्सों और यथार्थ में भोगे उस सुनहरे दौर को अपने शब्द-रंगों से बहुत बारीकी से कागज़ में उकेरने का प्रयास किया है। कथा संग्रह में शामिल इन एक से बढ़कर एक किस्से-कहानियों को पढ़कर आभास होता है कि कथाकार का उद्देश्य इन कहानियों के माध्यम से पाठकों को साहित्यिक मनोरंजन देना भर ही नहीं है अपितु उससे इतर सैकड़ों सालों से समाज में स्थापित लोक विज्ञान की मान्यताओं को सामने लाने की एक ईमानदार कोशिस भी है।

कथाकार ने लोक विज्ञान में निहित इन विविध शैक्षणिक भावनाओं को बहुत संजीदगी के साथ स्थानीय परिवेश के पात्रों व शानदार बिम्बों के जरिये उजागर किया है। इन किस्से-कहानियों से साफ पता चलता है कि सदियों से अनवरत चली आ रही प्रकृति व समाज आधारित इन मान्यताओं से हमारा तथाकथित आधुनिक समाज किस कदर दूर होता जा रहा है। इस कथा संकलन में आयीं ‘गाँव को ठेंगा’, ‘इकतारा बोले’, ‘आमों वाला गाँव’, ‘नीचे विलसन ऊपर बाघ’, ‘हजार बरस पहले की बात’,‘घर आई गौरैया’, ‘गंजा पहाड़’, ‘बिसराता गाँव’, ‘आयेगा एक दिन’ और ‘भगवान के उजाले’ जैसी कहानियों को कमोवेश इसी परिधि में रखा जा सकता है। पहाड़ी ढाल से उतर कर घाटियों और मैदानों में बसने की प्रवृति, पलायन क़ा दंश, लुप्त होते परम्परागत बीज, हमारे आसपास से दूर होते परिंदे और डांडी-कांठो से गायब होती हरियाली के प्रति कथाकार के मन में जो गहन टीस उभरकर आयी है उसे उसने ‘इकतारा बोले’, ‘गांव को ठेंगा’, ‘घर आयी गौरैया’ व ‘गंजा पहाड़’ कहानियों के ताने-बाने में बुनकर परिलक्षित किया है।

बदरीनाथ को पैदल जाते जोगी के इकतारे की धुन पर झूमती हरी कद्दूओं की बेलें और दादी की सहृदयता को लेकर मुकेश नौटियाल ने ऐसा अद्भुत बिम्ब खींचा है कि एक बार में ही गांव क़ा समूचा दृश्य उभर कर आँखों के सामने आ जाता है। ‘इकतारा बोले’ शीर्षक से यह कहानी जहाँ पहाड़ के हमारे परम्परागत बीजों के संरक्षण प्रति पाठक का ध्यान खींचती है वहीं यह सरल रूप में बच्चों व किशोर उम्र के विद्यार्थियों को भी इस बात का आभास कराने में सक्षम है कि मानव बिरादरी की तरह पादप बिरादरी के भी अपने-अपने पुरखे होते हैं। जैसे बेल पर झूमते युवा कद्दूओं ने अपने उस बिरादर बूढ़े कद्दू (जो जोगी के इकतारे में लगा था) को आसानी से पहचान लिया।

‘गाँव को ठेंगा’ कहानी दरअसल मानव के जंगल,खेती तथा वन्यजीव के आपसी साहचर्य के संबंधों को गहराई के साथ रेखांकित करती है। बदलते दौर में जहां गाँव के लोग जंगलों के निकट की बसाहट से हटकर अब सिंचित खेतों व बाजार की तरफ रूख करने लगे हों तो वहाँ के भू-उपयोग के साथ-साथ मानव और वन्यजीवों के व्यवहार व अनुकूलन में भी बदलाव आना स्वाभाविक है। तभी तो कथाकार कहता है कि आदमियों की संख्या बढ़ने और पैदावार घटने के साथ जो नई बात हुई वह ये कि अब बंदरों व लंगूरों में दोस्ती हो गयी है। वो एक साथ आते हैं, दावत उड़ाते हैं और गाँव को ठेंगा दिखाकर वापस लौट जाते हैं. हम बस! देखते ही रह जाते हैं।

