Thursday, November 12, 2026
Home lifestyle अमिता प्रकाश की पुस्तक "पहाड़ के बादल" चस्स जैसी पीड़ का सा...

अमिता प्रकाश की पुस्तक “पहाड़ के बादल” चस्स जैसी पीड़ का सा अनुभव

By – Mohan singh Rautela

“इस संग्रह की सभी कहानियाँ मन में, सुई लगवाते बखत होने वाली चस्स जैसी पीड़ का सा अनुभव कराती हैं, और फिर धीरे-धीरे खून में घुलती दवा की तरह भीतर उतरती चली जाती हैं|”

वैसे इससे पहले “काव्यांश प्रकाशन” से प्रकाशित आपकी पुस्तक “आवाज रोशनी है” पढ़ी थी| खूब पसन्द आई| जिस बारीकी से आपने ‘बच्ची’ के बालसुलभ मनोभावों को शब्दों में उतारा है, मिठास भरी भाषा संग सधी हुई लेखनी से चुटिले अन्दाज में -जो आपकी विशिष्टता है, तभी से “पहाड़ के बादल” पढ़ने का मन था -संयोग अब बना|

 

बीस रुपये का गिलास

“प्रकृति मुफ्त में कुछ नहीं देती बाबू साहब! हर चीज की कीमत होती है इस दुनिया में| माँ-बाप जन्म देते हैं तो कीमत माँगते हैं कि हमारे घर की इज्जत बनाये रखना, पति और ससुराल तो अन्तिम समय तक औरत से कीमत ही वसूलते रहते हैं| जिस हवा-पानी, फल-फूल को तुम जैसे मुफ्तखोर समझते हैं कि मुफ्त का है| मुझसे पूछो उसकी कीमत| जाड़ा-गर्मी-बरसात देखे बिना माँ की तरह पालना-पोसना पड़ता है इन डालि-बोटियों को, तब मिलता है यह सब| जिन काफलों को जंगली और मुफ्त बता रहे हो तुम, उसकी कीमत मुझसे बेहतर कौन बता सकता है? चेहरे पर आँख के पास लगे टाँकों पर अनायास ही उसका हाथ चला गया| दो साल पहले जब काफल के पेड़ से गिरकर नीचे हिंसालू के झाड़ में गिरी थी वह तो दो दिन तक जिन्दा है या मर गई उसे यह भी नहीं पता था| कूल्हे की हड्डी पर बाल आ गई थी|”

 

उन्नीस बीस का फर्क

“हूँ!” मैंने संक्षिप्त सा उत्तर दिया, जानबूझकर| सुनने की कोई इच्छा नहीं रह गई थी| मुझे इतना अहसास तो हो ही गया था कि बाँद मन्था दादी हो, या सपाट चेहरे वाली मेरी दादी या कोई और, गाँव हो या शहर सारी औरतों की कहानी में इतनी समानता है कि कभी-कभी ऊब सी होने लगती है|आखिर क्या कहें और क्या सुनें? उन्नीस-बीस का फर्क है बाकी जिन्दगी सब की एक जैसी ही है| बस आकर में अन्तर है कहीं-कहीं| किसी की जिन्दगी की कहानी चीड़ जैसी सरल स्पष्ट है तो किसी की बाँज जैसी ‘झपन्याली’| इस अन्तर के बावजूद जलना ही उनकी अन्तिम नियति है चाहे चीड़ की तरह तेजी से जलें या बाँज की तरह सुलगते हुए|

 

रिटायरमेंट

मातहतों ने इस ‘बचने’ के व्यवहार को उनकी ‘अकड़’ समझा और ठान ली कि कभी तो यह अकड़ खत्म होनी ही चाहिए|
“अरे इसीलिए तो ईमानदारी का चोला पहना है स्साले ने,” ये उन्हीं लोगों के शब्द होते जो सामने आने पर सिर उठाए बिना हर बात पर “जी सर, जी सर” किया करते थे| कितने रंग होते हैं इन्सान के और खाली बदनाम है गिरगिट, वह सोचकर मन ही मन मुस्कराते, डरते थे वह इन्सान की इस रंग बदलने की फितरत से, लेकिन जाने क्यों एक विश्वास रहता, ‘मैं सही हूँ तो मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता’ यही असामान्य विश्वास उन्हें ले डूबा।

 

