
लाडी बेटुली एक गढ़वाली शब्द है। हिंदी पट्टी के लोग भी इस शब्द की भावना समझ रहे होंगे। अर्थात “लाडली बेटी” गीत का ही शीर्षक है। यह गीत प्रख्यात लोक गायक, जागर के मर्मज्ञ पद्मश्री डा० प्रीतम भरतवाण ने हाल ही में लॉन्च किया है।
विजय भारती के निर्देशन में आए “लाडी बेटी” चलचित्र में रमेश रावत और प्राची पंवार के अभिनय ने एक बारगी दर्शकों को रुला दिया है। दरअसल यह भावनात्मक गीत है जो “बेटी और परिवार” के बीच के भावनात्मक रिश्ते का बखूबी चरित चित्रण है।
गीत की पहली पंक्ति ही श्रोताओं, दर्शकों को सोचने के लिए विवश कर देता है। “लाडी बेटुली मेरी राजी रई, दुई घरु की बेटी लाज राखी”।। गायक बता रहे हैं कि मेरी प्रिय बेटी तुम्हारे ऊपर दोनों घरों के सम्मान की जिम्मेदारी है। इसलिए कि तुम्हारा व्यवहार ही दोनों घरों का परिचय प्रस्तुत करेगा। तुम बहुत महत्वपूर्ण हो। दोनों घरों यानि ससुराल और मायके का सम्मान तुम्ही जो हो।
गीत आगे बढ़ता है और बेटी, पिता मां आदि परिवार की उन यादों को सुर व संगीत में बांधकर यह जताने का सबल प्रयास है कि जो भी इस गीत को सुनेगा/सुनेगी, देखेगा/देखेगी वे उसी भाव में डूब जाएंगे। मानो उनके सामने उनकी बेटी ही है। यह भावनात्मक गीत जब आया तब से ऐसा महसूस होता है कि सच में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का असली गीत यही है, जो संजिंदा है।
हालांकि इससे पूर्व में भी डॉ० भरतवाण का “बेटी” को लेकर एक गीत और भी आया था, मगर अब के इस गीत ने जो लोगों के दिल में जगह बनाई वह तारीफेकबिल है। 4 मिनट 43 सेकेंड के इस गीत ने मात्र 80 घंटे में 8 हजार लाइक और एक लाख 80 हजार व्यूज पाए है।
कुलमिलाकर गीत की एक-एक पंक्तियां भावविभोर करती है। “मां कु दुलार, बाबा कु लाड़, पीठी कू भुला त्वे, बिसरी न जई।। “पता ही न चली कदी ज्वान होई तू, लिखी पढ़ी कैं सयाणी होई तू”।। जवान होती बेटी, लालन पालन और परवरिश का समय, स्कूल जाती बेटी, तो स्कूल से आकर मां के साथ हाथ बांटती बेटी के अलावा बेटी और परिवार का यह भावनात्मक रिश्ता बार बार उन परिवारों अथवा उन कपल को भी संदेश दे रहा है कि “यही सच में यही” सुंदर रिश्ता है।
यह भी कह सकते हैं कि जो इस गीत को सुनेगा/सुनेगी या देखेगा/देखेगी वह बदल जाएगा/जाएगी। यानि जिनके परिवार बिगड़ने के कई कारण हो सकते है उनके लिए यह गीत काउंसलिंग का कार्य कर रहा है। क्योंकि गीत दोनों पक्षों की भावना को चरित चित्रण कर रहा है।
यही नहीं गीत का संगीत भी बार बार प्रेरित करता है कि इस गीत को इत्मीनान से सुनो। युवा संगीतकार शैलू ने भी गीत को संगीत में बांधने के लिए बहुत मेहनत की है। गीत की अंतरा, टेक या फिलर आदि आदि तक संगीत पक्ष कही पर भी कमजोर नहीं है।

नोट – इस गीत को आप प्रीतम भरतवाण ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर जाकर देख सकते है।







