दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में बच्चों के लिए जर्मन भाषा कक्षाओं की शुरुआत।
By – Prem Pancholi
दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र 16 जनवरी 2026 से 8 से 17 वर्ष आयु के बच्चों के लिए जर्मन भाषा की कक्षाएँ प्रारंभ करने जा रहा है। यह तीन माह का पाठ्यक्रम जर्मन भाषा के प्रारंभिक स्तर (A1.1) पर आधारित होगा। इसमें जर्मन अभिवादन, संख्याएँ, रंग, तथा पढ़ने, लिखने, सुनने और बोलने के मूल कौशल को गतिविधि-आधारित एवं सहभागितापूर्ण तरीकों से सिखाया जाएगा। कक्षाएँ सप्ताह में दो दिन आयोजित होंगी, प्रत्येक सत्र की अवधि 90 मिनट होगी। पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले बच्चों को सहभागिता एवं पूर्णता का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
यह पहल बच्चों के लिए विदेशी भाषाओं के क्षेत्र में दून पुस्तकालय का तीसरा प्रयास है। इससे पूर्व दून पुस्तकालय द्वारा एलायंस फ़्रांसेज़ के सहयोग से तीन माह तक फ्रेंच भाषा कक्षाएँ आयोजित की जा चुकी हैं तथा एक जापानी भाषा कार्यशाला भी सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में स्पेनिश भाषा की कक्षाएँ भी शुरू करने की योजना है।
इन जर्मन भाषा कक्षाओं का संचालन श्री प्रभव शर्मा द्वारा किया जाएगा, जिन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जर्मन भाषा में अध्ययन किया है और चार वर्षों तक विदेश में जर्मन भाषा का शिक्षण किया है। उन्हें बच्चों एवं वयस्कों को तीसरी भाषा के रूप में जर्मन पढ़ाने का व्यापक अनुभव है। परिचयात्मक सत्र में विभिन्न विद्यालयों, गैर-सरकारी संगठनों एवं आश्रय गृहों से 25 बच्चों ने भाग लिया, जिनमें आसरा ट्रस्ट, सेंट जोसेफ्स तथा कॉन्वेंट ऑफ़ जीसस एंड मैरी के बच्चे शामिल थे।