ग्राम प्रधान

“ऐसा है जी, आजकल असोज चल रहा है| खेती-बाड़ी का काम भी बहुत ही हो रहा है|फिर मैं कहाँ मिल पाऊँगी आपको? आप ‘इनसे’ मिल लेना, ये घर में मिल जाते हैं हर बखत,” प्रधान जी ने अपनी अक्षमता की वजह से स्वर में लाचारी का सा भाव लाते हुए कहा|

“अरे साब! मत पूछो रुप्या-पैसा हो गया है सबके पास, ऊपर से शराब ने गाँव वालों की हालत ही बदल दी| अब तो चुनाव के दौरान बहन-बेटियों को भी अपनी राजनीति का मोहरा बना दे रहे हैं ये लोग| सर! पहले गाँवों में कितना प्यार-प्रेम था! सुख-दुःख में हमने कभी नहीं जाना कि हमारे घरों की दीवारें अलग-अलग हैं| सब्बि एक ही हो जाने वाले ठैरे| ब्राह्मण-ठाकुर हो या हरिजन, गाँव में रिश्ते थे और उनकी मर्यादा थी, अब तो एक ही कुटुम्ब के भी अब एक नहीं रह गये| बाहर मुख एक-दूसरे के सुख-दुःख में शामिल होंगे भी पर अन्दर ‘डाह’ ठैरा|” बचुली ने लम्बी सांस ली।

 

फिर वही कहानी

“अरे! तू अन्दर आ, छोड़| अब मनिख होंगे ही नहीं तो उजाला क्या भूत करेंगे?” कृष्णानन्द ने पार्वती को अन्दर से ही जवाब दिया, “देख तो तेरा सीरियल शुरू होने वाला है| आ रही है तो आ नहीं तो मैं समाचार लगा दूँगा|”

“किरिश्ना गलती हमसे ही हुई है| हमने अपने बच्चों को यह तो सिखाया कि अच्छी शिक्षा का मतलब, अच्छी नौकरी, अच्छा पद और अच्छा पैसा है| हम जिन्दगी की रफ्तार में शायद तब खुद ही भूल बैठे थे कि अच्छी शिक्षा का मतलब सिर्फ नौकरी और पैसा नही है, बल्कि अच्छा मनुष्य होना भी है| हम भूल गये थे कि हमें अपनी जड़ों को पानी देना भी सिखाना है अपनी औलादों को|दरअसल अगर सच कहूँ, किरिश्ना तो! हमारे अपने कॉम्पलेक्सेस, हमारी अपनी हीनता की ग्रन्थियाँ हमें ले डूबी|

 

उलझे धागे

“मम्मू बचा s s” की मेरी ही चीख मेरे कानों से टकराई और फिर आँखों के साथ-साथ मैंने दिमाग के सब पट बंद कर लिए| मुझे पूरा यकीन था कि नीचे गुड़ाई करने से थोड़ा लहक-लहक के झूम रहे धान के पौंधों पर मैं गिरुँगी| वो बेचारे तो हाथी के पैरों तले आने वाले छोटे-छोटे कीड़े-मकोड़ों की तरह कुचलेंगे ही और फिर मेरे बम्स वो भी तो आलू की तरह थच्च से थिचेंगे मुझे पक्का यकीन था| उस दर्द का अनुभव भी मुझे हवा में ही हो गया लेकिन धान भी बच गये और मेरे बम्स भी| मैं दो बाँहों पर झूल रही थी|

आज तो वह ‘दो दिन का आकर्षण’ या ‘उस उम्र की स्वाभाविक गतिविधि’ से बढ़कर कुछ नहीं लगता लेकिन आज जबसे उसका मैसेज पढ़ा दिल में हलचल सी मची है|

 

उसका बचपन

जब मैदानों की ओर ही भागना था तो क्यों लड़-झगड़ कर माँगा इस राज्य को?

सुबकने के ढंग से ही मैं पहचान गई ‘मनदीप’ को| कक्षा 4 में पढ़ने वाला मेरा ‘अश्वत्थमा’ जिसे मैं सबकुछ सिखा देना चाहती हूँ द्रोणाचार्य की तरह| उनसे बढ़कर कुछ और भी| लेकिन हो पायेगा? यह संदेह निरन्तर खटकता है मेरे मन में| इस गाँव में जहाँ कभी नब्बे परिवार रहा करते थे, वहाँ खाली बन्द पड़े मकानों के खण्डहर गिनती में भले ही नब्बे हो, किन्तु परिवार के नाम पर आज बचे हैं मात्र इक्कीस|

क्या ठीक हो जायेगा?क्या मनदीप का सुबकना बन्द हो जायेगा? क्या उसका बचपन लौट आयेगा? क्या वह हमारी तरह बहुत सारे दोस्तों के साथ ऊँच-नीच, चोर-पुलिस, छुप्पन-छुपाई, लंगड़ी-टाँग खेल पायेगा? पिट्ठू का वह खेल जो हर कोई बचपन में बड़े चाव से खेलता है क्या मनदीप खेल पायेगा?