इसी तरह ‘गंजा पहाड़’ कहानी साफ तौर पर पर्यावरण के सतत संरक्षण की ओर इशारा करती है। कहानी का संक्षेप में सार यह है कि पेड़-पौधों से युक्त समृद्ध प्राकृतिक परिवेश के बगैर मानव के सुखमय जीवन की कल्पना सम्भव नहीं की जा सकती। हरियाल गाँव के मुखिया गम्फू की सूखी धरती में पेड़ लगाने की सनक एक दिन गांव के सिहराने खड़े नंगे पहाड़ को पेड़ पौधों से झक्क हरा-भरा कर देती है। गांव वालों के लगातार सामूहिक मेहनत सहयोग से वहां अब देवदार क़ा घना जंगल उग आया है. मुखिया गम्फू गांव वालों से कहता है कि गंजे पहाड़ के शिखर को अगर हरियाली से भर दिया जाय तो उनका इलाका समृद्धि से लहलहाने लगेगा।मवेशियों को ज़्यादा चारा मिलने लगेगा और जलावन लकड़ी क़ी कमी भी नहीं रहेगी।

कथाकार मुकेश नौटियाल कई सालों से देहरादून में रहते हुए भी गाँव-पहाड़ कि जड़ों से अपने को विलग नहीं कर पाए हैं। यही कारण है कि अमूमन उनकी हर कहानियों में पहाड़ क़ी उपस्थिति बराबर बनी रहती है.उनके कथानकों में दुबका हुआ पहाड़ खुद ब खुद प्रकट हो जाता है, उसका एक-एक दृश्य जीवंत हो उठता है। चाहे वह ऊँचे वन प्रान्तर में दहकते लाल बुरांश की दमक या हिलांस की कूक …हो, दिन ढलते सूरज की मद्धिम ताप स्वीली घाम हो,…घर-घर ऋतुरैण गाते कलावन्त…हों अथवा हूणिया दादा और विविध सामानों से लदी उनकी भेड़ों का लाव-लश्कर हो ,या फिर उपरीखंडा गांव की उस भोली-भाली लड़की के गाल में उभर आयी अंगुलियों की हल्की छाप के निशान हों..!!

सीमांत लोक की कहानियों में एक आम पहाडी समाज़ की पीड़ा भी मुखरित हुई है। सीमान्त जनपद रूद्रप्रयाग मुख्यालय से लगा कथाकार का पुश्तैनी गांव देहरादून में भी उनका पीछा नहीं छोड़ता। लुकाछिपी के इस खेल में कभी उनका गांव पहाड़ आगे तो कभी कथाकार पहाड़ के पीछे आ जाता है। कथाकार अपनी इसी रचनाधर्मिता के उपक्रम में बचपन की अनमोल यादों किस्से-कहानियों के सहारे पहाड़ में बिताये बचपन को जीवंत बनाये रखने में सफल रहा है। इसी वजह से मुकेश नौटियाल की हर कहानियां पहाड़ को आत्मसात करने, जानने और समझने को उद्यत करती हैं।

मेरी नजर में ‘स्कूल में अन्ना‘, ‘मुहांसा‘ और ‘छाप‘ इस कथा संग्रह की कहानियों में सर्वोत्तम कहानियां है। इन कहानियों में कथाकार ने मानवीय रिश्तों और उनकी संवेदनाओं को बड़ी गहराई के साथ चित्रित किया है। ’स्कूल में अन्ना’ कहानी चाचा और तीन साल के छोटे अबोध बालक के निच्छल प्रेम को अत्यंत मार्मिक रुप से उजागर करती है। अन्ना को परिवार से मीलों दूर उसकी मां के साथ पढ़ाई के लिए भेज दिया जाता है। वह वहां एकाकीपन में अपने को असहाय पाकर स्कूल के सामने खड़े अखरोट के बेजुबान पेड़ों से बड़ी मासूमियत के साथ बतियाता रहता है….चाचा जब मैं घर आउंगा तब तुम्हारे लिए अखरोट लाऊंगा।……तुम दादी को परेशान करोगे तो तुमको भी यहां स्कूल में छोड़ दिया जायेगा…..।

