Sunday, June 28, 2026
Home विविध रामलीला "हमारी गगास की रामलीला के स्तंभ हीरासिंह कार्की और हरीश चन्द्र...

रामलीला “हमारी गगास की रामलीला के स्तंभ हीरासिंह कार्की और हरीश चन्द्र डोर्बी”।

पुरानी पोस्ट, संदर्भ नया।

“हमारी गगास की रामलीला के स्तंभ हीरासिंह कार्की और हरीश चन्द्र डोर्बी”।

By – Charu tiwari

सत्तर-अस्सी का दशक। मेरा गांव अलमेाड़ा जनपद की गगास घाटी में है। मनेला में। एक तरह से पूरी घाटी का द्वार। तब सड़क गगास तक ही थी। यहां से बिन्ता, बग्वालीपोखर, कुंवाली तक फैले बड़े-बड़े दर्जनों गांव। इनकी एक ही थाती थी गगास। सारे लोगों का अंतिम बस स्टेशन गगास होता। शादी-ब्याह या सीजन में पूरा गगास लोगों से आबाद रहता। एक-दो दुकानें। एक हमारी जो बद्रीनाथ रोड पर थी। यहीं बस रुकती थी। हमारी दुकान को मटेला के बचेसिंह जी करते थे। उन्हीं के यहां बस से आने वाले लोग सामान रख जाते। पहले भीमसिंह की दुकान गगास पार घट से लगी थी। बाद में वे भी गगास के किनारे रास्ते पर हमारे गंाव के हंसादत्त जी के मकान में आ गई थी। भीमसिंह जी विकलांग थे। दुनिया भर की खबर और राजनीति इसी छोटी सी चाय की दुकान से चलती थी। सरकारें बनती-गिरती थी। भीमसिंह हमारे सोशल मीडिया थे। पल-पल की खबर उनसे मिल सकती थी। पानदेव हमारे गांव मनेला के ही हुए। रामकोट के भक्त होने के कारण उन्हें ‘भगत’ के नाम से पुकारा जाता था। उनकी भी दुकान वहीं पीपल के पेड़ के पास थी। प्रेम वल्लभ जी की दुकान भी हुई जिसमें महिलाओं के श्रंगार के सामान से लेकर मूंगफली तक मिल जाती थी। गुढोली के एकमात्र दर्जी चुवणराम जी थे। उनकी दुकान इसी मकान के दुमंजले में थी। हमारे गांव के उस समय के प्रधान त्रिलोक सिंह जी ने भी दुकान खोल ली थी। शायद डाक्टर किशनानन्द तिवारी जी ने भी अपना छोटा सा क्लीनिक खोल लिया था।

बस, तब इतनी ही थी गगास की बसासत। बगल में पिंडेश्वर महादेव का शिव मंदिर। गगास में चार ‘घट’ थे इनमें दो हमारे परिवार के थे। एक में हमारा हफ्ते का ‘पांता’ (उगाही के दिन की बारी) लगती थी। अर्थात कुछ लोगों के साझे का था। और चैथा ‘घट’ मनेला वालों का था। यहीं पर चार गांवों का श्मशान। इस छोटे से गगास के एक तरफ ‘सिरो’ और दूसरी तरफ ‘कपड़ीघाट’ के गधेरे। जब आते तो गगास के पानी को भी रोक देते। इसके पास ही हमारा ‘तया’, ‘कुलू’ ‘पुरतेई’ नाम से सारें थी। इसके कुछ दूरी पर था गगास के सामने गुढौली। बिल्कुल गगास नदी के किनारे। गुढौली वालों ने शायद ही जाड़ों में कभी ‘घाम’ देखा हो। गांव के नीचे दोे-तीन बड़े घट थे। ये मनेला और गुढौली के लोगों के थे। गगास नदी हम दोनों के गांव को ही नहीं विकासखंड और विधानसभा को भी अलग कर देती है। लेकिन गगास नदी हमारी एकता का सूत्र है। हमारी खेती नदी के उस पार, उनकी खेती नदी के इस पार। दोनों के लिये गगास का एक ही महत्व है। हमारे सरोकार एक। हमारी मान्यतायें एक। हमारी रामलीला एक जगह पर होती थी। होली की चतुर्दशी पर तीन गांवों मनेला, ऐराड़ी, गुढोली (तब चमना भी गुढोली का हिस्सा था) की होली भी गगास के तट पर बने पिंडेश्वर महादेव के पीपल के चबूतरे पर होती थी।

