– अजय राणा–योगेश सेमवाल के नेतृत्व में उम्मीदों की नई शुरुआत
– योगेश सेमवाल, प्रेस क्लब इतिहास के सबसे युवा महामंत्री
By – Avdhesh nautiyal
उत्तरांचल प्रेस क्लब के चुनाव इस बार सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पत्रकारों के विश्वास, सहभागिता और एकजुटता का उत्सव बनकर सामने आए। इस उत्साहजनक माहौल के पीछे पिछली कार्यकारिणी की मेहनत, पारदर्शिता और निरंतर संवाद की बड़ी भूमिका रही। क्लब अध्यक्ष भूपेंद्र कण्डारी और महामंत्री सुरेंद्र डसीला के नेतृत्व में पूरी कार्यकारिणी ने पत्रकारों के हित, सुविधाओं के विस्तार और संगठन की गरिमा को मजबूत करने का सराहनीय कार्य किया।
विशेष रूप से महामंत्री के रूप में सुरेंद्र डसीला का कार्यकाल हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने पद को महज़ दायित्व नहीं, दिशा दी। अपनी शैली, स्पष्ट निर्णय और सतत संवाद से उन्होंने प्रेस क्लब को मजबूती दी। उनका कार्यकाल शोर नहीं, परिणामों से पहचाना गया। यही वजह है कि उनकी खींची लकीर अब मापदंड बन चुकी है।
पिछले कार्यकाल में क्लब ने न सिर्फ संस्थागत मजबूती पाई, बल्कि पत्रकारों के आपसी संवाद, सम्मान और सहयोग की संस्कृति भी और सशक्त हुई। इसी का परिणाम रहा कि चुनाव प्रक्रिया में बड़ी संख्या में पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। यह सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि कार्यकारिणी का काम जमीन पर महसूस किया गया।
अब नई कार्यकारिणी से भी वही अपेक्षाएं हैं। अध्यक्ष अजय राणा और महामंत्री योगेश सेमवाल के नेतृत्व में गठित नई टीम से उम्मीद है कि वह पूर्व कार्यकारिणी की सकारात्मक विरासत को आगे बढ़ाते हुए पत्रकारों के अधिकार, एकता और सम्मान के लिए और मजबूती से कार्य करेगी।
अजय राणा का अनुभव प्रेस क्लब के लिए मजबूत आधार है। वे पहले भी अध्यक्ष रहकर नेतृत्व की कसौटी पर खरे उतर चुके हैं। वहीं योगेश सेमवाल, प्रेस क्लब इतिहास के सबसे युवा महामंत्री हैं। योगेश नई सोच और दूरदर्शी विजन के साथ संगठन को भविष्य की दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उत्तरांचल प्रेस क्लब का यह लोकतांत्रिक और सक्रिय स्वरूप निश्चित ही पत्रकारिता की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।