’मुंहासा’ और ‘छाप‘ कहानी में स्कूली जीवन में स्वाभाविक तौर से उपजे निच्छल प्रेम का चित्रण बहुत ही मासूमियत ढंग से पाठकों के बीच आया है।बचपन में पढ़ाई के दौरान अपने कुछ प्रिय संगी-साथियों के साथ बितायी वे तमाम चुलबुली यादें कथाकार के मन में दशकों बाद भी गुदगुदी पैदा करती हैं। निश्चित ही यह दोनों कहानियां किशोरवय के उद्दात प्रेम को प्रदर्शित करती हैं। तीस-चालीसेक सालों बाद भी ऑफिस में खाता खुलवाने आयी अधेड़ महिला जशोदा द्वारा आंख के उपर उग आये मुंहासे को छेड़ने से बचाने को रोकने को मारी गयी हथेली की हल्की चपत तथा गांव जाते समय समखंडा बाजार में चायपानी की दुकान चला रही महिला कुंवरी के नरम गालों पर मास्टर जी के आदेश पर न चाहते हुए भी मारे गये थप्पड़ और दो दिन तलक पड़ी उन अंगुलियों के छाप की उस सुनहरी छवि को कथाकार आज भी याद कर भावुक हो उठता है।

कथाकार मुकेश नौटियाल की इन कहानियों को पहाड़ी परिवेश, उनकी गहन संवेदनाओं और नॉस्टेलेजिया तक ही सीमित नहीं रखा जा सकता। संग्रह में शामिल इनकी कई कहानियां प्रत्यक्ष व परोक्ष रुप से पहाड़ को उसके मूल सामाजिक, सांस्कृतिक व प्राकृतिक परिवेश को किसी न किसी तरह बनाये रखने व उसे बचाने का आह्वान भी करती दीखती हैं।

कहानियां आकार में भले ही छोटी हैं परन्तु अपने ठोस कथानक, सधी भाषा, सतत प्रवाह,स्थानीय बिम्ब, प्रतिमानों के जरिए कथाकार पाठकों तक अपनी बात रखने में कामयाब रहा है। इस संग्रह में शामिल ’हाथी पहाड,’ ’किसके अण्डे’, ’मालदेवता के कौवे’,’इकतारा बोले’,आमोंवाला बाग,’’पीछे-पीछे’,’हजार बरस पहले की बात,’ ‘अंधेरे में उजाले की बातें’, ’बिजूका’ और ’भगवान के उजाले’ एक तरह से सम्पूर्ण बाल कहानियां हैं। यह कहानियां जहां एक ओर बाल व किशोर मन की प्रकृति और विज्ञान आधारित अनेक जिज्ञासाओं और सवालों को अनायास उठाती हैं, वहीं यह उन महत्वपूर्ण बिंदुओं का समाधान भी उतनी ही तत्परता व सहजता से कर देती हैं। इस दृष्टि से यह कहानियां बच्चों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने में भी उपयोगी कही जा सकती हैं।

इस संग्रह में कई जगहों पर छुटपुट स्थानीय दुदबोली के शब्द भी आये हैं। व्यक्ति व स्थान नामों में इन शब्दों की स्थानीय ठसक व मिठास बड़ी भली लगती है। साहित्यकार व चित्रकार शशिभूषण बडोनी के आकर्षक रेखांकनों के समावेश से यह कथा संग्रह निखर उठा है। कहानियों के सभी शीर्षक प्रभावित करते हैं। दो-एक कहानियों को छोड़कर अन्य सब कहानियां लघु रुप में दर्ज हुई हैं।

अतीत से जुड़ी स्मृतियों का अद्भुत कोलाज है ’सीमांत लोक की कहानियाँ’
Mukesh nautiyal book

निष्कर्ष रुप में इस संग्रह में शामिल कहानियां बिना लागलपेट के अपने कथ्य को सरलता के साथ कहने में समर्थ हैं। कथा साहित्य में रुचि रखने वाले पाठकों और कंप्यूटर व मोबाइल युग में बच्चो व किशोरों के लिए यह कथा संग्रह खास साबित होगी ऐसी आशा है। इन कहानियों के मूल में निहित दृष्टि हमारी संवेदनशीलता को हमेशा बनाये रखे, इसी कामना के साथ कथाकार श्री मुकेश नौटियाल और काव्यांश प्रकाशन के श्री प्रबोध उनियाल को इस संग्रह के प्रकाशन पर कोटिशः बधाई व हार्दिक शुभकामनाएं।