हमारे गांव मनेला और गुढोली के बीच ‘जैत बू का खाव’, था। वे रामकोट के भक्त थे। सिर में रामजी का लंबा तिलक। उन्होंने इस ‘खाव’ में मछली पाली थी। इन मछलियों को देखना भी हमारे लिये कौतूहल था। इनको मारने पर पाबंदी थी। हम लोग इस ‘रौ’ में नहा भी नहीं सकते थे। बताया जाता था कि इसमें ‘भौंर’ है। जो अपनी ओर खींच लेता है। दुस्साहसी फिर भी इसमें छलांग लगा ही देते। हमारे लिये वे बाहुबली थे। हमारे नायक थे। हम फिर उनकी कहानियों को नमक-मिर्च लगाकर दूसरों को बताते। यही पर दो-तीन दुकानें थी। मनेला के चन्द्रमणि, गुढौली के भवानी सिंह कार्की और देवसिंह कार्की जी की। देवसिंह कार्की की ही दुकान थी जहां मूंगफली मिलती थी। वे जाड़ों में अपना तसला लगाकर मूंगफली भूनते। उनकी दुकान के नीचे ही गगास में बना बहुत बड़ा ‘बान’ (तालाब) था। यही से इन चारों घटों के लिये पानी जाता। यह हम सब बच्चों का ठिकाना था। गरमियों में ऊंचे से छलांग लगाकर हम सब अपनी तैराकी प्रतिभा का परिचय देते। इसी में हमारी तैराकी प्रतियोगिता भी हो जाती। पानी के नीचे देर तक रहना और छलांग लगाकर कितनी दूर पानी के नीचे कौन निकलता है इस पर भी शर्तें लगती।

दरअसल, बात करनी थी रामलीला पर, लेकिन चली गई हमारे गांव के भूगोल पर। हां, गगास हमारे कई गांवों का केन्द्र था। मनेला, ऐराड़ी, मकडौं, पीपलडांडा, चैकुनी, मौना, मवाड़, गुढौली, चमना, गिनाई, गाड़ कोटली, छाना, भेट, तमाखानी और च्याली गांवों का गगास से सीधा रिश्ता था। शायद यह बात 1976-77 की होगी। गगास में रामलीला कराने पर सब गांवों की सहमति बनी। रामलीला कमेटी का गठन किया गया। पिंडेश्वर महादेव मंदिर ही इसका आॅफिस बना। गगास नदी के किनारे हमारे खेतों में रामलीला कराने पर विचार हुआ। इसमें सभी गांवों के लोगों ने बहुत बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की। उस समय हमारे मंदिर में एक बाबा थे- संतोषी बाबा। उनके जैसा रचनात्मक व्यक्ति मैंने आज तक नहीं देखा। आज सोचता हूं संतोषी बाबा ने संन्यास क्यों लिया होगा! वे समाज के लिये बेहतर काम कर सकते थे। उस रामलीला में उनकी रचनात्मकता देखते ही बनती थी। उन्होंने स्टेज की जो साज-सज्जा की वह आज मुझे दिल्ली के मंचों में भी नहीं दिखाई देती। उन दिनों बिजली तो थी नहीं। ‘गैस’ जलाकर रामलीला होती थी। गैस जलाने वाले को हम तब आईआईटी पास आउट सा सम्मान देते थे। मनेला के मोहन दा ही शायद हमारे इंजीनियर थे। वे हमेशा हिन्दी में बोलते थे। हमारे लिये हिन्दी भी किसी आतंक से कम नहीं थी। ऐसे में सात पर्दो का मंच। उसमें सलीके से बिछी हुई दरियां। मंच के चारों ओर फूलों के गमले।