 

आज का आदमी

“माया धन-सम्पत्ति सारे फसाद की जड़ होती सुमितैS माँ! यही इन्सान को इन्सान बनाती है तो यही इन्सान को हैवान बना देती है,”।

राजनीति ने भाई-भाई को लड़ा दिया है| जो सत्ता-सुख भोग रहे हैं, वे सब तो किवाड़ पीछे एक ही हैं, और ये दो-चार सौ रुपये और दारू की बोतल के लिए प्रचार-प्रसार करने वाले, आपस में एक दूसरे को गाजर-मूली की तरह ‘गिंड्यां’ दे रहे हैं|

 

पहाड़ों के बादल

लेकिन कम पढ़े लिखे विनोद को अहसास है कि माँ को दुर्गा से काली बनने के लिए भी तो बाध्य हमीं ने किया है| लेकिन वह क्या करे? कैसे समझाए किसी को? उसकी स्थिति तो निन्यानबे कौरवों के मध्य एक अकेले उस भाई की सी है जो जानते-बूझते भी मन मसोसने के अतिरिक्त कुछ नहीं कर पाया| कैसे रोके इस आँधी को जिसे विकास कह-कह कर आदमी अपनी ताकत पर घमंड से फूला नही समा रहा है| पता नहीं बाबा को कितने तांडव और करने पड़ेंगे? माँ को और न जाने कितनी बार काली का रूप धरना पड़ेगा? लेकिन क्या चेत पायेगा इंसान?

 

टूटता तारा

भरोसा दिलाते-दिलाते कब खुद पर से भरोसा उठा उनका, कौन कह सकता है? कौन कह सकता है, न जाने कितनी बातें होती हैं मनुष्य के जीवन में जिनके बारे में खुद उसको अहसास नहीं होता कि कब क्या घटित हो जायेगा? इसी को तो धर्म, भाग्य और ईश्वर नाम दे दिया है मनुष्य ने|

अपनों के धोखे और भावर की आपाधापी में एक सख्त दरख़्त की तरह कहाॅं टिक पाये थे वह? कमजोर अमलतास की तरह भरभार कर गिर पड़े| फैशन के इस दौर में जिस मशीन के सहारे गाँव छोड़ा वह कभी बोरे से बाहर ही नहीं निकल पाई|

 

शाम…

आज जब सिर पर चाँदी की चमक बिखरने लगी है, पति रिटायर हो चुके हैं, दोनों बच्चे अपनी घर-गृहस्थी में व्यस्त हो गए हैं, तब भी वे दोनों ही हैं अकेले साथ-साथ| कितने विचित्र हैं न दोनों शब्द? कभी भीड़ के बीच में भी अकेलापन और कभी अकेले में भी दुनिया-जहान साथ होने का गुमान|

कई बार होता भी है कि परिस्थितियाँ वे होती नही जिन्हें हम मन ही मन गढ़ लेते हैं, और फिर उसी काल्पनिक आभासी दुनिया को वास्तविक मानकर कैद हो जाते हैं अपने ही खोल में|

कई बार हम छोटी छोटी बातों को कितना अधिक महत्व दे देते हैं और कभी तुच्छ सी लगने वाली छोटी छोटी बातें कितनी अहम हो जाती हैं| इंसान अपने चारों ओर कितने अनंत खोल बना डालता है- कुछ सच्चे कुछ झूठे|

 

कहीं ऐसा तो नहीं

न घर पर मालकिन मिली न उसका पति एक बूढ़ी सी नौकरानी ने बस इतना ही कहा, “कहीं नही जाता तेरा पति, आ जाएगा| कुछ समय सब्र रख|आखिर रोज-रोज, नए-नए गोश्त तलाशने वालों को कब तक रिझा पाएगा? ज्यादा टी-टिप्पण करेगी तो फिर कुछ नहीं कहा जा सकता” गले की खिरखिरी में मिठास घोलने का असफल प्रयास करते हुए बोली- “कुछ साल तपस्या कर ले,” और फिर गेट बन्द कर दिया|

“बताओ तो जीवरों! गृहस्थी की इस गाड़ी में जिधर भार ज्यादा होता है, औरत के हिस्से में उधर वाला पहिया ही क्यों आता है? लेकिन अब जुत गए हैं तो खींचनी ही पड़ेगी यह गाड़ी, अब कौन कैसे खींचता है?”

