कांग्रेस की आख़िरी उम्मीद गणेश गोदियाल !
2027 वही पा सकेगा, जहाँ नेतृत्व और संगठन एक ताल में चलेंगे
By – Avdhesh Nautiyal
कांग्रेस का सेनापति बनने के बाद से गणेश गोदियाल लगातार संगठन में नई ऊर्जा भरने और बिखरी टोली को एकजुट करने में जुटे हैं। मैदान में उनकी सक्रियता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बताता है कि वे केवल चेहरे के रूप में नहीं, बल्कि संगठन को पुनर्जीवित करने वाली भूमिका में सामने आए हैं। गणेश गोदियाल की ताजपोशी केवल औपचारिकता नहीं पार्टी के अस्तित्व को बचाने की अंतिम कोशिश है। गोदियाल वह दुर्लभ चेहरा हैं जिनपर कार्यकर्ता भी भरोसा करते हैं और नेतृत्व भी उन्हें गंभीरता से सुनता है। यही वजह है कि उन्हें “आख़िरी उम्मीद” कहा जा रहा है।
सेनापति के नेतृत्व में युद्ध सेना लड़ती है और कांग्रेस की इस सेना में कई क्षत्रप आज भी अपनी-अपनी राजनीतिक जागीरों में उलझे हैं, जहाँ पार्टी से ज़्यादा व्यक्तिगत राजनीति हावी रहती है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी जैसी प्रशिक्षित, संगठित और सतत सक्रिय मशीनरी के सामने केवल नाराज़गी का भाव पर्याप्त नहीं हो सकता।
2027 की जमीन पर खड़े होने के लिए कांग्रेस को संगठनात्मक पकड़, बूथ प्रबंधन, निरंतर संघर्ष और मुद्दों पर ठोस पकड़—इन चारों मोर्चों पर खुद को साबित करना होगा। गोदियाल इन कमियों को समझते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या उनकी टीम भी इन्हें स्वीकारकर बदलाव को तैयार है.?
गोदियाल की असली परीक्षा अब शुरू होती है—बिखरे चेहरों को जोड़ना, टिकटों का वितरण योग्यता के आधार पर करना, युवाओं को मंच देना और लड़ाई लड़ने लायक टीम खड़ी करना। इतिहास बताता है कि कांग्रेस में अच्छे नेता कई बार बुरी टीमों के कारण हारे हैं। इस बार पार्टी को आईना सिर्फ़ देखने के लिए नहीं, बल्कि अपनी पुरानी आदतें तोड़ने के लिए उठाना होगा।
ढुलमुल नेताओं को किनारे करना और संघर्षशील चेहरों को आगे लाना अब मजबूरी नहीं—जीत की अनिवार्यता है। गोदियाल पर किसी को संदेह नहीं, पर सवाल नेतृत्व का नहीं, नेतृत्व के पीछे खड़ी मानसिकता का है।
2027 का फैसला गोदियाल नहीं तय करेंगे, उसे तय करेगी वह कांग्रेस, जो उनके पीछे खड़ी होगी। आख़िरी उम्मीद किसी व्यक्ति का नहीं, पार्टी के खुद को बदलने के साहस का नाम है।







