दशगी, भंडारस्यू पट्टी की मांगों को लेकर डॉ० स्वराज विद्वान मिली मुख्य सचिव से।
पूर्व सदस्य राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग भारत सरकार व भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता डॉ० सुश्री स्वराज विद्वान ने मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद वर्धन से शिष्टाचार भेंट की है और उन्हें ज्ञापन प्रेषित कर क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत करवाया है।
डॉ० स्वराज विद्वान ने श्री वर्धन को लिखित ज्ञापन द्वारा बताया कि विकासखण्ड डुण्डा के अंतर्गत भण्डारस्यूँ पट्टी के लोगो की वर्षो पुरानी मांगे है जिन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि भण्डारस्यूँ एवं दशगी पट्टी को मिलाकर ब्रहमखाल में तहसील की स्थापना करनी नितांत आवश्यक है। जबकि राजकीय महाविद्यालय ब्रहमखाल में कला संकाय के अन्तर्गत नये विषयों जैसे संस्कृति, इतिहास, शिक्षा शास्त्र, भूगोल विषय की स्वीकृति के लिए डॉ० विद्वान ने मुख्य सचिव से लिखित निवेदन किया है।
उल्लेखनीय यह है कि देहरादून से ब्रहमखाल के लिए नैनबाग, बनचौरा, कोटधार होते हुए ब्रहमखाल तक रोड़वेज बस सेवा को परिवहन निगम द्वारा शुरू करवाने की भी मांग की है। राजकीय इन्टर कालेज मंझगांव भण्डारस्यूँ, राजकीय इण्टर कालेज कामदा दशगी के भवन निर्माण के साथ साथ कोटधार दशगी में जिला सहकारी बैंक की शाखा खुलवाने की मांग प्रमुख सचिव से की है।
डॉ० स्वराज विद्वान ने बताया कि यह उनके क्षेत्र की प्रमुख मांग है। यदि बाया नैनबाग, बनचौरा होते हुए ब्रह्मखाल तक बस सेवा आरंभ होती है तो इससे यमुना और गंगा घाटी के एक बड़े क्षेत्र को इस यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने डॉ० विद्वान को विश्वास दिलाया कि शीघ्र इन मांगो पर कार्रवाई की जाएगी।