 

राक्षस

“हे बद्री विशाल मैं भी क्या करूँ? इस पापी के कर्मों ने मुझे भी पापी बना दिया है| जीना हराम कर दिया है| इंसान के कर्म ही तो उसके लिए दुआ या बद्दुआ का कारण बनते हैं और आज अगर एक पत्नी पति के लिए बद्दुआ माँग रही हो तो कारण” पति ‘परामेश्वर’ के लिए चाहे इस अहित का कारण मन को समझाने की कोशिश कर रही थी शायद, फिर खुद को सुधारते हुए बोली, “हे देव तुमसे क्या छिपा हुआ है न मेरे करम न इस राक्षस के, तू खुद ही न्याय करना|”

 

ध्वस्तीकरण

कुन्दन की बाघ से गुत्थमगुत्था चल ही रही थी कि मैंने हाथ पड़े ‘जांठे’ से ही उसकी कमर पर भरपूर वार किया|इस दोहरे आक्रमण से वह तिलमिला गया| एक पंजा मेरी पीठ पर मारकर वह यह जा वह जा| जब तक हल्ला सुनकर लोग आये तब तक वह तो रफूचक्कर हो गया था लेकिन कुन्दन तड़प-तड़प कर अपनी खोती साँसों की डोर पकड़ कर मुझसे दूर, कहीं बहुत दूर जा रहा था| मैंने कितनी कोशिश की, कितना रोका, कितनी कसमें दी उसे लेकिन वह तो पतंग बन बस उड़ता ही चला गया|” कहते-कहते आमा की आँखों से फिर आँसुओं की धार बह निकली|

और अब जब किसी तरीके से सड़क किनारे इस छप्पर में चूड़ी बिन्दी बेचकर जीवन की गाड़ी को धक्का लगाने की में है तो नेशनल हाईवे में हो रहे अतिक्रमण के नाम पर उनकी दुकान के ध्वस्तीकरण के लिए मुँह फैलाए खड़ा है यह काला-पीला राक्षस? “कितनी बार ध्वस्तीकरण करोगे मेरा?” उन कई सवालों में से मुख्य सवाल जैसे हवा में तैर गया नजरों से|

 

…..वाडू

“तुम नामर्द हो! बिल्कुल नामर्द! तुम्हारा बस तो सिर्फ मुझ बेचारी औरत पर ही चलता है| भाई के सामने तो तुम खड़े-खड़े मूतने लगते हो,” पत्नी के विष बुझे इन शब्दों ने सतीश के शरीर को ही नहीं प्राणों को भी छलनी कर दिया है|

छोटी वाली के चेहरे पर जहाँ उस चेहरे की शान्ति थी, जो अपने मन की भड़ास निकाल चुका हो और परिणाम की परवाह उसे नहीं| वहीं बड़ी वाली के चेहरे पर शान्ति थी सप्रयास भावों को दबाने की, जिसने उद्वेग को कठिनता से रोका हो और हल्की सी खेद की छाया भी| बूढ़े की आँखों में दुनिया की जितनी तस्वीरें थी उनमें इन दोनों चेहरों से मिलती-जुलती अनगिनत तस्वीरें भी थी| वह जानता है कि आज के इस दृश्य की पटकथा लेखिकाओं में उन दोनों का ही नाम है लेकिन पर्दे के पीछे रखना चाहती हैं दोनों ही अपने नामों को|

वह रो रहा है…! नहीं उसे अपने रोने की आवाज के साथ एक और व्यक्ति के रोने की आवाज सुनाई दी| यह आवाज उसके पिता की थी|उसके पिता की और उसकी आवाज गड्डमड्ड हो रही है और फिर एक और आवाज लेकिन यह रोने की आवाज नहीं है यह तो ठहाकों की आवाज है| गिरीश के ठहाकों की आवाज| नही! शायद खेत के बीचोंबीच खड़े ‘वाडू’ की आवाज| अनन्त काल से अट्ठाहस करता वह अदना सा पत्थर मनुष्य के अस्तित्व पर हँस रहा है| मुक्त कंठ से|

आँचलिक शब्दों की बुनावट संग, नारी संघर्ष, पलायन, नशा, आधुनिकता की अंधी दौड़, लोकजीवन की उठापटक को कहीं पर चुटिले अन्दाज में तो कहीं पर बहुत ही गंभीरता से पिरोया गया है|

………………………………….

