ADM मुक्त़ा मिश्रा का औचक निरीक्षण: अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश, कार्यालयों की अव्यवस्था पर नाराजगी
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (ADM) मुक्ता मिश्र ने बुधवार को तहसील पुरोला क्षेत्र में सिंचाई खंड, लोक निर्माण विभाग (PWD), एनएच और पीएमजीएसवाई कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका की जांच की और कई कर्मचारियों को बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। ADM ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने निरीक्षण के दौरान फाइल प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और रिकॉर्ड में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को तुरंत व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने कंडियाल गांव में प्रस्तावित खेल मैदान, दणमाण गांव में पेयजल पंपिंग योजना स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही कंडियाल स्थित प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं से फीडबैक लेते हुए शिक्षकों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
एडीएम ने सिंचाई परियोजनाओं, सड़क निर्माण और पीएमजीएसवाई के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग कर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उपचुनाव तैयारी की भी समीक्षा
त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव को लेकर ADM मुक्ता मिश्र ने नौगांव ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन चुनाव की निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।