हमने पहली बार कृष्ण के मुकुट और अंगुली पर चक्र को घुमते हुये देखा। हनुमान को हवा में संजीवनी लाते हुये देखा। सुन्दर मृग को दोड़ते हुये और लक्ष्मण रेखा को जलते हुये देखा। मैंने ऐसी पर्णकुटी आज तक किसी रामलीला में नहीं देखी जो संतोषी बाबा ने बनाई। अशोक वाटिका तो आज भी आंखों में आ जाती है। धुनष-बाण, गदा, तलवार, ढाल, साज-सज्जा तो बिल्कुल ऐसी जैसे रामानंद सागर की रामायण देख रहे हो। वे खुद ही पात्रों का मेकअप करते। संगीत के बहुत अच्छे जानकार थे। रामलीला में हारमोनियम कफड़ा के गुसाईंदत्त जी बजाते थे जो इलाके में संगीत के मर्मज्ञ माने जाते थे। खैर इस पर फिर कभी।

हां, इस रामलीला के सबसे बड़े नायक थे हीरासिंह जी। रामलीला में लोकनाट्य के सबसे बड़े शिल्पी। रामलीला में उन्होंने जिस तरह ‘जोकरिंग’ और लोकनृत्य को स्थान दिया वह देखने लायक था। हमने पहली बार हीरासिंह जी को इसी रामलीला में ‘जोकर’ और कई अन्य भूमिकाओं में देखा। हीरासिंह डील-डौल में मोटे और छोटे थे। उनके पास जोकर की एक ड्रेस थी। तीन चार कलर में गोल खुला हुआ पजामा और झोरदार कुर्ता, सिर पर नुकीली टोपी जिसमें गुब्बारा बंधा होता। जब मंच पर आते तो पूरा वातावरण उन्मुक्त हो जाता। वह जमाना तो इतना खुला नहीं था। विशेषकर महिला-पुरुषों के बीच में, लेकिन हीरासिंह ने अपनी जोकरिंग से इस खाई को पाट दिया। हमारे गांव के बहुत ही सज्जन व्यक्ति हैं मथुरादत्त जी। बाद में हमारे पोस्ट आॅफिस में थे। वे रामलीला में उठने वाले ठेके की दुकान को करते थे। चाय-पानी और पान की दुकान। कुछ मूंगफली, बिस्कुट। आज की तरह का सामान तो था नहीं। चाय की दुकान मंच के सामने लगी होती। उन दिनों ‘बाबी’ फिल्म का गाना ‘कांछो रे कांछा रे प्रीत तेरी सांची…’ की तर्ज पर हीरासिंह जी ने अपनी ‘जोकरिंग’ के लिए गाना बनाया-

मथुरा रे मथुरा रे, चाय तेरी ठंड़ी चीनी मिला जरा घोल के।
पान तेरे सड़े हैं ये अच्छे नहीं, खाने वाले बड़े हैं ये बच्चे नहीं,
मैं तो तहां आऊंगा, सबै घुरया जाऊंगा, ये तेरी केतली तोड़के।

हीरासिंह जी आवाज भी बहुत मधुर थी। भाव-भंगिमा तो प्रकृति से मिली हुई। वे जनक के दरवार में सबसे लोकप्रिय राजा थे। उन्होंने धनुष यज्ञ के प्रसंग को जिस तरह से लोकनाट्य में परिवर्तित किया वह देखने लायक था। एक क्षेत्रीय राजा के रूप में उन्होंने जिस तरह से क्षेत्रीय समस्याओं को रखा वह चेतना का एक बड़ा काम था। वे अपने पेट में को बहुत बड़ा बनाकर आते और गाते-

‘मैं तो राजा हूं राजा अपण गौ क
देखो मेरी पगड़ी देखो, देखो मेरा पेट
इसी पेट में छुपे हुये हैं, बामण-बनिया-सेठ
मैं तो राजा……’