समीक्षण – मोहन सिंह रौतेला, नौबाड़ा, द्वाराहाट,   पुस्तक – पहाड़ के बादल, लेखिका- अमिता प्रकाश
प्रकाशक- समय साक्ष्य प्रकाशन, देहरादून
पृष्ठ- 90
मूल्य- 120/-

RELATED ARTICLES

गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र हुआ लॉन्च

दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत गढ़वाली भाषा की फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र लॉन्च किया गया। कार्यक्रम के...

चुनौती : COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य

जलवायु संकट और भविष्य की चुनौती। COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य By - Ramesh Prasad इक्कीसवीं सदी में मानव सभ्यता जिस...

विज्ञान को आम पहुंच में लाने के सफल प्रयास कर रहे है प्रो० पंत

उत्तराखंड में R&D इकोसिस्टम के आर्किटेक्ट - प्रोफेसर दुर्गेश पंत। By - Prem Pancholi आज तक विज्ञान बड़ी बड़ी लैब का हिस्सा होता था। मगर प्रो०...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Latest Post

गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र हुआ लॉन्च

दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत गढ़वाली भाषा की फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र लॉन्च किया गया। कार्यक्रम के...

चुनौती : COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य

जलवायु संकट और भविष्य की चुनौती। COP30 से COP31 तक: पृथ्वी, पर्यावरण और किसानों का भविष्य By - Ramesh Prasad इक्कीसवीं सदी में मानव सभ्यता जिस...

विज्ञान को आम पहुंच में लाने के सफल प्रयास कर रहे है प्रो० पंत

उत्तराखंड में R&D इकोसिस्टम के आर्किटेक्ट - प्रोफेसर दुर्गेश पंत। By - Prem Pancholi आज तक विज्ञान बड़ी बड़ी लैब का हिस्सा होता था। मगर प्रो०...

प्रवासी सम्मेलन की तैयारी जोरो पर, होंगे अलग अलग सत्र – मुख्यमंत्री श्री धामी

13 नवम्बर को दून विश्वविद्यालय, देहरादून में आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्वयं की...

राज्योत्सव 27 : नरेन्द्र सिंह नेगी और हेमंत पाण्डेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार, पर्यावरणविद सुरेश भाई को उत्तराखंड गौरव सम्मान

- वर्ष 2024 एवं 2025 के लिए चयनित फिल्मों एवं कलाकारों को मिलेगा उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कार। - नरेन्द्र सिंह नेगी और हेमंत पाण्डेय को लाइफ...

पत्रकारों को धामी सरकार का दीपावली गिफ्ट, बढ़ेगी मान्यता और पेंशन

पत्रकारों को धामी सरकार का दीपावली गिफ्ट, बढ़ेगी मान्यता और पेंशन।। By - Santosh Bhatt मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण...

उत्तराखंड में लोकनीति, सुशासन, विधायी व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के भविष्य पर हुआ विमर्श।

By - Prem Pancholi भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए), उत्तराखंड चैप्टर की ओर से दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सहयोग से आज दून पुस्तकालय...

रमन रावत पोली को “उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान”

शिक्षिका और प्रसिद्ध उद्घोषक रमन रावत पोली को मिला उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान" डिस्कवर उत्तराखंड 24 न्यूज़ द्वारा कोटद्वार के टी सी जी पब्लिक स्कूल...

आपदा पर समीक्षा : त्वरित संपन्न हो आपदा के शेष कार्य

By - Prem Pancholi आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र जनजीवन सामान्य बनाने के निर्देश राज्य आपदा...

सुशील बौंठियाल : ‘दुनिया की ठांए-ठांए’ में निभाया संघर्षशील पिता का किरदार

उत्तराखंड के सुशील बौंठियाल की नई पारी, ‘दुनिया की ठांए-ठांए’ में निभाया संघर्षशील पिता का किरदार   उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के एक छोटे से...