इसके बाद आदरणीय डॉ० हटवाल की इसी कहानी पर इस फिल्म को बनाने की बात सामने आई और श्री हटवाल जी ने मुझे कहा प्रेम तुम कुछ ढोलियों के बारे में सुना रहे थे। एक बार फिर घर पर आ जाओ। बात करते हैं, क्योंकि इस कहानी पर फिल्म भी बन रही है और उत्तरकाशी में लोकेशन भी देखनी है जहां फिल्म शूट होनी है। मुझे डॉ० हटवाल जी के पास जाने में कुछ बिलम्ब हो गया। तब तक उत्तरकाशी में दो जगह की लोकेशन तय हो गई थी। मैने कहा यह दोनों जगह बहुत अच्छी है।
आगे चर्चा आयी जैसे ढोल और ढोलियो पर आती है। मैने कहा गुरु जी ढोल और ढोलियो पर ये रोना धोना अब ठीक नहीं है। अब ढोल और ढोलियो के मार्फत अच्छा संदेश आना चाहिए। डॉ० हटवाल (गुरु जी) ने सवाल किया कि क्या होना चाहिए। मैने कहा कि हमने साल 2003 से एक अभियान चलाया है जो अब जाकर फलीभूत हुआ है। जिसके परिणामस्वरूप संपूर्ण यमुना घाटी में आज “पहाड़ी ढोल पार्टी” की संख्या 175 से भी अधिक है। इसका मतलब यही है कि इन्होंने ढोल को एक व्यवसाय के रूप में अपनाया है। सभी युवा है। इस पार्टी में कुछ कुछ अन्य समुदाय के भी युवा है। सभी सालभर में अच्छी कमाई कर रहे है। एक पार्टी में 8 से 12 लोग होते है। गुरु जी ने कहा यह तो अच्छा काम हुआ है। मैने कहा जो ढोली हमेशा संसाधनों के लिए तरसता था वह आज इस “पहाड़ी ढोल पार्टी” से अच्छा कमाई कर रहा है। मैने यह भी कहा कि यह संदेश आपकी स्क्रिप्ट में कैसे जुड़ सकता है। गुरु जी ने कहा यही वह सोच रहे थे कि इस फिल्म के बहाने सकारात्मक संदेश जाये।
शायद यह पार्ट “ढोली फिल्म” में जुड़ा होगा। अन्यथा ढोली और ढोल पर अन्य चलचित्र बहुत बने भी है, पर उनसे कोई इंस्प्रेशन नहीं मिला होगा। ढोली फिल्म के मार्फत उत्तराखंडी सिनेमा ने राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय फ़लक पर जो पहचान बनाई है मेरी फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं।
मेरे इस प्रसंग को कोई अन्यथा न लें। मैने भी यही समझा कि एक बड़ी सफलता के पीछे कई हाथ होते है। पुनः बधाई।