RELATED ARTICLES

रायबहादुर मुंशी हरि प्रसाद टम्टा जी की 139वीं जयंती: शिल्पकार समाज के लिए ऐतिहासिक योगदान

रायबहादुर मुंशी हरि प्रसाद टम्टा जी की 139वीं जयंती: शिल्पकार समाज के लिए ऐतिहासिक योगदान, वर्तमान चुनौतियाँ एवं भावी समाधान Dr. Sanjay उत्तराखंड के सामाजिक और...

जब लिंगुड़ा देखा, जब याद आया पहाड़।

आए याद पहाड़ By - Diwan mewadi आज लिंगुड़ क्या आए कि इन्होंने बचपन से मन में बसी पहाड़ की यादें ताज़ा कर दीं। थाली में रखे...

जब वरिष्ठ पत्रकार चारू तिवारी ने वैज्ञानिक डी० डी० पंत को देखा

सुप्रसिद्ध भौतिकशास्त्री और हिमालय के चिंतक प्रो. डीडी पंत की पुण्यतिथि (11 जून, 2008) पर विशेष हमारे हिस्से के प्रो. डीडी पंत - चारु तिवारी By...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Latest Post

गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र हुआ लॉन्च

दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत गढ़वाली भाषा की फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र लॉन्च किया गया। कार्यक्रम के...

चुनौती : COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य

जलवायु संकट और भविष्य की चुनौती। COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य By - Ramesh Prasad इक्कीसवीं सदी में मानव सभ्यता जिस...

विज्ञान को आम पहुंच में लाने के सफल प्रयास कर रहे है प्रो० पंत

उत्तराखंड में R&D इकोसिस्टम के आर्किटेक्ट - प्रोफेसर दुर्गेश पंत। By - Prem Pancholi आज तक विज्ञान बड़ी बड़ी लैब का हिस्सा होता था। मगर प्रो०...

प्रवासी सम्मेलन की तैयारी जोरो पर, होंगे अलग अलग सत्र – मुख्यमंत्री श्री धामी

13 नवम्बर को दून विश्वविद्यालय, देहरादून में आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्वयं की...

राज्योत्सव 27 : नरेन्द्र सिंह नेगी और हेमंत पाण्डेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार, पर्यावरणविद सुरेश भाई को उत्तराखंड गौरव सम्मान

- वर्ष 2024 एवं 2025 के लिए चयनित फिल्मों एवं कलाकारों को मिलेगा उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कार। - नरेन्द्र सिंह नेगी और हेमंत पाण्डेय को लाइफ...

पत्रकारों को धामी सरकार का दीपावली गिफ्ट, बढ़ेगी मान्यता और पेंशन

पत्रकारों को धामी सरकार का दीपावली गिफ्ट, बढ़ेगी मान्यता और पेंशन।। By - Santosh Bhatt मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण...

उत्तराखंड में लोकनीति, सुशासन, विधायी व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के भविष्य पर हुआ विमर्श।

By - Prem Pancholi भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए), उत्तराखंड चैप्टर की ओर से दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सहयोग से आज दून पुस्तकालय...

रमन रावत पोली को “उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान”

शिक्षिका और प्रसिद्ध उद्घोषक रमन रावत पोली को मिला उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान" डिस्कवर उत्तराखंड 24 न्यूज़ द्वारा कोटद्वार के टी सी जी पब्लिक स्कूल...

आपदा पर समीक्षा : त्वरित संपन्न हो आपदा के शेष कार्य

By - Prem Pancholi आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र जनजीवन सामान्य बनाने के निर्देश राज्य आपदा...

सुशील बौंठियाल : ‘दुनिया की ठांए-ठांए’ में निभाया संघर्षशील पिता का किरदार

उत्तराखंड के सुशील बौंठियाल की नई पारी, ‘दुनिया की ठांए-ठांए’ में निभाया संघर्षशील पिता का किरदार   उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के एक छोटे से...