रावण के मंत्री के रूप में भी हीरासिंह की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण थी। जब रावण नर्तकी से प्रसन्न होता तो कहता- ‘मंत्री नर्तकी को ईनाम दिया जाये।’ तो हीरासिंह जी कहते- ‘दे दिया महाराज गुढौली के देवसिंह का ‘पूरा कनाव’ दे दिया।’ देवसिंह उनके पिताजी थे। जब वे यह डाॅयलाग बोलते पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज जाता। वे अपनी जोकरिंग में कहते कि अरे! कभी देवसिंह की दुकान की मूंगफली मत लेना ‘बुसिल’ होते हैं। सुसैन वैद्य के रूप में उनकी भूमिका देखने लायक होती। एक छोटे से पात्र को कैसे जिया जाता है यह उनके अभिनय से समझा जा सकता था। सुसैन वैद्य को जिस तरह से उन्होंने लोक के रूप में प्रस्तुत किया, उससे पहाड़ की लोकनाट्य शैली को भी समझा जा सकता है। सुसैन वैद्य के रूप में खांसते-खांसते वे यहां की पूरी परिस्थितियों को बता देते थे-

‘है कोई योद्धा इस कपिदल में, जो लाये संजीवन मनमाही रे,
द्रोणांगिरी में है वो संजीवनी ज्योति जले रणमाही रे।’

सीता हरण के समय जोगी के भेष में रावण की भूमिका तो भुलाये नहीं भूलती। कितना सुरीला गीत गाते थे हीरासिंह जी-

‘संसार में है सबसे बढ़िया साधुओं का भेष।
जो कोई लाये दूध-मलाई, सटक नारायण
जो कोई लाये लड्डू-पेड़ा गटक नारायण
संसार मे है……’

हीरासिंह जी ने रामलीला के सभी पात्रों को बहुत संजीदगी से जिया। उन्होंने जहां छोटे पात्रों की भूमिका को रोचक बनाया वहीं बड़े पात्रों की भूमिका को बहुत सार्थकता दी। अभिनय, गायन, भाव-भंगिमाओं से उन्होंने रामलीला को बहुत ऊंचाई तक पहुंचाया। उनके परशुराम के अभिनय को देखने के लिये लोग एक-एक घंटा पहले आकर अपनी सीट सुरक्षित कर लेते। उस दिन सबसे रोचक यह होता कि लक्ष्मण की भूमिका में नन्दू दा होते और परशुराम हीरासिंह जी। दोनों बाप-बेटों का संवाद जब चरम पर होता तो गगास घाटी थर्रा जाती। उस दिन लोगों का साक्षत परशुराम और लक्ष्मण से भेंट हो जाती। परशुराम बने हीरासिंह जी कहरुआ गाते-

बोले ना संभारी हां बोले ना बिचारी रे-रे क्षेत्रिय।
इसी परशु से मार गिराये, बड़े-बडे़ बलशाली
क्षत्रियहीन मही सब कीन्हीं, तोहिं ना हतीं शठ बाल बिचारी। रे क्षत्रिय..।

लक्ष्मण के रूप में नन्दू दा का प्रतिकार देखिये-

पिनाक पुराना, ये धनुष पुराना, काहे रिस होत।
ऐसे धनुष बहुत हम तोड़े, कबहुं क्रोध न कीन्हा,
या मे ममता है कैहि कारण, जो देखत भृगुनाथ रिसाना।
बार-बार माहें परशु दिखाकर, क्यों करते अभिमाना,
जो कायर तुम्हें मिले मुनी जी, उन्हीं को तुम जा धमकाना।

लेकिन दूसरे ही दिन जब वे दशरथ की भूमिका में होते तो उनकी जयजयवंती सुनने लायक होती। इस दिन दर्शक सारे रिकाॅर्ड तोड़ देते। इसकी वजह थी उनके विपरीत कैकई की भूमिका में हरीश डोर्बी का होना। ऐसी जोड़ी शायद ही कभी देखने को मिले। दोनों गायन और अभिनय की मिसाल थे। कोई दर्शक ऐसा नहीं होता जो कैकई के नखरों पर न्यौछावर नहीं हो जाता। हरीश डोर्बी जी की जो भाव-भंगिमांए होती थी ऐसी कोई नायिका भी न कर पाये। वह जिस तरह से अपने आभूषणों को फेंकती और हीरासिंह जब हरीश डोर्बी को मनाते दोहा गाते-

सुमुखि सुलोचनि पिकवयनि, का दुख मोहि जनाउ।
गज गामिनि निज कोप कर, कारण मोहि जनाउ।

फिर राग-विहाग का तो जबाव ही नहीं-

पिया तुम काहे होत मलीन, मलीन पिया तुम काहे…
मैं अपने मन सोच रहा हूं क्या किन जादू कीन,
क्या काहूं ने बोली मारी, क्या कोई ताना दीन। पिया तुम…काहे।

कैकई के रूप में डोर्बीजी की तुनक मिजाजी और दशरथ के रूप मे हीरासिंह की उपेक्षा क्या कहर ढाती थी वे वही समझ सकते हैं जिन्होंने इस जयजयवन्ती को सुना और अभिनय को देखा हो-

देऊं पिया मोहे वह बरदाना, देन कहा जो दुई बरदाना,
भूल गये जो सुधि बिसराई, हा-हा नाथ स्वभाग मैं जाना।

दशरथ के रूप में हीरासिंह ने कैकई बनी हरीश चन्द्र डोर्बी को बहुत मनाया नहीं मानी बहुत कसमें दीं-

सुनहुं प्रिया कहु सतवानी, तुम कहं प्राण प्रिया निज जानी।
मैं ना कहौं कछु बात बनाई, तुम ते प्रिया मोहिं अधिक न रानी।

हरीश डोर्बी कहरुवे में जो जान फूंकते और कैकई के रूप में पूरी तुनकमिजाजी में कहती-

चलो हटो जाओ-जाओ ना बोलों हमसे।
है सबसे अधिक पियारी, वह राम की महतारी
मैंने हीन्हीं यही विचारी, ना बोलो हमसे।

यह संवाद मैंने यहां इसलिये दिया क्योंकि मुझे आज भी वह मंच वैसा ही दिखाई दिया। हीरासिंह जी की छवि ऐसे लगी जैसे वे गगास के उस मंच पर दशरथ की भूमिका में हो। डोर्बी जी और हीरासिंह कार्की जी अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी छवि कभी दूर नहीं हो सकती। रामलीला में अभिनय के अलावा हीरासिंह जी का पहाड़ी नृत्य-गीतों में भी उतनी ही पकड़ थी। रामलीला का एक बड़ा हिस्सा हीरासिंह जी और हरीश डोर्बी जी का होता। उन दिनों महिलायें मंचों में नहीं आती थी। महिला पात्रों का अभिनय भी पुरुष ही करते थे। डोर्बीजी के अभिनय की चर्चा उन दिनों पूरे अल्मोड़ा जनपद में थी। वे रेडियो कलाकार भी थे। वे जब हीरासिंह जी के साथ महिला पात्र के रूप के में मंच में होते तो दर्शक सीटियां मारने लगते। उनके पास बहुत खूबसूरत ड्रेस थी। कई पाटों का घाघरा, आंगड़ी और साड़ी में हरीश डोर्बी किसी नृत्यांगना से लगते। जब वे मंच में नाचते तो लगता फिल्म चल रही है। वे टूटे कांचों और तलवार की धार पर भी नाच दिखाते थे। सिर में मटके रखकर उनका नृत्य देखने लायक होता। हीरासिंह जी के साथ उनकी जोड़ी कमाल की थी। इस वर्ष की रामलीला शुरू हो गई है। दोनों कलाधर्मियों को नमन।

@लेखक वरिष्ठ पत्रकार है

RELATED ARTICLES

जब वरिष्ठ पत्रकार चारू तिवारी ने वैज्ञानिक डी० डी० पंत को देखा

सुप्रसिद्ध भौतिकशास्त्री और हिमालय के चिंतक प्रो. डीडी पंत की पुण्यतिथि (11 जून, 2008) पर विशेष हमारे हिस्से के प्रो. डीडी पंत - चारु तिवारी By...

केतन लाल की निर्मम हत्या की चहुंओर चर्चा, समाज पर बड़ा कलंक।

By - Prem Pancholi   सोशल मीडिया पर जिस तरह से प्रतापनगर के ओण पट्टी के देवल गांव निवासी अनुसूचित जाति के किशोर केतन लाल की...

विश्लेषण : आखिर ज़ेन-जी (Gen-Z) पैसा क्यों नहीं बचा रही?

फाइनेंशियल निहिलिज्म (Financial Nihilism): आखिर ज़ेन-जी (Gen-Z) पैसा क्यों नहीं बचा रही? Dr. Nitin Upadhyay ।। आजकल अक्सर सुनने को मिलता है—"आजकल के बच्चे सेविंग्स नहीं...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Latest Post

एथलीट संदीप गुसाई बना उत्तरकाशी विधिक सेवा प्राधिकरण एंबेसडर

जनसामान्य में नशा उन्मूलन, विधिक जागरूकता, सामाजिक उत्थान एवं खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तरकाशी द्वारा संदीप गुंसाई...

अतीत का प्रतिशोध नहीं लिया जा सकता, उसे केवल समझा जा सकता है : IAS शशि रंजन कुमार

By - Prem Pancholi ।। अतीत हमारी स्मृतियों में, खंडहरों में, और उन तरीकों में जीवित रहता है जिनसे वह आज भी हमारे अस्तित्व को...

सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स को उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद से लेनी पड़ेगी अनुमति

चारधाम यात्रा की गरिमा, सुरक्षा और शुचिता बनाए रखने हेतु सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण के संबंध में शासन से दिशा निर्देश जारी हुए हैं।...

देहरादून : धामी कैबिनेट की बैठक संपन्न, खास विषयों पर त्वरित निर्णय

।। राज्य कैबिनेट ने कुल 12 प्रस्तावों को दी मंजूरी ।। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी दी, जिसके तहत संस्कृत विद्यालयों की मान्यता,...

इतिहास के पन्नो से : अपना दायां अंगूठा दिखाना चाहिए और हम दिखायेंगे भी – दादा दौलतराम खुगशाल

By - dr. Arun Kuksal   दादा दौलतराम खुगशाल (मार्च, 1891- 3 फरवरी, 1960) टिहरी रियासत के विरुद्ध जन-संघर्षों का अग्रणी व्यक्तित्व- ‘‘आज तक राजा ने हमको पढ़ने-लिखने...

जिलाधिकारी के शख्त निर्देश, कहा आपदा के दौरान सभी विभाग बनायें समन्वय

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद देहरादून में आगामी मानसून एवं संभावित आपदा परिस्थितियों के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन संबंधी...

जब वरिष्ठ पत्रकार चारू तिवारी ने वैज्ञानिक डी० डी० पंत को देखा

सुप्रसिद्ध भौतिकशास्त्री और हिमालय के चिंतक प्रो. डीडी पंत की पुण्यतिथि (11 जून, 2008) पर विशेष हमारे हिस्से के प्रो. डीडी पंत - चारु तिवारी By...

केतन लाल की निर्मम हत्या की चहुंओर चर्चा, समाज पर बड़ा कलंक।

By - Prem Pancholi   सोशल मीडिया पर जिस तरह से प्रतापनगर के ओण पट्टी के देवल गांव निवासी अनुसूचित जाति के किशोर केतन लाल की...

आपदाओं के प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए सरकारी वर्जिश

वैज्ञानिक योजना, कुशल प्रशासन और समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया के जरिए आपदाओं के प्रभाव को न्यूनतम करने का प्रयास किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि...

पर्यावरण दिवस : पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा ने किया कृषि अनुसंधान संस्थान में वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस पर IATR देहरादून में पौधारोपण एवं गोष्ठी का आयोजन। पद्मश्री प्रेम चंद शर्मा ने छात्रों को मोरिंगा और पंच पल्लव के...